‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस सफलता ने आयुष्मान खुराना का ध्यान भी खींचा है। FICCI Frames में उन्होंने फिल्म और ‘ऑब्सेशन’ का उदाहरण देते हुए कम बजट में दर्शकों से जुड़ने वाले सिनेमा की बात कही।
‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) 2 करोड़ बजट में बनी मूवी पिछले कई महीने से पर्दे पर धमाल मचा रही है। कई बड़े बजट और सितारों से भरी मूवी इस बीच आई और चली गई, पर यह मूवी रिलीज के 54वें दिन भी टिकी हुई है। इस फिल्म ने दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म की बंपर सफलता पर अब एक्टर आयुष्मान खुराना ने भी बात की है। FICCI Frames 2026 में उन्होंने ‘हनुमान अंश’ और ‘ऑब्सेशन’ का उदाहरण देते हुए बताया कि आज के दौर में फिल्मों के लिए क्या चीज सबसे ज्यादा मायने रखती है।
आयुष्मान ने बताई ‘हनुमान अंश’ की सफलता की वजह
आयुष्मान खुराना ने FICCI Frames के ‘Cinema at Crossroads – The Rules of the Big Screen’ सेशन में छोटे बजट की फिल्मों की सफलता पर बात की। उन्होंने ‘हनुमान अंश’ और ‘ऑब्सेशन’ को दो अलग दुनिया की फिल्में बताते हुए कहा कि इंडस्ट्री को ऐसी फिल्में बनाने की जरूरत है, जो बजट के मामले में व्यावहारिक हों और दर्शकों से बेहतर कनेक्ट कर सकें।
थिएट्रिकल सफलता के लिए बड़े स्टार या बजट की नहीं जरूरत
आयुष्मान के मुताबिक, किसी फिल्म की थिएट्रिकल सफलता के लिए सिर्फ बड़ा स्टार या बड़ा बजट जरूरी नहीं है। कहानी, उसकी प्रामाणिकता और दर्शकों से कनेक्शन अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह हमेशा मानते आए हैं कि फिल्म में स्टार से बड़ी उसकी कहानी होनी चाहिए।
शुरुआत धीमी थी, फिर बदला पूरा गेम
‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर बेहद धीमी रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन करीब 10 लाख रुपये कमाए। लेकिन रिलीज के शुरुआती दौर के बाद दर्शकों की रिएक्शन और वर्ड ऑफ माउथ के चलते फिल्म की कमाई में तेजी आती गई। फिल्म ने तीन हफ्ते पूरे करने के बाद रफ्तार पकड़नी शुरू की और चौथे वीकेंड में इसकी कमाई में खास उछाल देखने को मिला। इसके बाद फिल्म लगातार सिनेमाघरों में बनी रही।
2 करोड़ की फिल्म पहुंची 400 करोड़ के पार
‘हनुमान अंश’ का निर्माण करीब 1.75 से 2 करोड़ रुपये के बजट में हुआ बताया जाता है। वहीं फिल्म अब दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है। यह फिल्म आध्यात्मिक गुरु नीब करौरी बाबा के जीवन से प्रेरित है। कहानी लक्ष्मण दास के आध्यात्मिक सफर और आगे चलकर नीब करौरी बाबा के रूप में उनकी पहचान बनने की यात्रा पर केंद्रित है। फिल्म में शोभिनव सत्य ने मुख्य भूमिका निभाई है और इसका निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है।
और पढ़ें: अमित शाह से मिली 'हनुमान अंश' की टीम, अगली फिल्म 'रामबोला' को लेकर क्या हुई बात?
आयुष्मान के लिए क्यों खास है ऐसी फिल्म?
आयुष्मान खुराना खुद भी ऐसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, जिनमें कहानी और विषय को खास महत्व दिया गया है। ‘विक्की डोनर’, ‘दम लगा के हईशा’, ‘बरेली की बर्फी’, ‘अंधाधुन’ और ‘बधाई हो’ जैसी फिल्मों ने उनके करियर में अलग पहचान बनाई।
और पढ़ें: 'हनुमान अंश' की कमाई 400 करोड़ पार, 52वें दिन फिर मचाई बॉक्स ऑफिस पर ग़दर!
