‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस सफर 33वें दिन भी चर्चा में है। पांचवें हफ्ते में फिल्म की कमाई ने ऐसा ट्रेंड दिखाया है, जिसने मेकर्स और दर्शकों का ध्यान खींचा है।

आध्यात्मिक ड्रामा ‘हनुमान अंश’ सिनेमाघरों में उम्मीद से ज्यादा लंबा सफर तय कर रही है। रिलीज के बाद शुरुआती दिनों में इसकी कमाई भले ही धीमी रही, लेकिन तीसरे और खासकर चौथे हफ्ते में फिल्म ने जोरदार पकड़ बनाई। अब पांचवें हफ्ते में भी इसकी कमाई के आंकड़े लगातार सामने आ रहे हैं। सैकनिल्क की ताजा ट्रैकिंग के मुताबिक, 33वें दिन फिल्म ने फिर ग्रोथ ली और बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। फिल्म की कमाई 150 करोड़ के आंकड़े से थोड़ी सी पीछे रह गई है। 6,322 शोज के जरिए 7.51 करोड़ रुपए कमाए हैं और ऑक्यूपेंसी 43 फीसदी रही। हालांकि, दिन का फाइनल कलेक्शन अभी आना बाकी है। आइए जानते हैं फिल्म के अब तक के बॉक्स ऑफिस सफर और कमाई का पूरा हिसाब।

हनुमान अंश की 33वें दिन की कमाई कितनी हुई?

‘हनुमान अंश’ ने 33वें दिन यानी पांचवें मंगलवार को लगभग 11 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। यह 32वें दिन (5वें सोमवार) की कमाई (10 करोड़ रुपए) के मुकाबले लगभग 10 फीसदी ज्यादा है। भारत में फिल्म की नेट कमाई 143.13 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 169.20 करोड़ रुपए पहुंच गया है। माना जा रहा है कि 5वें बुधवार को यह फिल्म भारत में नेट कलेक्शन के मामले में 150 करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर सकती है।

यह भी पढ़ें :'हनुमान अंश' ने फिर तोड़ा 'धुरंधर' का घमंड, 5वें सोमवार '2 गुना' कमा नं. 1 की गद्दी से हटाया

'हनुमान अंश' ने अक्षय कुमार ‘वेलकम 3’ को पछाड़ा

कमाई के मामले में ‘हनुमान अंश’ ने अक्षय कुमार की 'वेलकम 3' यानी ‘वेलकम टू द जंगल’ को पीछे छोड़ दिया है, जिसने लाइफटाइम 134 करोड़ रुपए कमाए थे। अब हनुमान अंश 2026 में छठी सबसे कमाऊ बॉलीवुड फिल्म है। ये हैं इस साल की 6 सबसे कमाऊ फ़िल्में:-

  1. धुरंधर 2 द रिवेंज : 1,081 करोड़ रुपए
  2. बॉर्डर 2 : 329 करोड़ रुपए
  3. भूत बंगला : 182 करोड़ रुपए
  4. धमाल 4 : 168 करोड़ रुपए
  5. आवारापन 2 : 150 करोड़ रुपए
  6. हनुमान अंश : 143.13 करोड़ रुपए

33वें दिन 'हनुमान अंश' की ऑक्यूपेंसी कैसी रही?

पांचवें सोमवार को 'हनुमान अंश' का प्रदर्शन देशभर में लगभग 7,778 शोज में किया गया और फिल्म की ओवरऑल ऑक्यूपेंसी 48.04 फीसदी रही। शो टाइम वाइज ऑक्यूपेंसी नीचे देख सकते हैं :-

  • सुबह के शोज : 19.08%
  • दोपहर के शोज : 45.62%
  • शाम के शोज: 56.62%
  • रात के शोज : 70.85%

हनुमान अंश की पहले हफ्ते की कमाई कितनी रही?

फिल्म ने पहले दिन 10 लाख रुपए से शुरुआत की। दूसरे दिन 20 लाख और तीसरे दिन 30 लाख रुपए आए। इसके बाद पहले हफ्ते का कुल कलेक्शन 1.08 करोड़ रुपए रहा। दूसरे हफ्ते में फिल्म ने 40 लाख रुपए कमाए, यानी शुरुआती रफ्तार काफी सीमित रही। तीसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई अचानक बढ़ी और कलेक्शन 10.40 करोड़ रुपए पहुंच गया। इसके बाद चौथा हफ्ता सबसे मजबूत रहा, जिसमें फिल्म ने 61 करोड़ रुपए जुटाए। यही उछाल फिल्म के बॉक्स ऑफिस सफर को नई रफ्तार देने वाला साबित हुआ।

यह भी पढ़ें :'हनुमान अंश' के वायरल गाने 'पार्वती' के बोल क्या हैं? इसमें आए शब्दों का मतलब भी जानिए

हनुमान अंश ने 29वें से 32वें दिन कितना कमाया?

पांचवें हफ्ते में 29वें दिन फिल्म ने 10 करोड़, 30वें दिन 16.50 करोड़, 31वें दिन 22.75 करोड़ और 32वें दिन 10 करोड़ रुपए कमाए। 33वें दिन अब तक 11 करोड़ रुपए जुड़ चुके हैं। सिर्फ 4 दिन में ही इस फिल्म ने चौथे हफ्ते के कलेक्शन (61 करोड़) को पीछे छोड़ते हुए 70.25 करोड़ रुपए कमा लिए है। यदि यह रफ़्तार बरक़रार रही तो अकेले 5वें हफ्ते में यह 100 करोड़ के आकंडे के बेहद करीब पहुंच सकती है।

हनुमान अंश की कहानी क्या है और कौन हैं कलाकार?

विशाल चतुर्वेदी की लिखी और निर्देशित यह फिल्म नीम करोली बाबा यानी महाराज जी के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरित आध्यात्मिक ड्रामा है। शोभिनव सत्य ने नीम करोली बाबा का किरदार निभाया है, जबकि विहान शेडगे कहानी के दूसरे दौर में महाराज जी बने हैं। फिल्म में चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई थी। 11 सितम्बर को यह फिल्म ओवरसीज मार्केट में रिलीज की जा रही है।