शरद कपूर ने अपनी सेहत, मुश्किल दौर और फिल्मों में कमबैक पर बात की। बोले- मुझे आर्थिक मदद नहीं, सिर्फ काम चाहिए। सलमान खान की टीम ने भी किया संपर्क।
Sharad Kapoor Latest News: सोशल मीडिया पर हाल ही में सामने आए एक वीडियो के बाद अभिनेता शरद कपूर ने अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर, सेहत और फिल्मी करियर में वापसी को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि अब उनकी तबीयत पहले से बेहतर है और वह जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर काम पर लौटना चाहते हैं। इस मुश्किल समय में फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग उनके साथ खड़े हैं और उनकी मदद कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने मदद के नाम पर होनेवाली धोखाधड़ी को लेकर लोगों को आगाह भी किया।
NDTV को दिए एक इंटरव्यू में शरद कपूर ने हेमा चौधरी, कुनिका और सोनू सूद का खास तौर पर शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के लोगों का प्यार और सहयोग उन्हें दोबारा खड़े होने की हिम्मत दे रहा है। अभिनेता के मुताबिक, इन लोगों ने खुद आगे आकर उनकी मदद की है। इसके साथ ही उन्होंने शरद कपूर के नाम पर चंदा मांगने वाले लोगों से सावधान रहने को भी कहा है।
शरद कपूर की भावुक अपील
इंटरव्यू में शरद कपूर ने उनके नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों को लेकर भी चेतावनी दी। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें किसी तरह की आर्थिक मदद की जरूरत नहीं है। इसलिए अगर कोई व्यक्ति उनके नाम पर चंदा मांगता है, तो उसे पैसे न दें। अभिनेता ने इसे धोखाधड़ी बताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर कोई दान करना चाहता है, तो पहले पूरी जानकारी की जांच करे और फिर अपनी पसंद के किसी अच्छे काम के लिए पैसे दे। लेकिन उनके नाम पर किसी को भी पैसे न दिए जाएं।
अस्पताल में होंगे मेडिकल टेस्ट, 10 दिन में ठीक होने की उम्मीद
अपनी सेहत के बारे में शरद कपूर ने बताया कि उन्हें आगे के इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल जाना है। उन्होंने कहा कि हेमा जी और दूसरे लोगों के सहयोग से वह जरूरी मेडिकल टेस्ट और इलाज करवाएंगे। उन्हें उम्मीद है कि करीब 10 दिनों में वह पूरी तरह ठीक होकर वापस लौट आएंगे। शरद ने 'बेजुबान' संस्था के काम की भी तारीफ की। उन्होंने लोगों से इस संस्था को सहयोग देने की अपील की। साथ ही सरकार से आग्रह किया कि वह हेमा जी और जानवरों के लिए काम करने वाले अन्य लोगों की मदद के लिए आगे आए। शरद के मुताबिक, संस्था बहुत अच्छा काम कर रही है और ऐसे प्रयासों को समर्थन मिलना चाहिए।
3-4 साल न्यूयॉर्क में रहे शरद कपूर, अब फिल्मों में करेंगे वापसी
- शरद कपूर ने अपने फिल्मी करियर में आए लंबे ब्रेक की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब वह खुद फिल्मों में काम करने के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थे।
- उनका काम करने का मन नहीं करता था। इसी वजह से उन्होंने भारत छोड़कर न्यूयॉर्क जाने का फैसला किया, जहां वह करीब तीन से चार साल तक रहे।
- अब अभिनेता सकारात्मक सोच के साथ वापस लौटे हैं और दोबारा फिल्मों में काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि दर्शक भी उन्हें पर्दे पर फिर से देखना चाहते हैं।
- इंडस्ट्री के कई लोगों ने उन्हें वापसी के लिए प्रोत्साहित किया है। कुछ प्रोड्यूसर्स ने भी उनके साथ काम करने में दिलचस्पी दिखाई है।
- शरद ने बताया कि उन्हें कई लोगों के फोन आए हैं, जिनमें सलमान खान की टीम भी शामिल है।
मैंने काम करने का उत्साह खो दिया था- शरद कपूर
- जब शरद से पूछा गया कि उन्हें इस समय किस तरह की मदद चाहिए, तो उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ काम चाहिए।
- उन्होंने बताया कि जिंदगी के मुश्किल दौर का असर उनके मूड और काम करने की इच्छा पर पड़ा था। धीरे-धीरे उनका उत्साह खत्म हो गया था।
- अपने पुराने बयान 'ईश्वर ने सब कुछ छीन लिया है' का मतलब समझाते हुए उन्होंने कहा कि उनका इशारा काम करने की इच्छा और उत्साह खोने से था।
- हालांकि, अब इंडस्ट्री के लोगों ने उन्हें दोबारा शुरुआत करने का हौसला दिया है। शरद का मानना है कि अगर ईश्वर कुछ छीन सकता है, तो उसे वापस भी दे सकता है।












