'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। आयुष्मान खुराना और शरवरी की फिल्म में शादी, प्यार और रिश्तों को लेकर नई सोच देखने को मिलेगी।
Yeh Prem Mol Liya Trailer Release: सूरज बड़जात्या की आने वाली फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर बुधवार 18 नवंबर को रिलीज कर दिया गया है। आयुष्मान खुराना और शरवरी स्टारर यह फिल्म एक पारिवारिक कहानी लेकर आ रही है। ट्रेलर में निर्देशक सूरज बड़जात्या का वही पारिवारिक अंदाज देखने को मिलता है, जिसके लिए वह जाने जाते हैं। हालांकि, इस बार कहानी में एक आधुनिक सोच और रिश्तों को लेकर नया नजरिया भी शामिल किया गया है।
फिल्म में आयुष्मान खुराना प्रेम मिश्रा का किरदार निभा रहे हैं, जबकि शरवरी पूर्वा सोलंकी की भूमिका में नजर आएंगी। ट्रेलर की शुरुआत एक गंभीर माहौल से होती है। इसमें प्रेम बताता है कि उसके पिता वेद मिश्रा (अनुपम खेर) ने उसकी होने वाली पत्नी पूर्वा के परिवार के खिलाफ केस कर दिया है। इसके बाद कहानी दर्शकों को पूर्वा के परिवार और उसकी जिम्मेदारियों से रूबरू कराती है।
'ये प्रेम मोल लिया' के ट्रेलर में क्या है खास?
- ट्रेलर में 'सोलंकी निवास' की झलक दिखाई जाती है, जहां 6 महिलाएं रहती हैं। पूर्वा और उसके माता-पिता पर इन सभी की देखभाल की जिम्मेदारी है। ऐसे में पूर्वा के लिए शादी के बाद अपना घर छोड़कर दूसरे परिवार में जाना आसान नहीं है।
- पूर्वा की इस परेशानी को समझते हुए प्रेम एक अलग प्रस्ताव रखता है। वह फैसला करता है कि शादी के बाद लड़की की जगह लड़का यानी वह खुद अपनी पत्नी के घर जाकर रहेगा। यहीं से दो लोगों की शादी के साथ-साथ दो परिवारों के जुड़ने की दिलचस्प कहानी शुरू होती है।
आयुष्मान खुराना का आधुनिक प्रेम, पुरानी परंपराओं को देगा चुनौती
- सूरज बड़जात्या की इस फिल्म में प्रेम का किरदार पारंपरिक सोच से अलग नजर आता है। वह सिर्फ पूर्वा से शादी नहीं करना चाहता, बल्कि उसकी जिम्मेदारियों और परिवार को भी अपनाने के लिए तैयार है।
- फिल्म के जरिए शादी के बाद लड़की के घर छोड़ने की पुरानी परंपरा पर सवाल उठाया गया है। कहानी यह संदेश देती है कि रिश्तों में जिम्मेदारी सिर्फ लड़की की नहीं होती। अगर प्यार सच्चा है, तो दोनों को एक-दूसरे की परिस्थितियों और परिवार का सम्मान करना चाहिए।
- फिल्म में बहू को परिवार का सौभाग्य बताया गया है, जबकि दामाद को भी एक जिम्मेदारी के रूप में पेश किया गया है। इस तरह कहानी रिश्तों में बराबरी और आपसी समझ का सकारात्मक संदेश देती है।
'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' की याद दिलाता है ट्रेलर
- 'ये प्रेम मोल लिया' के ट्रेलर में कुछ ऐसे पल भी हैं, जो करण जौहर की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' की याद दिलाते हैं। उस फिल्म में रॉकी और रानी ने अपनी शादी के लिए दोनों परिवारों को मनाने के मकसद से एक-दूसरे के घरों में समय बिताया था।
- हालांकि, सूरज बड़जात्या की इस फिल्म में कहानी का नजरिया थोड़ा अलग है। यहां प्रेम अपनी होने वाली पत्नी के घर जाकर रहने का फैसला करता है। इसके जरिए वह शादी के बाद सिर्फ लड़की के घर छोड़ने की परंपरा को चुनौती देता है। फिल्म का यह विचार इसे एक खास पारिवारिक कहानी बनाता है।
हिमेश रेशमिया के संगीत ने बढ़ाया ट्रेलर का आकर्षण
- फिल्म के ट्रेलर में हिमेश रेशमिया का संगीत भी सुनने को मिलता है। उनका संगीत कहानी के माहौल को और प्रभावशाली बनाता है। पारिवारिक रिश्तों, प्यार और भावनाओं से जुड़ी इस कहानी में संगीत अहम भूमिका निभाता नजर आता है।
- ट्रेलर का अंत भी एक खास डायलॉग के साथ होता है। इसमें प्रेम कहता है, "इतना भी नहीं किया, तो क्या प्यार किया।" यह डायलॉग फिल्म की पूरी सोच को सामने रखता है कि प्यार सिर्फ साथ रहने का नाम नहीं, बल्कि एक-दूसरे की जिम्मेदारियों और परिवार को अपनाने का भी नाम है।












