51 की उम्र में भी अक्षय खन्ना कुंवारे हैं। कमिटमेंट का डर, आजादी से समझौता न करना और पारिवारिक जिम्मेदारियों से दूरी उनकी शादी न करने की बड़ी वजहें रहीं।
'धुरंधर' में रहमान डकैत का किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले अक्षय खन्ना एक बार फिर दमदार अंदाज में लौट रहे हैं। इस बार वह फिल्म 'इक्का' में एक आरोपी की भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म 10 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर एक बार फिर अक्षय खन्ना के किरदार की खूब चर्चा हो रही है।

51 वर्षीय अभिनेता अपनी शानदार एक्टिंग से हर बार दर्शकों का दिल जीत लेते हैं, लेकिन उनकी निजी जिंदगी हमेशा से रहस्य बनी रही है। आज तक उन्होंने शादी नहीं की। खास बात यह है कि अक्षय खन्ना खुद कई इंटरव्यू में शादी न करने की वजह बता चुके हैं। आइए जानते हैं आखिर वह किस कारण शादी से दूर रहे।
खुद को मानते हैं 'कमिटमेंट फोबिक'
अक्षय खन्ना ने कई इंटरव्यू में स्वीकार किया कि उन्हें लंबे समय की कमिटमेंट से डर लगता है। उनका कहना था कि वे कुछ समय तक रिश्ते में रह सकते हैं, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि वे पूरी जिंदगी एक ही रिश्ते में रह पाएंगे। उनका मानना है कि जब रिश्ता दोनों लोगों को खुशी दे तभी तक उसे निभाना चाहिए और जब ऐसा न रहे तो अलग होने की आजादी भी होनी चाहिए।
शादी के बाद अपनी आजादी खोना नहीं चाहते
अभिनेता का मानना है कि शादी जीवन में बहुत बड़ा बदलाव लेकर आती है। उन्होंने कहा था कि उन्हें अपनी जिंदगी पर पूरा कंट्रोल पसंद है और शादी के बाद फैसले अकेले नहीं लिए जा सकते। यही वजह है कि उन्होंने खुद को 'मैरिज मटेरियल' नहीं माना। उनके मुताबिक, वे उस तरह की जीवनशैली के लिए बने ही नहीं हैं।
परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी उठाने के लिए खुद को तैयार नहीं मानते
अक्षय खन्ना ने यह भी कहा कि वे पत्नी या बच्चों की जिम्मेदारी उठाने के लिए खुद को परफेक्ट नहीं मानते। उनका कहना था कि यदि जीवन में बच्चे आते हैं तो उनकी प्रॉयरिटी पूरी तरह बदल जाती हैं, जबकि वे अपनी मौजूदा जीवनशैली में ऐसा बदलाव नहीं चाहते। इसलिए उन्होंने बच्चों की इच्छा भी जाहिर नहीं की।
क्या अक्षय खन्ना हमेशा से शादी के खिलाफ थे?
दिलचस्प बात यह है कि अपने करियर के शुरुआती दौर में अक्षय खन्ना शादी के विचार के पूरी तरह खिलाफ नहीं थे। उन्होंने एक पुराने इंटरव्यू में कहा था कि यदि उन्हें सही साथी मिले तो वे शादी पर विचार कर सकते हैं। हालांकि समय के साथ उनकी सोच बदलती गई और बाद के इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा कि वे शायद शादी के लिए बने ही नहीं हैं।
वर्कफ्रंट पर अक्षय खन्ना क्या कर रहे हैं?
अक्षय खन्ना 'इक्का' में नजर आने वाले हैं। इसमें उनके साथ सनी देओल दिखेंगे। सनी देओल एक मशहूर वकील अर्जुन मेहरा के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि अक्षय खन्ना हत्या के आरोपी शौर्यमन गौर की भूमिका निभा रहे हैं। इनके अलावा तिलोत्तमा शोम दमदार पब्लिक प्रॉसिक्यूटर, दिया मिर्जा अर्जुन मेहरा की पत्नी और संजीदा शेख, आकांक्षा रंजन कपूर व शिशिर शर्मा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
और पढ़ें: 'गौरव खन्ना को मैं वो खुशी नहीं दे सकती' ... आकांक्षा चमोला ने पहली बार तलाक की वजह बताई
'वेलकम टू द जंगल' के इस हीरो की पत्नी है क्रिएटिव, घर को दिया है शानदार लुक
