‘मुन्ना भाई 3’ की तीन स्क्रिप्ट तैयार हैं, लेकिन राजकुमार हिरानी को अब तक परफेक्ट एंडिंग नहीं मिली। जानिए अरशद वारसी ने फिल्म को लेकर क्या बड़ा खुलासा किया है।
संजय दत्त के ‘मुन्ना’ और अरशद वारसी के ‘सर्किट’ को बड़े पर्दे पर साथ देखे हुए करीब 19 साल हो चुके हैं, लेकिन ‘मुन्ना भाई 3’ का इंतजार अब भी खत्म नहीं हुआ। फैंस लंबे समय से जानना चाहते हैं कि आखिर यह मोस्ट अवैटेड फिल्म क्यों नहीं बन पा रही। अब डायरेक्टर राजकुमार हिरानी और एक्टर अरशद वारसी ने इस रहस्य से पर्दा उठा दिया है। दोनों ने खुलासा किया है कि फिल्म की एक नहीं, बल्कि तीन अलग-अलग स्क्रिप्ट मौजूद हैं। समस्या कहानी की शुरुआत नहीं, बल्कि उस एक अहम कड़ी की है जो ‘मुन्ना भाई’ फ्रेंचाइजी के स्तर की दमदार फिल्म बनाने के लिए जरूरी है।

19 साल बाद भी क्यों नहीं बन पाई ‘मुन्ना भाई 3’?
2003 में रिलीज हुई मुन्ना भाई एमबीबीएस और 2006 में आई लगे रहो मुन्ना भाई ने हिंदी सिनेमा में कल्ट दर्जा हासिल किया। इसके बाद से तीसरे पार्ट की चर्चा लगातार होती रही, लेकिन फिल्म कभी फ्लोर पर नहीं पहुंच सकी। राजकुमार हिरानी के मुताबिक, समस्या नई कहानी खोजने की नहीं है। असली चुनौती ऐसी कहानी तैयार करना है जो शुरुआत से लेकर अंत तक दर्शकों को बांधे रखे। हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में हिरानी ने कहा, "“अगर आपको सिर्फ इंटरवल तक मुन्ना भाई देखनी है, तो मैं अभी पांच फिल्में बना सकता हूं। क्योंकि मेरे पास उसके बाद की कहानी नहीं है।”
यह भी पढ़ें : पहले दिन कितनी कमाई करेगी 'वेलकम टू द जंगल'? एडवांस बुकिंग में अक्षय कुमार की फिल्म का बुरा हाल
मुन्ना-सर्किट से जुड़े आइडियाज की कमी नहीं
राजकुमार हिरानी ने बताया कि मुन्ना और सर्किट के लिए नए आइडियाज की कमी नहीं है, लेकिन फ्रेंचाइजी की विरासत इतनी मजबूत है कि वह सिर्फ बॉक्स ऑफिस कमाई के लिए कोई भी स्क्रिप्ट लेकर फिल्म नहीं बनाना चाहते। हिरानी ने आगे कहा, “सच कहूं तो मैं ‘मुन्ना भाई 3’ बनाना चाहता हूं। कोई और मेरी जगह होता तो कहता कि कोई भी स्क्रिप्ट लिखो, फिल्म बड़ी ओपनिंग लेगी और खूब पैसा कमाएगी। लेकिन मैं ऐसा नहीं करना चाहता। हमने दो शानदार फिल्में बनाई हैं। अगर मुझे सिर्फ पैसे कमाने होते तो अब तक चार-पांच पार्ट बना चुका होता। नई फिल्म को कम से कम पिछली फिल्मों के स्तर तक पहुंचना होगा।”
अरशद वारसी का बड़ा खुलासा, तैयार हैं तीन स्क्रिप्ट
फिल्म को लेकर सबसे बड़ा खुलासा अरशद वारसी ने किया। उन्होंने बताया कि लोगों को लगता है कि स्क्रिप्ट तैयार नहीं है, जबकि सच्चाई बिल्कुल अलग है। अरशद ने कहा, “वहां तीन लगभग तैयार स्क्रिप्ट पड़ी हुई हैं। और सच कहूं तो ये तीनों उन ज्यादातर स्क्रिप्ट्स से बेहतर हैं, जो मैंने अपने करियर में सुनी हैं। मैं मजाक नहीं कर रहा। हर स्क्रिप्ट में ऐसे शानदार सीन और आइडियाज हैं, जो तुरंत आपका ध्यान खींच लेते हैं।”
यह भी पढ़ें : Ajay Devgn New Movie: 'चौहान' में दिखेगा अजय देवगन का अब तक का सबसे धांसू अवतार, जानिए रिलीज डेट
‘बस एक ‘जिगसॉ पजल’ का टुकड़ा गायब है’
अरशद वारसी के अनुसार, समस्या सिर्फ एक छोटी सी कड़ी की है। उन्होंने कहा, “इन कहानियों में बस एक छोटा सा कनेक्शन गायब है। जिगसॉ पजल का एक टुकड़ा अभी फिट नहीं बैठ रहा। जैसे ही वह मिल जाएगा, हम आगे बढ़ जाएंगे। कहीं एंडिंग पूरी नहीं लगती, तो कहीं कहानी का फ्लो टूट जाता है। लेकिन मुझे भरोसा है कि राजू सर इसे जरूर ढूंढ लेंगे।”
‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ से शुरू हुई थी ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी, ये दो फ़िल्में आईं
1.मुन्ना भाई एमबीबीएस (2003)
- डायरेक्टर: राजकुमार हिरानी
- स्टार कास्ट: संजय दत्त, अरशद वारसी, बोमन ईरानी, ग्रेसी सिंह
- रिलीज डेट: 19 दिसंबर 2003
- बॉक्स ऑफिस: सुपरहिट
- खासियत: मेडिकल सिस्टम पर व्यंग्य और दिल छू लेने वाली कहानी
2.लगे रहो मुन्ना भाई (2006)
- डायरेक्टर: राजकुमार हिरानी
- स्टार कास्ट: संजय दत्त, अरशद वारसी, विद्या बालन, बोमन ईरानी
- रिलीज डेट: 1 सितंबर 2006
- बॉक्स ऑफिस: ब्लॉकबस्टर
- खासियत: गांधीगिरी को लोकप्रिय बनाने वाली फिल्म
