‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी किस्मत पलट दी है। छठे हफ्ते में फिल्म की रफ्तार ने ट्रेड और दर्शकों, दोनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। जानिए छठे रविवार की कमाई।

डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी की डिवोशनल ड्रामा फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार चौंकाने वाला प्रदर्शन कर रही है। नीम करोली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित यह फिल्म शुरुआत में भले ही धीमी रही, लेकिन बाद के हफ्तों में इसकी कमाई ने पूरी तस्वीर बदल दी। शोभिनव सत्य की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म को दर्शकों से मिले सपोर्ट का असर अब साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। 7 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म ने लंबी रेस में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। खास बात यह है कि फिल्म अब छठे हफ्ते में पहुंच चुकी है और रविवार की कमाई ने इसके बॉक्स ऑफिस सफर को और खास बना दिया है।

हनुमान अंश डे 38 बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

‘हनुमान अंश’ ने अपने छठे रविवार यानी 38वें दिन 22.50 करोड़ रुपए का शानदार कलेक्शन किया है। रविवार की इस कमाई के साथ फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन बढ़कर 214.63 करोड़ रुपए हो गया है। यानी जिस फिल्म ने सिनेमाघरों में बेहद मामूली शुरुआत की थी, वही अब 200 करोड़ क्लब में मजबूती से अपनी जगह बना चुकी है। 38वें दिन भी इतनी बड़ी कमाई फिल्म की असाधारण पकड़ को दिखाती है।

हनुमान अंश की हफ्तेवार कमाई

फिल्म का शुरुआती सफर काफी धीमा रहा था। पहले हफ्ते में इसकी कमाई सिर्फ 1.08 करोड़ रुपए रही, जबकि दूसरे हफ्ते में फिल्म ने 40 लाख रुपए जोड़े। तीसरे हफ्ते से दर्शकों का रुझान बदलता नजर आया और फिल्म ने 10.40 करोड़ रुपए कमाए। इसके बाद चौथे हफ्ते में फिल्म ने अचानक बड़ी छलांग लगाते हुए 61 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। पांचवें हफ्ते में भी रफ्तार थमी नहीं और फिल्म ने 90.25 करोड़ रुपए का जबरदस्त कारोबार किया। छठे शुक्रवार को फिल्म ने 10.50 करोड़ रुपए. छठे शनिवार को 18.50 करोड़ रुपए और छठे रविवार को 22.50 करोड़ रुपए कमाए। यानी छठे वीकेंड में फिल्म का कलेक्शन 51.5 करोड़ रुपए कूट चुकी है।

हनुमान अंश की वर्ल्डवाइड कमाई

भारत में शानदार कारोबार के साथ शोभिनव सत्य स्टारर फिल्म ने दुनियाभर में भी मजबूत पकड़ बनाई है। 11 सितम्बर को फिल्म को विदेशी मार्केट में उतारा गया। 38वें दिन इस फिल्म ने ओवरसीज में 5 करोड़ रुपए कमाए। इसके चलते विदेशों में टोटल ग्रॉस कलेक्शन 14.50 करोड़ रुपए पहुंच गया है। भारत और विदेशों के ग्रॉस कलेक्शन को मिलाने के बाद ‘हनुमान अंश’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 268.05 करोड़ रुपए हो गया है।