टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में एक आरोपी ने सलमान खान की तारीफ से जुड़े बयान को हमले की संभावित वजह बताया है। पुलिस इस दावे और मामले में कथित गैंग कनेक्शन की जांच कर रही है।

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में सलमान खान का नाम सामने आने से जांच ने नया मोड़ ले लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने दावा किया कि टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने के पीछे सलमान खान की तारीफ से जुड़ा मामला हो सकता है। जैकी श्रॉफ के बेटे ने साल 2022 में सलमान खान को असली 'टाइगर' कहा था। जो उनपर भारी पड़ गया है।

टाइगर श्रॉफ पर क्यों हुई फायरिंग?

रिपोर्ट्स के अनुसार, 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की BMW कार पर फायरिंग की गई थी। उस समय एक्टर की कार को निशाना बनाया गया। घटना में उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा में एक ट्रेन से पकड़ा। इसके बाद उनसे पूछताछ की गई, ताकि हमले की वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिल सके।

सलमान खान की तारीफ से क्या है कनेक्शन?

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, एक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि टाइगर श्रॉफ ने सलमान खान की तारीफ की थी। इसी बात को हमले की संभावित वजह से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, साल 2022 में फिल्म 'हीरोपंती 2' के प्रमोशन के दौरान टाइगर श्रॉफ ने सलमान खान को लेकर एक बयान दिया था। उन्होंने सलमान को इंडस्ट्री का असली टाइगर बताते हुए खुद को उनके सामने बिल्ली कहा था। उन्होंने खुद को टाइगर का बच्चा और सिंबा भी बताया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने दावा किया कि उसे अनिल पंडित की तरफ से बताया गया था कि बिश्नोई गैंग इस तारीफ को सुनकर भड़क गए थे और बदला लेना चाहता है। हालांकि, यह आरोपी की ओर से सामने आया दावा है। पुलिस इसकी जांच कर रही है और इसे हमले की साबित हो चुकी वजह नहीं माना जा सकता।

और पढ़ें: हनुमान जी ने उसे बचा लिया’, टाइगर श्रॉफ की मां आयशा श्रॉफ ने फायरिंग के बाद शेयर किया पोस्ट

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम भी आया सामने

इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले संदेशों की भी चर्चा हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक संदेश सामने आया, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था और सलमान खान के साथ काम करने वाले लोगों को धमकी दी गई थी। हालांकि, ऐसे संदेशों की प्रामाणिकता और हमले में किसी गैंग की वास्तविक भूमिका की पुष्टि जांच के जरिए ही हो सकती है। पुलिस इस मामले में अलग-अलग पहलुओं और आरोपियों के कथित संपर्कों की जांच कर रही है।

और पढ़ें: अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी! टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद दहशत में बॉलीवुड