Miss Earth Indonesia 2025 dies at 25: मिस अर्थ इंडोनेशिया पुट्री आंद्रियानी जुफिचा का 25 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके 26वें जन्मदिन पर आई इस खबर से फैंस सदमे में हैं।

ब्यूटी पेजेंट की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मिस अर्थ इंडोनेशिया 2025 पुट्री आंद्रियानी जुफिचा का महज 25 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी मौत की खबर 14 अगस्त 2026 को सामने आई, जो उनके 26वें जन्मदिन का दिन था। पुट्री की मौत की वजह अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है। पुट्री के निधन की जानकारी मिस ग्रैंड इंडोनेशिया ऑर्गनाइजेशन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक बयान जारी कर दी। उनके अचानक निधन की खबर से पेजेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोग, फैंस और उनके चाहने वाले सदमे में हैं। मिस ग्रैंड इंडोनेशिया ऑर्गनाइजेशन ने पुट्री को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह उनके लिए सिर्फ एक टाइटल होल्डर नहीं थीं, बल्कि ग्रैंड फैमिली का अहम हिस्सा थीं।

संगठन ने उनके व्यक्तित्व, उनकी मजबूती और उनके जज्बे को याद किया। संगठन ने उनके परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना जाहिर करते हुए कहा कि पुट्री की यादें और उनके द्वारा बांटी गई रोशनी हमेशा लोगों के दिलों में बनी रहेगी। इसके बाद मिस अर्थ ऑर्गनाइजेशन ने भी पुट्री के निधन पर दुख जताया। संगठन ने उन्हें गर्मजोशी, खूबसूरती और शानदार व्यक्तित्व वाली शख्सियत के तौर पर याद किया और कहा कि उनका साथ बहुत कम समय के लिए रहा, लेकिन उनकी यादें हमेशा जिंदा रहेंगी।

और पढ़ें - 18 साल बड़े शम्मी कपूर से था अफेयर, मुमताज बोलीं- ‘कपूर परिवार बहुओं को कंट्रोल करता था...’

मिस अर्थ इंडोनेशिया 2025 का जीता था खिताब

  • पुट्री आंद्रियानी जुफिचा ने साल 2025 में मिस अर्थ इंडोनेशिया का खिताब हासिल किया था।
  • इसी साल वह मिस ग्रैंड इंडोनेशिया 2025 में रनर-अप भी रही थीं।
  • उन्हें मिस अर्थ के अंतरराष्ट्रीय मंच पर इंडोनेशिया का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला था।
  • पेजेंट की दुनिया में उनकी पहचान सिर्फ खूबसूरती तक सीमित नहीं थी। वह पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को लेकर भी काफी एक्टिव थीं।

पर्यावरण संरक्षण के लिए करती थीं काम

पुट्री पर्यावरण संरक्षण को लेकर काफी गंभीर थीं। उनकी पेजेंट प्रोफाइल के मुताबिक, वह वेस्ट रीसाइक्लिंग, नदियों को प्रदूषण से बचाने और पर्यावरण के साथ-साथ स्थानीय समुदायों की सुरक्षा को लेकर काम करना चाहती थीं। उनका मकसद लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और एक ज्यादा साफ-सुथरी और टिकाऊ दुनिया बनाने की दिशा में काम करना था।

कानून की पढ़ाई कर रही थीं पुट्री

पुट्री की पहचान एक ब्यूटी क्वीन के साथ-साथ एक लॉ स्टूडेंट के रूप में भी थी। वह पर्यावरण कानून के क्षेत्र में अपनी समझ विकसित कर रही थीं और इसी के जरिए पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करना चाहती थीं। उनकी प्रोफाइल के मुताबिक, वह कम्युनिकेशन बैकग्राउंड के साथ पर्यावरण कानून में अपनी विशेषज्ञता बढ़ा रही थीं। उनका सपना था कि ज्ञान और व्यावहारिक समाधान के जरिए समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाए।

और पढ़ें - Awarapan 3 भी आएगी! इमरान हाशमी अचानक पहुंचे थिएटर, दिशा पाटनी संग दिया बड़ा हिंट

सिंगिंग का भी था शौक

पुट्री सिर्फ पढ़ाई और पेजेंट तक सीमित नहीं थीं। उन्हें सिंगिंग में भी दिलचस्पी थी और उन्होंने एक गाना भी रिलीज किया था। इसके अलावा जून 2026 में उन्होंने मिस कल्चर इंटरनेशनल पेजेंट में जज के तौर पर भी जिम्मेदारी निभाई थी। यानी निधन से कुछ समय पहले तक पुट्री अपने करियर और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कामों में एक्टिव थीं।

जन्मदिन के दिन आई मौत की खबर ने फैंस को किया भावुक

पुट्री की मौत की खबर जिस दिन सामने आई, वह दिन उनके लिए जन्मदिन का होना था। महज 25 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह देने और जन्मदिन के मौके पर उनके निधन की खबर सामने आने से उनके फैंस और पेजेंट कम्युनिटी में गहरा शोक है। फिलहाल उनकी मौत की वजह आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है। परिवार या संबंधित संगठनों की ओर से भी इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। पुट्री आंद्रियानी जुफिचा का सफर भले ही बेहद छोटा रहा, लेकिन मिस अर्थ इंडोनेशिया के तौर पर उनका पर्यावरण के प्रति काम और उनकी सामाजिक सोच उन्हें लंबे समय तक याद रखने की वजह दे गई है।