एक्ट्रेस कंगना शर्मा ने ‘हेट स्टोरी 2’ की कास्टिंग के दौरान कथित कास्टिंग काउच का अनुभव बताया और अपने मुश्किल बचपन, आर्थिक तंगी और संघर्षों पर भी बात की।
एक्ट्रेस कंगना शर्मा ने अपनी जिंदगी के उन मुश्किल दौरों पर खुलकर बात की है, जिनका असर लंबे समय तक उनके साथ रहा। सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में उन्होंने ‘हेट स्टोरी 2’ की कास्टिंग के दौरान कथित तौर पर मिले एक असहज ऑफर को याद किया और इसे कास्टिंग काउच का अनुभव बताया। उन्होंने यह भी कहा कि एंटरटेनमेंट ही नहीं, किसी भी इंडस्ट्री में ऐसी समस्याएं हो सकती हैं। बातचीत के दौरान कंगना ने अपने बचपन की आर्थिक परेशानियों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि बचपन में एक रिश्तेदार ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया था, जबकि परिवार को इस घटना की जानकारी नहीं थी।
‘हेट स्टोरी 2’ की कास्टिंग में कंगना शर्मा के साथ क्या हुआ था?
कंगना शर्मा ने बताया कि ‘हेट स्टोरी 2’ की कास्टिंग के दौरान वह एक कास्टिंग एजेंसी से जुड़े लोगों से एक रेस्तरां में मिली थीं। बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया कि वह पर्दे पर कितनी बोल्ड हो सकती हैं। कंगना के मुताबिक, उन्होंने जवाब दिया कि अगर बात एक्टिंग की है तो वह किरदार की जरूरत के हिसाब से कुछ भी करने के लिए तैयार हैं और मानसिक रूप से काफी बोल्ड हैं। इसके बाद उन्हें कथित तौर पर बेहद आपत्तिजनक ऑफर दिया गया। वे बताती हैं,
मेरे साथ कास्टिंग काउच हुआ है। मुझे बोला गया कि अपनी पैंटी उतारकर मुझे दो। हेट स्टोरी 2 की कास्टिंग चल रही थी, तो एक एजेंसी थी। हम एक रेस्टोरेंट में बैठे हुए थे। तो उन्होंने मुझसे पूछा कि आप कितनी बोल्ड हैं। तो मैंने कहा कि अगर बात एक्टिंग की आती है, तो आप मुझसे कुछ भी करा लो, मैं माइंड से इतनी बोल्ड हूं। तो उसने मुझे कहा कि अपनी पैंटी उतारकर मुझे दो। तो फिर मैंने कहा, अभी खाएगा या बाहर चल कर खाएगा? तो बोला, अरे मैं तो बस देखना चाह रहा था कि आप कितनी बोल्ड हो। तो मैंने कहा कि पता नहीं तुम जैसे लोगों ने कितनी लड़कियों को मोलेस्ट किया होगा।
कंगना शर्मा ने कास्टिंग काउच को लेकर क्या कहा?
कंगना ने इस अनुभव को बताते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों में मानसिक रूप से मजबूत रहना जरूरी होता है और किसी हद तक रिएक्शन देना व्यक्ति के अपने हाथ में होता है। उन्होंने इंडस्ट्री तक इसे सीमित नहीं माना और कहा कि ऐसी समस्या अलग-अलग क्षेत्रों में देखने को मिल सकती है। एक्ट्रेस ने आगे कहा,
तो ऐसी मानसिकता होती है, लेकिन ये आपके हाथ में होता है। कास्टिंग काउच कहां पर नहीं है? कोई भी इंडस्ट्री सेफ नहीं है। कॉरपोरेट ले लो।
कंगना शर्मा के बचपन में कैसी थीं आर्थिक मुश्किलें?
कंगना शर्मा ने बातचीत में अपने बचपन की आर्थिक परेशानियों को भी याद किया। उनके मुताबिक, परिवार को उस दौर में बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि एक समय उनके पिता के पास काम नहीं था और परिवार के पास रहने के लिए भी उचित घर नहीं था। एक्ट्रेस के अनुसार, आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि खाने-पीने जैसी जरूरतों को पूरा करने के लिए भी उधार लेना पड़ता था। उन्होंने अपने बचपन के इस दौर को बेहद मुश्किल समय के तौर पर याद किया। कंगना ने दावा किया कि बचपन में एक रिश्तेदार ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया था। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्यों को उस समय इस घटना की जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक़, अब उस रिश्तेदार की मौत हो चुकी है।
कंगना शर्मा ‘ग्रेट ग्रैंड मस्ती’ के अलावा ‘दुल्ला भट्टी’, ‘राम रतन’, ‘यूज्ड’, ‘मोना होम डिलीवरी’ और ‘लेट्स प्ले ब्लाइंड’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।
