‘हनुमान अंश’ की कामयाबी ने इसके एक्टर चंदन आनंद के लिए भी नए मौके खोल दिए हैं। फिल्म के बाद उन्हें सलमान खान की अगली फिल्म ‘मॉन्सटर’ में अहम किरदार मिला है।
कभी-कभी करियर में एक ऐसा मौका मिल जाता है, जो आगे की पूरी राह बदल देता है। ‘हनुमान अंश’ साइन करते वक्त शायद चंदन आनंद ने भी नहीं सोचा होगा कि यह फिल्म उन्हें इतनी बड़ी पहचान दिलाएगी। लेकिन फिल्म की लगातार मजबूत होती कामयाबी ने उनके लिए इंडस्ट्री के नए दरवाजे खोल दिए हैं। खास बात यह है कि अब वह सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। अपनी अगली फिल्म को लेकर चंदन ने खुद जानकारी साझा की है और बताया है कि ‘हनुमान अंश’ से मिली कामयाबी उनके अब तक के एक्टिंग करियर में बेहद खास रही है।
चंदन आनंद की ‘मॉन्सटर’ में एंट्री
‘हनुमान अंश’ में डॉक्टर राम नंदन भोसले का किरदार निभाने वाले चंदन आनंद अब सलमान खान की फिल्म ‘मॉन्सटर’ का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने दैनिक जागरण से खास बातचीत में अपनी अगली फिल्म की पुष्टि की है। फिल्म का निर्देशन वामशी पेड्डिपल्ली कर रहे हैं। चंदन आनंद ने अपनी सफलता और अगली फिल्म को लेकर कहा,
फिलहाल मैं फिल्म ‘हनुमान अंश’ की जबरदस्त सक्सेस को इंजॉय कर रहा हूं। सही मायने में कहूं तो मैंने जब से एक्टिंग शुरू की है, तब से लेकर अब तक असली कामयाबी मुझे ‘हनुमान अंश’ फिल्म के जरिए ही मिली है। सभी की तरफ से खूब प्यार मिल रहा है। मैं चाहता हूं कि ऐसा ही प्यार मुझे मेरी अगली फिल्म के लिए भी मिले, जो कि सलमान खान की ‘मॉन्सटर’ है।
सलमान खान की मॉन्स्टर में कैसा होगा रोल?
चंदन आनंद की पुष्टि के बाद यह साफ है कि वह वामशी पेड्डिपल्ली के निर्देशन में बन रही ‘मॉन्सटर’ का हिस्सा हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में उनका रोल भले ही छोटा हो, लेकिन कहानी के लिहाज से इसे अहम बताया जा रहा है। यानी स्क्रीन टाइम सीमित होने के बावजूद उनका किरदार फिल्म के नैरेटिव में अपनी जगह रखेगा।
'हनुमान अंश' सक्सेस स्टोरी
चंदन आनंद के लिए ‘हनुमान अंश’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि करियर में बदलाव लाने वाला प्रोजेक्ट बनकर सामने आया है। फिल्म की कामयाबी के साथ उन्हें दर्शकों के बीच पहचान मिली और इंडस्ट्री में भी उनके काम की चर्चा बढ़ी। अब सलमान खान स्टारर फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए अगला बड़ा कदम माना जा रहा है। चंदन आनंद खुद मानते हैं कि ‘हनुमान अंश’ के बाद उन्हें वह पहचान और शोहरत मिली, जिसका असर उनके अगले प्रोजेक्ट पर भी दिखाई दे रहा है। एक छोटे बजट की फिल्म से शुरू हुआ यह सफर अब सलमान खान जैसे बड़े स्टार की फिल्म तक पहुंच चुका है। उनके लिए यह बदलाव बताता है कि किसी प्रोजेक्ट की सफलता कलाकारों के लिए नए मौके पैदा कर सकती है।
कौन हैं चंदन आनंद?
चंदन आनंद टीवी और फिल्म एक्टर हैं। उन्होंने टीवी पर 'ये प्यार न होगा कम', 'प्रेम या पहेली : चंद्रकांता', 'मीत बदलेगी दुनिया की रीत' और 'हस्तिनापुर के वीर' जैसे सीरियल्स में काम किया है। फिल्मों में उन्हें 'खलीफा', 'लव आज कल', 'द बॉडी', 'गुंजन सक्सेना' और 'देवा' जैसी फिल्मों में देखा जा चुका है। वे 'रंगबाज़' और 'कैम्पस बीट्स' जैसी सीरीज में भी दिखे हैं। ‘हनुमान अंश’ बीते 17 साल में उनकी पहली सफल फिल्म है। इससे पहले 2009 में आई ‘;अव आज कल’ सफल रही थी।
'मॉन्स्टर' के बारे में
'मॉन्स्टर' का निर्देशन वामशी पेड्डिपल्ली कर रहे हैं। फिल्म में सलमान खान के अलावा नयनतारा, अभिमन्यु सिंह, अनिल कपूर. जैकी श्रॉफ, राजपाल यादव जैसे कलाकारों के होने की भी चर्चा है। फिल्म 10 मार्च 2027 को रिलीज हो सकती है।
