‘हनुमान अंश’ को लेकर वायरल वीडियो ने सबका ध्यान खींच लिया है। थिएटर में मुस्लिम शख्स को नंगे पांव फिल्म देखते देख सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग रिएक्शंस दे रहे हैं।
धार्मिक विषय पर बनी 'हनुमान अंश' ने रिलीज के कई हफ्तों बाद भी दर्शकों के बीच अपनी पकड़ बनाए रखी है। अब इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक मुस्लिम शख्स थिएटर के अंदर फिल्म देखता नजर आ रहा है। सफेद कुर्ता-पायजामा और टोपी पहने यह दर्शक नंगे पैर फिल्म देखने पहुंचा था। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे अलग-अलग नजरिए से देखा। कई यूजर्स ने इसे समुदायों के बीच आपसी सम्मान और सद्भाव से जोड़कर सराहा। वहीं, फिल्म की कहानी आध्यात्मिक यात्रा और नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित है, जिसने इसे शुरुआत से ही अलग पहचान दी है।
‘हनुमान अंश’ का मुस्लिम दर्शक वाला वीडियो क्यों वायरल है?
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक मुस्लिम शख्स थिएटर में नंगे पैर ‘हनुमान अंश’ देखता दिखाई दे रहा है। वह सफेद कुर्ता-पायजामा और सफेद टोपी पहने हुए है और स्क्रीन पर चल रही फिल्म में पूरी तरह डूबा नजर आता है। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसे अलग-अलग समुदायों के बीच सम्मान और एकता की मिसाल बताया।
यह भी पढ़ें : 'मदद नहीं की, अब बधाई दे रहे', बॉलीवुड पर फूटा ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर का गुस्सा
वायरल वीडियो पर इंटरनेट यूजर्स ने क्या लिखा?
एक यूजर ने लिखा, “वे दशकों से चली आ रही राजनीतिक ध्रुवीकरण की राजनीति से उसके दिमाग को प्रदूषित करने में नाकाम रहे।” दूसरे ने कहा, “राजनीति के बिना भारत।” एक मुस्लिम यूजर ने लिखा, “मैं मुस्लिम हूं, लेकिन मुझे यह फिल्म पसंद है क्योंकि इसमें किसी खास धर्म को निशाना नहीं बनाया गया है। यह काफी अच्छी थी।” एक अन्य प्रतिक्रिया थी, “यही असली भारत है, हर धर्म का सम्मान करें।” एक मुस्लिम शख्स ने कमेंट करते हुए लिखा , "भाई कल मैं भी देखकर आया फैमिली के साथ...बहुत अच्छी मूवी है।"
‘हनुमान अंश’ की कहानी क्या है?
फिल्म की कहानी लक्ष्मण दास नाम के एक बच्चे से शुरू होती है, जो अपनी मां को खोने के बाद जीवन, मृत्यु और ईश्वर से जुड़े सवालों के जवाब तलाशने निकल पड़ता है। उत्तर भारत की यात्रा के दौरान वह संतों और भक्तों से मिलता है और धीरे-धीरे सांसारिक मोह से दूर होता जाता है। यही सफर आगे चलकर उसे नीम करोली बाबा के रूप में स्थापित करता है। फिल्म उनके प्रेम, करुणा, सेवा और भक्ति के संदेश पर केंद्रित है।
यह भी पढ़ें : Hanuman Ansh Star Cast Fees: 1.8 करोड़ में बनी 'हनुमान अंश' के लिए किसे कितनी फीस मिली?
‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कितना है?
7 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म ने महज 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी, लेकिन मजबूत वर्ड ऑफ माउथ ने इसकी रफ्तार बदल दी। तीसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई ने तेजी पकड़ी और 24वें दिन इसने 12.75 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा सिंगल-डे कलेक्शन दर्ज किया। भारत में फिल्म अब तक 72.88 करोड़ रुपये नेट कमा चुकी है। जबकि इस फिल्म का बजट लगभग 1.8 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।
‘हनुमान अंश’ की अगली कहानी क्या होगी?
लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की यह फिल्म ‘डिवाइन डेटोर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ किताब पर आधारित है। फिल्म में शोभिनव सत्य, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी और विहान शेडगे अहम भूमिकाओं में हैं। सफलता के बाद इसका सीक्वल भी घोषित हो चुका है। वहीं हॉम्बले फिल्म्स इसे 11 सितंबर को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी में है। निर्देशक ने यह भी बताया कि शुरुआत में बॉलीवुड से फिल्म को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला, लेकिन सफलता के बाद उन्हें उन्हीं लोगों की ओर से बधाई संदेश और फोन मिलने लगे।
