विशाल चतुर्वेदी की ‘हनुमान अंश’ को कभी थिएटर्स से जल्द हटाने की तैयारी थी, लेकिन वर्ड ऑफ माउथ ने किस्मत पलट दी। 45वें दिन भी फिल्म की कमाई ने सबको चौंका दिया है।

विशाल चतुर्वेदी की फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर ऐसा खेल दिखा रही है, जिसकी उम्मीद शायद रिलीज के शुरुआती दिनों में किसी ने नहीं की थी। नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित यह फिल्म शुरुआत में दर्शकों के बीच खास पकड़ नहीं बना सकी और इसके जल्द थिएटर्स से बाहर होने की नौबत आ गई थी। लेकिन फिर पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ, सोशल मीडिया रील्स और दर्शकों की बढ़ती दिलचस्पी ने कहानी पूरी तरह बदल दी। अब फिल्म ने सिनेमाघरों में 45 दिन पूरे कर लिए हैं और इसकी ताजा कमाई सामने आते ही बॉक्स ऑफिस पर इसकी रफ्तार फिर चर्चा में है।

45वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने कितना कमाया?

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने 45वें दिन यानी सातवें रविवार को लगभग 13.75 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। यह सातवें शनिवार की कमाई (लगभग 9.75 करोड़ रुपए) के मुकाबले लगभग 41 फीसदी ज्यादा है। इसके साथ भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 271.88 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 321.05 करोड़ रुपए बताया गया है। इतने लंबे रन के बाद भी फिल्म का सिनेमाघरों में टिके रहना इसकी मौजूदा पकड़ को दिखाता है।

कैसे करोड़ों तक पहुंची फिल्म

‘हनुमान अंश’ की सबसे दिलचस्प कहानी इसकी कमाई के उतार-चढ़ाव में छिपी है। पहले हफ्ते में 1.08 करोड़ रुपए कमाने के बाद दूसरे हफ्ते में फिल्म सिर्फ 40 लाख रुपए कमा पाई थी। हालात ऐसे थे कि इसे एक हफ्ते बाद ही थिएटर्स से हटाए जाने की बात सामने आ रही थी। लेकिन तीसरे हफ्ते से दर्शकों की प्रतिक्रिया ने फिल्म को नई रफ्तार दे दी और कलेक्शन बढ़कर 10.40 करोड़ रुपए हो गया।

वर्ड ऑफ माउथ के साथ सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी रील्स वायरल होने लगीं। इससे फिल्म उन दर्शकों तक पहुंची, जो शुरुआती दौर में इसे देखने नहीं पहुंचे थे। इसके बाद चौथे हफ्ते का कलेक्शन 61 करोड़ रुपए और पांचवें हफ्ते में 90.25 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। छठे हफ्ते में फिल्म ने 80.25 करोड़ रुपए का कारोबार किया। 7वें हफ्ते के शुरुआती 3 दिन यानी वीकेंड में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन लगभग 28.5 करोड़ रुपए हो गया है। यह 'धुरंधर' को पछाड़ 7वें हफ्ते में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। जबकि इसे हफ्ता पूरा करने के लिए अभी 4 दिन शेष हैं।

7वें हफ्ते में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 फ़िल्में

  1. हनुमान अंश : 28.5 करोड़ रुपए
  2. धुरंधर : 16.25 करोड़ रुपए
  3. कांतारा : 16.21 करोड़ रुपए
  4. स्त्री 2 : 11.64 करोड़ रुपए
  5. छावा : 7 करोड़ रुपए

‘टॉक्सिक’ से लेकर ‘मिर्जापुर द मूवी’ तक टक्कर

लंबे समय से थिएटर्स में मौजूद ‘हनुमान अंश’ की भिड़ंत अब कई बड़ी फिल्मों से हो रही है। फिल्म ‘टॉक्सिक’ और 'मिर्ज़ापुर द मूवी' दोनों से ज्यादा कमाई कर रही है। इन दोनों फिल्मों का कलेक्शन क्रमशः 249.80 करोड़ रुपए और 215.70 करोड़ रुपए हुआ है। इसके अलावा हाल ही में करीना कपूर की ‘दायरा’ और कुणाल खेमू की ‘वाइब’ भी रिलीज हुईं, लेकिन उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक उनका प्रदर्शन अभी ‘हनुमान अंश’ की मौजूदा रफ्तार जैसा नजर नहीं आया है।

क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी?

फिल्म की कहानी स्वतंत्रता-पूर्व भारत में रहने वाले लक्ष्मी नारायण नाम के एक युवा के इर्द-गिर्द घूमती है। मां को खोने के बाद वह ईश्वर की तलाश में घर छोड़ देता है। उत्तरी भारत के अलग-अलग हिस्सों से गुजरते हुए उसे ऐसे अनुभव होते हैं, जो उसकी जिंदगी की दिशा बदल देते हैं। इसी आध्यात्मिक यात्रा के दौरान वह आगे चलकर नीम करोली बाबा के रूप में पहचाने जाते हैं। ‘हनुमान अंश’ में शोभिनव सत्य ने लीड रोल निभाया है। उनके अलावा चंदन आनंद, अनिल रस्तोगी, सुगंधा मल्होत्रा, भगवन्दास पटेल और नेहा परांजपे भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है।