तमिल सिनेमा के दिग्गज के. भाग्यराज के निधन से फिल्म इंडस्ट्री शोक में है। तृषा कृष्णन ने खुलासा किया है कि उन्होंने एक दिन पहले ही उनके साथ खाना खाया था। 

तमिल फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज एक्टर, डायरेक्टर और स्क्रीनप्ले लेखक के. भाग्यराज के अचानक निधन ने पूरे सिनेमा जगत को स्तब्ध कर दिया है। 73 साल के भाग्यराज का कार्डियक अरेस्ट के बाद निधन हो गया। उनके जाने के बाद तमाम सितारे उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक्ट्रेस तृषा कृष्णन ने सोशल मीडिया पर बेहद भावुक पोस्ट शेयर करते हुए खुलासा किया कि उन्होंने एक दिन पहले ही भाग्यराज के साथ खाना खाया था और अगले ही दिन उनके निधन की खबर मिल गई। वहीं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने उनके सम्मान में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने की घोषणा की है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

एक दिन पहले साथ में डिनर, अगले दिन मिली मौत की खबर

के. भाग्यराज के निधन पर एक्ट्रेस तृषा कृष्णन ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा, "प्रिय भाग्यराज सर, आपकी आत्मा को शांति मिले। यकीन करना मुश्किल है कि हम कल ही साथ बैठकर डिनर कर रहे थे और आज यह दिल तोड़ देने वाली खबर सुनने को मिली। पूर्णिमा मैम, शांतनु, अमलू और किकी को मेरा प्यार और हिम्मत।" तृषा की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस भी इसे पढ़कर भावुक हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें : कौन थे के. भाग्यराज जिनके निधन से शोक में डूबी इंडस्ट्री, अमिताभ बच्चन संग दी थी सुपरहिट फिल्म

दो दिन पहले शादी समारोह में दिखे थे भाग्यराज

भाग्यराज दो दिन पहले गोवा में एक्ट्रेस खुशबू सुंदर की बेटी की शादी में शामिल हुए थे। समारोह का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें वह एक्टर चिरंजीवी से गर्मजोशी से मिलते और बातचीत करते नजर आए। इसी कार्यक्रम में तृषा कृष्णन, तमन्ना भाटिया और आरती रवि भी मौजूद थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, के. भाग्यराज को कार्डियोपल्मोनरी कार्डियक अरेस्ट के बाद चेन्नई के ग्रीनवेज इलाके स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी और पूर्व एक्ट्रेस पूर्णिमा भाग्यराज, बेटे शांतनु भाग्यराज और बेटी सारण्या भाग्यराज हैं।

17 दिन पहले गुरु को खोया, अब खुद दुनिया छोड़ गए

भाग्यराज का निधन तमिल फिल्म इंडस्ट्री के लिए इसलिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि उनके गुरु और मशहूर फिल्मकार भारतीराजा का भी कुछ ही दिन पहले निधन हुआ था। महज 17 दिनों के भीतर तमिल सिनेमा ने अपने दो बड़े दिग्गज खो दिए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने के. भाग्यराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और घोषणा की कि उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। उन्होंने एक्स पर लिखा, "तमिल सिनेमा के महान डायरेक्टर, एक्टर, पटकथा लेखक, संवाद लेखक और संगीतकार के. भाग्यराज के निधन की खबर से मैं गहरे सदमे और दुख में हूं। अपनी बहुमुखी प्रतिभा से उन्होंने तमिल सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी है। उनका जाना तमिल सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति है।"

'स्क्रीनप्ले किंग' के नाम से थे मशहूर के. भाग्यराज

के. भाग्यराज को तमिल सिनेमा का 'किंग ऑफ स्क्रीनप्ले' कहा जाता था। उन्होंने आम मध्यमवर्गीय परिवारों की कहानियों को बेहद प्रभावशाली अंदाज में बड़े पर्दे पर उतारा। उन्होंने 1979 में 'सुवारिल्लाथा चित्रंगल' से निर्देशन की शुरुआत की। इसके बाद 'अंधा 7 नाटकल', 'मुंधानई मुदिच्चू', 'चिन्ना वीडु' और 'एंगा चिन्ना रासा' जैसी कई सुपरहिट फिल्में दीं, जिन्होंने उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे सम्मानित फिल्मकारों में शामिल कर दिया।