Amruta Khanvilkar Separation: अमृता खानविलकर और हिमांशु मल्होत्रा ने डेढ़ साल से अलग रहने की खबर ने उनके प्रशंसकों को जरूर चौंका दिया है। क्या अब दोनों समय के साथ दोनों अपने रिश्ते को एक नया मौका देगें?
मराठी और हिंदी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की पॉपुलर जोड़ी अमृता खानविलकर और हिमांशु मल्होत्रा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों पिछले करीब डेढ़ साल से अलग-अलग रह रहे हैं, लेकिन उन्होंने अब तक अपने रिश्ते को कानूनी रूप से खत्म करने का कोई फैसला नहीं लिया है। खास बात यह है कि अलग रहने के बावजूद दोनों के बीच आज भी दोस्ताना रिश्ता कायम है और वे नियमित रूप से एक-दूसरे के संपर्क में हैं। हाल ही में इस खबर ने फैंस को हैरान कर दिया, क्योंकि दोनों लंबे समय से इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिने जाते रहे हैं।
डेढ़ साल पहले लिया था अलग रहने का फैसला
रिपोर्ट के अनुसार, अमृता और हिमांशु पिछले लगभग 18 महीनों से अलग-अलग घरों में रह रहे हैं। हालांकि, उनके बीच न तो किसी तरह का मनमुटाव सार्वजनिक रूप से सामने आया है और न ही उन्होंने तलाक की प्रक्रिया शुरू की है। सूत्रों का कहना है कि दोनों के बीच आज भी अच्छी बातचीत होती है। वे न केवल अपने निजी जीवन बल्कि प्रोफेशनल काम से जुड़ी बातें भी एक-दूसरे से शेयर करते हैं। यही वजह है कि उनके रिश्ते को लेकर अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
और पढ़ें - 'गौरव खन्ना के शो नहीं चलते' का लगा था टैग, सब कहते थे पनौती, अब TV एक्टर का छलका दर्द

इन वजहों से लिया अलग रहने का फैसला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमृता और हिमांशु ने अलग रहने का फैसला किसी बड़े विवाद की वजह से नहीं, बल्कि आर्थिक जिम्मेदारियों, अलग-अलग करियर गोल्स और अपने-अपने परिवारों के प्रति जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए लिया। बताया जा रहा है कि मौजूदा परिस्थितियों में दोनों को लगा कि अलग-अलग रहना उनके लिए ज्यादा व्यावहारिक ऑप्शन होगा। फिलहाल दोनों अपने रिश्ते को समय और स्पेस दे रहे हैं ताकि भविष्य को लेकर सही फैसला कर सकें। सूत्रों का यह भी कहना है कि आने वाले समय में दोनों फिर से साथ रहने का निर्णय भी ले सकते हैं या फिर यदि परिस्थितियां नहीं बदलीं तो कानूनी तौर पर अलग होने का रास्ता भी चुन सकते हैं।
और पढ़ें - 'सीता को ब्लाउज नहीं पहनाते...' रामायण की श्रुतकीर्ति का पलटवार, साई पल्लवी की बहन का निभा रहीं रोल
रिश्ते पर कपल ने तोड़ी चुप्पी
जब इस पूरे मामले पर अमृता खानविलकर और हिमांशु मल्होत्रा से संपर्क किया गया, तो दोनों ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा, ‘हम अभी भी शादीशुदा हैं। इसके अलावा हम अपनी निजी जिंदगी पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।’ कपल के इस बयान से साफ है कि फिलहाल उन्होंने अपने रिश्ते को खत्म करने का कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया है।
2004 में हुई थी पहली मुलाकात, दोस्ती से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
अमृता खानविलकर और हिमांशु मल्होत्रा की पहली मुलाकात साल 2004 में रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट सिनेस्टार्स की खोज' के सेट पर हुई थी। यहीं से दोनों की दोस्ती शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। कई वर्षों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने जनवरी 2015 में शादी कर ली। उसी साल दोनों ने डांस रियलिटी शो 'नच बलिए 7' में हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए शो के विजेता भी बने। उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था और वे टीवी इंडस्ट्री के सबसे मजबूत कपल्स में शामिल हो गए थे।
मराठी सिनेमा की बड़ी स्टार हैं अमृता खानविलकर
अमृता खानविलकर ने मराठी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई है। उन्होंने 'अर्जुन', 'साडे माडे तीन', 'आयना का बायना' और 'बाजी' जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा उन्होंने हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज में भी लगातार अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। हाल ही में वह 'टास्करी: द स्मगलर्स वेब' और 'तू या मैं' जैसे प्रोजेक्ट्स में नजर आई थीं।
टीवी और फिल्मों में एक्टिव हैं हिमांशु मल्होत्रा
हिमांशु मल्होत्रा ने अपने करियर में कई हिंदी फिल्मों और टीवी शोज में काम किया है। वह 'फूंक', 'हिम्मतवाला' और 'राज़ी' जैसी फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं। टीवी पर उन्होंने 'भागोंवाली - बांटे अपनी तकदीर', 'लव मैरिज या अरेंज्ड मैरिज' और 'चीकू की मम्मी दूर की' जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अभिनय किया है।
क्या बच पाएगा रिश्ता?
फिलहाल अमृता खानविलकर और हिमांशु मल्होत्रा ने अपने रिश्ते को लेकर किसी भी तरह के तलाक की पुष्टि नहीं की है। दोनों ने साफ किया है कि वे अब भी पति-पत्नी हैं और निजी जीवन को निजी ही रखना चाहते हैं। हालांकि, डेढ़ साल से अलग रहने की खबर ने उनके प्रशंसकों को जरूर चौंका दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि समय के साथ दोनों अपने रिश्ते को एक नया मौका देते हैं या फिर कानूनी तौर पर अलग होने का फैसला करते हैं। फिलहाल, उनके बयान से यही स्पष्ट होता है कि रिश्ता पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, बल्कि दोनों अपने भविष्य को लेकर सोच-समझकर आगे बढ़ना चाहते हैं।
