करीब 7 साल बाद गोविंदा ने 'रूपा' और 'दुनियादारी' के साथ मूवीज में वापसी का ऐलान किया। एक्टर ने कहा ये फिल्में युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश देंगी।
बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर गोविंदा ने आखिरकार अपने फिल्मी कमबैक का ऐलान कर दिया है। एक्टर जल्द ही 'रूपा' और 'दुनियादारी' में नजर आएंगे। इन फिल्मों में उनके साथ नई एक्ट्रेस रानी स्वर्णकार दिखाई देंगी, जबकि गोविंदा खुद भी इस प्रोजेक्ट के निर्माता हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने फिल्मों के विषय, अपने लंबे ब्रेक और युवाओं के लिए खास संदेश पर खुलकर बात की। गोविंदा का कहना है कि उनकी नई फिल्में सिर्फ मनोरंजन नहीं करेंगी, बल्कि नई पीढ़ी को आत्मविश्वास, अपनी पहचान और जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा भी देंगी।
Govinda Comeback: 7 साल बाद गोविंदा ने फिल्मों में वापसी का ऐलान किया
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोविंदा ने कहा, "अब मैं पूरी तरह तैयार हूं। अगली मुलाकात में पूरी स्टारकास्ट से भी मिलवाएंगे। दर्शकों को उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कई नए चेहरे देखने को मिलेंगे।" उन्होंने बताया कि इस बार वह नए कलाकारों को बड़ा मंच देना चाहते हैं। गोविंदा ने कहा, "'रूपा' और 'दुनियादारी' दोनों अलग तरह की फिल्में होंगी, जिन्हें खासतौर पर युवाओं के लिए बनाया गया है। युवा बहुत उम्मीदों के साथ शुरुआत करते हैं, लेकिन कई बार रास्ता भटक जाते हैं। इस फिल्म में मैं माया का वह पहलू दिखाऊंगा जिसे हम समझ सकें। युवा भीड़ में खोए हुए महसूस न करें, बल्कि आत्मविश्वासी रहें और अपनी जड़ों से जुड़े रहें।"
यह भी पढ़ें : गोविंदा की बीवी सुनीता आहूजा ने 15 दिन में ही छोड़ा 'लॉक अप 2', 'बिग बॉस' को लेकर लिया यह फैसला!
Govinda ने अपने करियर और जिंदगी को लेकर क्या कहा?
एक्टर ने कहा, "जब मैं फिल्मों में काम करता हूं तो दुनिया हैरान रह जाती है कि मैं यहां तक कैसे पहुंचा। मुझे किसी चीज़ का डर नहीं है। मैं सच बोलने से नहीं डरता। मुझे पहले ही बहुत कुछ महसूस हो जाता है। मैं सच कहता हूं, लेकिन लोग उस पर भरोसा नहीं करते। कुछ लोग तो मुझे उल्टा-सीधा भी कहते हैं।"
Govinda की नई फिल्मों में कौन होगी हीरोइन?
'रूपा' में गोविंदा के साथ नई एक्ट्रेस रानी स्वर्णकार नजर आएंगी। एक्टर ने बताया कि फिल्म में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कई नए कलाकारों को भी मौका मिलेगा। पूरी स्टारकास्ट का आधिकारिक ऐलान अगली प्रेस मीट में किया जाएगा। गोविंदा पिछली बार साल 2019 में रिलीज हुई 'रंगीला राजा' में डबल रोल में नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने 'नाम था कन्हैयालाल' डॉक्यूमेंट्री में काम किया। पिछले सात सालों से वह फिल्मों से दूर थे। इससे पहले वह 'फ्राइडे', 'आ गया हीरो', 'हे ब्रो', 'हैप्पी एंडिंग', 'किल दिल', 'दीवाना मैं दीवाना' और 'दिल्ली सफारी' जैसी फिल्मों में दिखाई दिए थे।
यह भी पढ़ें : गोविंदा से अलग दूसरे घर में क्यों रहती हैं पत्नी सुनीता? 'लॉकअप 2' में हुआ असली वजह का खुलासा
क्या गोविंदा के परिवार की भी होने वाली है फिल्मी एंट्री?
गोविंदा के परिवार से भी जल्द नए चेहरे फिल्मों में नजर आने वाले हैं। उनकी पत्नी सुनीता आहूजा और बेटे यशवर्धन आहूजा भी जल्द फिल्मों में डेब्यू करेंगे। दोनों एकता कपूर के प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनने वाले हैं।
