कंगना रनौत ने नसीरुद्दीन शाह पर फिर निशाना साधा है। ‘लॉमड़ी’ वाले बयान को सही ठहराते हुए उन्होंने शाह के बयानों और पाकिस्तान को लेकर उनकी सोच पर सवाल उठाए।
बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत ने दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह के खिलाफ अपने ‘लॉमड़ी’ वाले बयान को लेकर फिर मोर्चा खोल दिया है। छात्र प्रदर्शनों और बॉलीवुड की कथित चुप्पी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दोनों कलाकारों के पुराने बयानों और पाकिस्तान को लेकर उनकी राय तक पहुंच गया है। एएनआई से बातचीत में कंगना ने दावा किया कि फिल्म इंडस्ट्री ने छात्र आंदोलन के दौरान ‘घड़ियाली आंसू’ बहाए, जबकि झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित कार्रवाई पर वही लोग चुप हैं। उन्होंने शाह को लेकर अपने बयान का बचाव करते हुए उनके बयानों में ‘पाकिस्तान प्रेम’ का मुद्दा भी उठाया।
कंगना ने ‘लॉमड़ी’ कहकर नसीरुद्दीन शाह पर फिर क्यों साधा निशाना?
कंगना ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को ‘लॉमड़ी’ यूं ही नहीं कहा। उन्होंने शाह के एक कथित वीडियो को आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि उनकी फिल्मों, इंटरव्यू और बयानों में उन्हें बार-बार पाकिस्तान का जिक्र नजर आता है। कंगना ने कहा, “मैंने नसीरुद्दीन शाह के बारे में यह इसलिए कहा, क्योंकि उन्होंने एक ऐसा बेस्वाद वीडियो बनाया था, जिसमें इस तरह की धमकियां दी जा रही थीं।” इसके बाद उन्होंने सवाल किया, “यह पाकिस्तान की प्रेम कहानी कब खत्म होगी? जब देखो पाकिस्तान के प्रेम में ये मरे रहते हैं। अब विभाजन को भी इतने साल हो गए हैं तो ये लव स्टोरी खत्म क्यों नहीं हो रही है?”
यह भी पढ़ें :'प्रधानमंत्री की मौत की कामना करना...', मोदी को गाली देने वाली CEO पर भड़की कंगना रनौत
जंतर-मंतर और Jharkhand Protest पर क्या बोलीं कंगना?
कंगना ने जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन का संदर्भ देते हुए दावा किया कि उनके कई सांसद दोस्तों की गाड़ियों पर लोग चढ़ गए थे और उनकी खिड़कियां तोड़ी गई थीं। उन्होंने यह भी कहा कि करीब 2,500 लोग उनके घर के गेट तक पहुंच गए थे और रात में पुलिस की भारी तैनाती करनी पड़ी थी। उनका कहना था कि जब जंतर-मंतर पर ऐसी स्थिति थी, तब फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोग ‘घड़ियाली आंसू’ बहा रहे थे। कंगना ने झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों का जिक्र करते हुए पूछा कि “क्या वे Gen Z नहीं हैं?” उन्होंने सवाल उठाया कि क्या Gen Z कहलाने के लिए प्रधानमंत्री के खिलाफ बोलना या देश के खिलाफ जाना जरूरी है।
नसीरुद्दीन शाह के पुराने बयान से कैसे जुड़ा पूरा विवाद?
विवाद की एक कड़ी नसीरुद्दीन शाह के उस बयान से जुड़ी है, जिसमें उन्होंने छात्र प्रदर्शनों के दौरान बॉलीवुड की चुप्पी पर सवाल उठाया था। शाह ने कहा था, “मुंह में हड्डी दबाए कुत्ता भौंक नहीं सकता। जैसे ही हड्डी मुंह से गिर जाएगी या उसके दांत टूट जाएंगे, तब वह भौंकेगा।” बाद में एक्टर और गीतकार पीयूष मिश्रा ने झारखंड के छात्र प्रदर्शन के संदर्भ में इसी ‘मुंह में हड्डी वाले कुत्ते’ वाली मिसाल का हवाला देते हुए शाह से सवाल किया। उन्होंने कहा था, "नसीर साहब, आपने CJP प्रोटेस्ट के दौरान कहा था कि जिन कुत्तों के मुंह में हड्डी होती है, वे बोल नहीं सकते। माफ़ कीजिएगा, मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि इस वक्त वो कौन कुत्ते हैं, जिनके मुंह में हड्डी है और जो इस JPSC पेपर लीक के छात्र प्रोटेस्ट पर चुप हैं।"
यह भी पढ़ें :'हिंदू बेटियां इस्लामिस्ट के संपर्क में आते ही...' कंगना रनौत ने नए वीडियो में उठाया बड़ा सवाल
कंगना रनौत ने नसीरुद्दीन शाह पर क्या कहा था?
कंगना ने सोशल मीडिया पोस्ट में पियूष मिश्रा का बयान कोट करते हुए लिखा था, “सच तो यह है कि हर कोई किसी न किसी का कुत्ता है, लेकिन मुझे इस बात पर गर्व है कि मैं जिस घर (देश) की रोटी खाती हूं, उसकी रखवाली करती हूं, उसके लिए लड़ती हूं। नसीर साहब खाते तो इस देश के हैं लेकिन लड़ते पड़ोसी देश के लिए हैं।"

कंगना ने आगे लिखा, "PS: आज के वक्त में कुत्ता कहलाना तारीफ़ है, क्योंकि वफ़ादारी और क्यूटनेस बहुत कम देखने को मिलती है। मैं नसीरुद्दीन जैसे लोमड़ी (wolf) के बजाय कुत्ता बनना ज़्यादा पसंद करूंगी।”
