दिलेर मेहंदी को लेकर मंत्री के बयान पर अब मीका सिंह ने नाराजगी जाहिर की है। मीका सिंह ने साफ कहा कि दिलेर मेहंदी की इमेज खराब करने वाले मंत्री को वह कभी माफ नहीं करेंगे। आखिर मंत्री ने ऐसा क्या कहा था, जिससे मीका सिंह इतने नाराज हो गए?

पंजाबी सिंगर दिलेर मेहंदी को लेकर उत्तराखंड में हुए विवाद पर मीका सिंह ने एक बार फिर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि एक मंत्री ने दिलेर मेहंदी पर शराब पीकर शो में आने का आरोप लगाकर उनकी छवि खराब की। मीका ने साफ कहा कि वह इस बात के लिए मंत्री को कभी माफ नहीं करेंगे।

'दिलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं'

मीका सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि दिलेर मेहंदी की छवि को नुकसान पहुंचाना गलत था। उन्होंने कहा, “दिलेर जी की जो इमेज उन्होंने खराब करी, मंत्री साहब ने, वो बहुत गलत है। मैं उनको कभी भी माफ नहीं करूंगा।” इसके साथ उन्होंने कहा कि उनके भाई शराब को हाथ भी नहीं लगाते हैं। वो अपनी आवाज और कल्चर का बहुत ख्याल रखते हैं।

दिलेर मेहंदी पर शराब पीकर आने का आरोप लगाने से नाराज मीका

मीका सिंह के मुताबिक, दिलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, इसके बावजूद उन्होंने शो में करीब डेढ़ घंटे तक परफॉर्म किया। मीका ने कहा कि शो के दौरान दर्शक गाने सुन रहे थे और एन्जॉय कर रहे थे। ऐसे में दिलेर मेहंदी पर शराब पीकर आने का आरोप लगाना उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाला था। मीका ने कहा कि इस आरोप के बाद दुनिया भर में लोग दिलेर मेहंदी के बारे में ऐसी बातें लिखने लगे। उन्हें सबसे ज्यादा बुरा इसी बात का लगा कि एक बड़े कलाकार की प्रतिष्ठा पर सवाल उठाया गया।

मंत्री के बयान पर भी जताई आपत्ति

मीका सिंह ने बातचीत में यह भी बताया कि कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मंच से मनिंदर भुट्टर का जिक्र करते हुए कथित तौर पर कहा था कि उन्हें भी वहां से मारकर भगाया गया था और वह दोबारा वहां परफॉर्म नहीं कर सकते। मीका ने इस तरह की भाषा पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर किसी कलाकार से गलती होती है, तो उसे प्यार से समझाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कलाकारों को अपने शहर में बुलाने वालों की जिम्मेदारी है कि वे उनके साथ सम्मान से पेश आएं।

और पढ़ें: ‘क्या बेइज्जती करना जरूरी था?’ दलेर मेहंदी को लेकर अनुपम खेर ने कही ये बड़ी बात

पुष्कर सिंह धामी से बातचीत के बाद कही यह बात

मीका सिंह ने बताया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनसे और दिलेर मेहंदी से बातचीत की थी। मीका के मुताबिक, धामी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड आने पर दोनों कलाकारों का सम्मान किया जाएगा। मीका ने कहा कि वह दिलेर मेहंदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सम्मान करते हैं और अब इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। हालांकि, उन्होंने मंत्री से अपनी गलती स्वीकार करने और दिलेर मेहंदी की छवि को लेकर स्पष्टीकरण देने की अपील भी की। मीका सिंह ने कलाकारों के सम्मान पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी कार्यक्रम में कलाकारों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: 'बोला तो जा नहीं रहा...?', नवरात्रि इवेंट में नशे में धुत दलेर मेहंदी पर भड़के मंत्री का Video वायरल