'जनरेशन गटर' कहकर विवादों में आईं कंगना रनौत का Gen Z को लेकर नया बयान सामने आया है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है। जानिए आखिर मंडी से भाजपा सांसद ने अब क्या कह डाला?
कुछ दिन पहले Gen Z और जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन को लेकर अपने बयानों से सुर्खियों में रहीं एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत अब बदले हुए अंदाज में नजर आई हैं। पहले प्रदर्शनकारी युवाओं और कुछ महिलाओं को 'जनरेशन गटर' कहने वाली कंगना ने अब Gen Z को देश की सबसे बड़ी ताकत और भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधि बताया है। उन्होंने कहा कि आज का युवा अपनी सांस्कृतिक पहचान से जुड़ रहा है, जो देश के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है। कंगना ने इस दौरान RSS प्रमुख मोहन भागवत का भी जिक्र किया और उनके विचारों की सराहना की।
Gen Z पर कंगना रनौत ने क्या कहा?
एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में कंगना रनौत ने कहा, "Gen Z हमारे देश की ताकत है और एक तरह से हमारे राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। हमें बेहद खुशी है कि हमारे युवा लगातार हमारी संस्कृति और उसकी पहचान के राजदूत बनकर उभर रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "हमें मोहन भागवत जी को सुनने और उनके अनुभव व ज्ञान से सीखने का अवसर भी मिला है। हम उनका बेहद सम्मान करते हैं। यह खुशी की बात है कि देश का युवा हमसे जुड़ रहा है और अपनी सांस्कृतिक पहचान को अपना रहा है।"
यह भी पढ़ें :'हिंदू बेटियां इस्लामिस्ट के संपर्क में आते ही...' कंगना रनौत ने नए वीडियो में उठाया बड़ा सवाल
क्या था कंगना रनौत का 'जनरेशन गटर' बयान?
कुछ दिन पहले जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन और CJP प्रदर्शनकारियों को लेकर कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा किए थे। उन्होंने प्रदर्शन में इस्तेमाल की गई भाषा की आलोचना करते हुए कहा था, "मैंने अपनी जिंदगी में कभी एक जगह इतनी बदसूरती नहीं देखी। Gen Z के विरोध प्रदर्शन की ये रील्स देखकर उल्टी आने जैसा महसूस होता है। जिस तरह की भाषा ये लोग इस्तेमाल कर रहे हैं, वैसा मैंने पहले कभी नहीं देखा। आखिर इन्हें जन्म कौन दे रहा है और पाल कौन रहा है?" कंगना ने पश्चिमी सोच अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा था, "यह तथाकथित पश्चिमी सोच वाली भारतीय महिलाओं की नई पीढ़ी है। मैं इन्हें 'जनरेशन गटर' कहती हूं।"
NEET प्रदर्शन पर कंगना ने क्या पोस्ट किया था?
NEET से जुड़े प्रदर्शन के वायरल वीडियो देखने के बाद कंगना ने लिखा था, "तुम खुद को कॉकरोच कहते हो और वैसे ही दिखते और व्यवहार भी करते हो। इसमें कोई विरोधाभास नहीं है। तुम सिर्फ दुनिया को अपनी गंदगी और बदसूरती दिखा रहे हो। इन रील्स ने मुझे अंदर तक झकझोर दिया है। मुझे अब कुछ मानसिक राहत और डिजिटल डिटॉक्स की जरूरत है।" इस पोस्ट पर भी सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ गई थी।
यह भी पढ़ें : 'जेबकतरे जैसी ड्रेसिंग और बोलचाल...', कंगना रनौत ने अब सरेआम किस हीरोइन की धज्जियां उड़ाईं?
वर्क फ्रंट पर क्या कर रही हैं कंगना रनौत?
कंगना रनौत हाल ही में फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' में नजर आईं। मनोज तापड़िया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2008 मुंबई आतंकी हमले के दौरान कामा अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों के साहस की सच्ची कहानी पर आधारित है।
