What is the controversy surrounding the Lara Dutta Kaikeyi Look: 'रामायण' के ट्रेलर के बाद लारा दत्ता (कैकेयी) के लुक पर बहस छिड़ गई है। सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। जानें क्या है पूरा मामला।
नितेश तिवारी की मचअवेटेड फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही इसकी स्टारकास्ट और विजुअल्स चर्चा में हैं। हालांकि, सबसे ज्यादा बहस साई पल्लवी के सीता और लारा दत्ता के कैकेयी लुक को लेकर हो रही है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने दोनों किरदारों के कॉस्ट्यूम और लुक को लेकर सवाल उठाए, जिसके बाद अब फिल्म के कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स ने इस पूरे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
'रामायण' पर अलग-अलग राय आना तय
डिजाइनर्स ने The Times of India से बातचीत में कहा कि उन्हें पहले से अंदाजा था कि रामायण जैसे महाकाव्य पर बनी फिल्म को लेकर लोगों की अलग-अलग राय होगी। उन्होंने कहा, ‘रामायण पीढ़ियों से लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ी हुई है। ऐसे में कास्टिंग, कॉस्ट्यूम, विजुअल इफेक्ट्स और किरदारों की प्रस्तुति पर सवाल उठना स्वाभाविक है। हम इसके लिए पहले से तैयार थे।’
और पढ़ें - ऐश्वर्या राय बच्चन का अनसीन कान्स लुक, 7000 मोतियों से 600 घंटे में बनाया गाउन
कैकेयी के रंगों के पीछे भी है खास सोच
लारा दत्ता के कैकेयी लुक को लेकर भी सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आईं। इस पर डिजाइनर्स ने बताया कि कॉस्ट्यूम का हर रंग और हर डिजाइन कहानी के अनुसार चुना गया है। उन्होंने बताया कि कैकेयी के परिधान में इस्तेमाल किया गया हरा रंग मातृत्व का प्रतीक है, जबकि गहरा मैरून रंग उनके कठिन फैसले, भावनात्मक संघर्ष और आंतरिक द्वंद्व को दर्शाता है। उनका किरदार एक ऐसी मां का है, जिसे अपने बेटे और भगवान राम के बीच कठिन निर्णय लेना पड़ता है।
और पढ़ें - सलमान खान का 5 मील डाइट प्लान, हायर किया प्राइवेट शेफ, फिटनेस ट्रेनर ने बताए सीक्रेट
साई पल्लवी की सीता पर क्या बोले डिजाइनर्स?
साई पल्लवी के सीता लुक की आलोचना पर डिजाइनर्स ने कहा कि उनका उद्देश्य ऐतिहासिक तथ्यों की हूबहू नकल करना नहीं था, बल्कि देवी सीता की उस छवि को पर्दे पर उतारना था जो लोगों की आस्था और भावनाओं में बसी हुई है। उन्होंने कहा, ‘जब मैं आंखें बंद करके माता सीता की कल्पना करता हूं, तो मेरे मन में पुरातात्विक प्रमाण नहीं आते। मेरे मन में वही स्वरूप आता है जो बचपन से मंदिर में देखा और महसूस किया है। रिसर्च हमारी नींव होती है, लेकिन किरदारों में जान हमारी अपनी व्याख्या डालती है।’
'पहले फिल्म देखें, फिर फैसला करें'
डिजाइनर्स ने दर्शकों से अपील की कि वे केवल ट्रेलर देखकर किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें। उन्होंने कहा, 'हमारे हर कॉस्ट्यूम के हर धागे के पीछे एक सोच और उद्देश्य है। हमारी अपील है कि पहले फिल्म देखें, उसे महसूस करें और उसके बाद अपनी राय बनाएं।' गौरतलब है कि 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। वहीं साई पल्लवी और लारा दत्ता के लुक्स पर जारी बहस ने फिल्म को रिलीज से पहले ही सुर्खियों में ला दिया है।
