'हनुमान अंश' रिकॉर्ड तोड़ती जा रही है। कम बजट की यह मूवी इस तरह से सुपरहिट होगी किसी ने नहीं सोचा था। 51 साल पहले ऐसा ही चमत्कार हुआ था। मूवी का नाम था ‘जय संतोषी मां’। जिसने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा दिया था।
'हनुमान अंश' का सिनेमाघरों में डंका बज रहा है। करीब 2 करोड़ के बजट में बनने वाली इस मूवी ने अब तक 100 गुना की कमाई कर ली है। यह मूवी 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली है। ऐसा पहली बार नहीं है, जब कम बजट की आध्यात्मिक मूवी ने यह रिकॉर्ड कायम किया है। इससे पहले ‘जय संतोषी मां’ मूवी ने भी ऐसा ही कुछ कमाल किया था। आलम यह था कि लोग थिएटर में चप्पल उतार कर मूवी देखने पहुंचते थे।
1975 में रिलीज हुई थी ‘जय संतोषी मां’
विजय शर्मा के डायरेक्शन में ‘जय संतोषी मां’ मूवी बनी थी। फिल्म 15 अगस्त 1975 को रिलीज हुई थी। उस समय फिल्म में बड़े सुपरस्टार्स की मौजूदगी नहीं थी, फिर भी इसकी कहानी और धार्मिक भावनाओं से जुड़ाव ने इसे दर्शकों के बीच बेहद फेमस बना दिया। दिलचस्प बात यह है कि इसी साल 15 अगस्त को ‘शोले’ भी रिलीज हुई थी। एक तरफ अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र और हेमा मालिनी जैसे सितारों वाली ‘शोले’ थी, तो दूसरी तरफ सीमित बजट में बनी ‘जय संतोषी मां’। इसके बावजूद संतोषी मां की फिल्म ने दर्शकों के बीच अपनी अलग जगह बना ली।
कितने बजट में बनी थीं ‘जय संतोषी मां’ ?
‘जय संतोषी मां’ करीब 25-30 लाख रुपए में बनी मूवी थी। लेकिन इसने बॉक्स ऑफिस पर उस जमाने में 5 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया था। 'शोले' मूवी के सामने यह मूवी इतना कमा लेगी किसी ने नहीं सोचा था। यह 1975 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी, जबकि ‘शोले’ पहले स्थान पर रही।
उषा मंगेशकर का गाना बना फिल्म की पहचान
फिल्म की सफलता में इसके संगीत की भी बड़ी भूमिका रही। उषा मंगेशकर की आवाज में गाया गया ‘मैं तो आरती उतारूं रे संतोषी माता की’ बेहद लोकप्रिय हुआ। इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि यह गीत बाद में मंदिरों में आरती के तौर पर भी सुनाई देने लगा। संगीत सी. अर्जुन ने दिया था और गीत के बोल प्रदीप ने लिखे थे।
इसे भी पढ़ें: 'यह फिल्म नहीं सत्संग है'...कंगना रनौत ने ‘हनुमान अंश’ लेकर कही ये बड़ी बात
फिल्म देखने के लिए चप्पल उतार देते थे दर्शक
‘जय संतोषी मां’ जब सिनेमाघरों में पहुंची तो इसका असर सिर्फ बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं रहा। कई शहरों और कस्बों में महिलाएं और परिवार फिल्म देखने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचते थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ दर्शक सिनेमाघर में जाने से पहले चप्पल-जूते बाहर उतार देते थे।
और पढ़ें: 'हनुमान अंश' पर बरस रही नीम करोरी बाबा की कृपा, 5वें शुक्रवार की ओपनिंग से 100 गुना कमाई
