'काला हिरण' का टीजर आते ही नया विवाद खड़ा हो गया है। आखिर गोविंद नामदेव टीजर देखकर क्यों हैरान रह गए? प्रोड्यूसर अमित जानी ने उन्हें 50 लाख रुपये का कानूनी नोटिस क्यों भेजा? क्या फिल्म का कनेक्शन सलमान खान के चर्चित ब्लैकबक केस से है? और आखिर एक्टर सोनू मिश्रा ने प्रोजेक्ट क्यों छोड़ा? जानिए पूरा मामला।
सलमान खान के चर्चित ब्लैकबक शिकार मामले से प्रेरित बताई जा रही फिल्म 'काला हिरण' लगातार विवादों के केंद्र में है। अब फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी औरदिग्गज एक्टर गोविंद नामदेव आमने-सामने नजर आ रहे हैं। गोविंद नामदेव ने फिल्म के टीजर पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि उन्हें जो कहानी सुनाई गई थी, टीजर में दिखाया गया कंटेंट उससे बिल्कुल अलग नजर आया। इसके बाद प्रोड्यूसर ने एक्टर को कानूनी नोटिस भेजते हुए सार्वजनिक माफी और 50 लाख रुपये हर्जाने की मांग कर दी।

गोविंद नामदेव के बयान से शुरू हुआ विवाद
विवाद की शुरुआत तब हुई जब गोविंद नामदेव ने सार्वजनिक रूप से फिल्म के टीजर पर निराशा जताई और खुद को फिल्म से अलग कर लिया। एक्टर का कहना था कि टीजर देखकर वह हैरान रह गए क्योंकि यह उस प्रोजेक्ट जैसा नहीं लग रहा था, जिसके लिए उन्होंने हामी भरी थी। उन्होंने दावा किया कि फिल्म की अंतिम दिशा और प्रेजेंटेशन को लेकर उन्हें पूरी जानकारी नहीं थी। एक्टर का मानना है कि जो कंटेंट दर्शकों के सामने लाया गया है, वह उस कहानी से अलग दिखाई देता है जिसे लेकर उन्होंने फिल्म में काम किया था। गोविंद नामदेव ने यह भी कहा कि वे सलमान खान के खलाफ कोई फिल्म नहीं कर सकते।
यह भी पढ़ें : 'सलमान खान केस' पर बनी 'काला हिरण' कर क्यों पछता रहे गोविंद नामदेव! खुद बताई फिल्म करने की वजह
अमित जानी ने गोविंद नामदेव को भेजा कानूनी नोटिस
गोविंद नामदेव के बयान के बाद प्रोड्यूसर अमित जानी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए लिखा, "गोविंद नामदेव को लीगल नोटिस दिया। 7 दिन में सार्वजनिक माफी मांगें और प्रोडक्शन हाउस को 50 लाख रुपये जुर्माना दें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई होगी।"
इससे पहले एक वीडियो जारी कर अमित जानी ने गोविंद नामदेव पर सवाल उठाते हुए कहा था कि एक एक्टर की रीढ़ इतनी कमज़ोर कैसे हो सकती है? इतना ही नहीं, उन्होंने अपने बयान में सख्त लहजे में कहा था, "गोविंद नामदेव जी के गले में क़ानून का पट्टा डालकर अदालत लेकर आएंगे हम।"
सलमान खान केस से हुई 'काला हिरण' की तुलना
फिल्म प्रोड्यूसरओं ने भले ही सलमान खान का नाम सीधे तौर पर इस्तेमाल नहीं किया हो, लेकिन टीजर में दिखाए गए 'अयान खान' नाम के किरदार को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। दर्शकों का एक वर्ग मानता है कि किरदार का लुक और अंदाज सलमान खान से मिलता-जुलता दिखाई देता है। इसी वजह से फिल्म को 1998 के चर्चित ब्लैकबक शिकार मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि प्रोड्यूसर लगातार दावा कर रहे हैं कि फिल्म के सभी किरदार काल्पनिक हैं।
यह भी पढ़ें : Kala Hiran Star Cast : 'काला हिरण' में कौन बना सलमान खान? बाकी स्टार कास्ट के बारे में भी जानें
सोनू मिश्रा ने भी लगाए थे गंभीर आरोप
गोविंद नामदेव से पहले एक्टर सोनू मिश्रा ने फिल्म छोड़ते हुए इस पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया था कि शुरुआत में उन्हें उस किरदार के लिए चुना गया था जिसकी तुलना सलमान खान से की जा रही है। सोनू मिश्रा ने कहा, "मैंने फिल्म इसलिए छोड़ी क्योंकि मैंने एग्रीमेंट साइन नहीं किया था। हमने दो दिन शूटिंग की थी, लेकिन जब मैंने स्क्रिप्ट और एग्रीमेंट मांगा तो मुझे लगा कि एक सुपरस्टार के खिलाफ एकतरफा कहानी दिखाई जा रही है। तब मुझे समझ आ गया कि मैं इस जाल में नहीं फंसने वाला।" उन्होंने आगे कहा,"बाद में मुझे बताया गया कि कुछ ऐसे प्रोजेक्ट्स हैं, जिनके तहत मुझे सार्वजनिक रूप से उस स्टार के खिलाफ बोलना होगा। यह मेरी नैतिकता के खिलाफ था। इसलिए मैंने खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया।"
'काला हिरण' की रिलीज से पहले बढ़ी मुश्किलें
फिल्म का टीजर सामने आने के बाद लगातार नए विवाद जुड़ते जा रहे हैं। पहले सोनू मिश्रा के आरोप और अब गोविंद नामदेव तथा प्रोड्यूसर के बीच कानूनी टकराव ने फिल्म को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। हालांकि अभी यह देखना दिलचस्प होगा कि गोविंद नामदेव नोटिस का क्या जवाब देते हैं और क्या यह मामला अदालत तक पहुंचता है या दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद सुलझा लेते हैं।
