'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' जैसे सीरियल से पहचान बनाने वाली नारायणी शास्त्री ने TV इंडस्ट्री की पार्टियों में ड्रग्स के इस्तेमाल पर चौंकाने वाला खुलासा किया है।
टीवी इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस नारायणी शास्त्री ने एक इंटरव्यू में एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की पार्टियों को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि अब कई पार्टियों में शराब के साथ-साथ ड्रग्स के लिए भी अलग बजट रखा जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई बार ड्रग्स के कथित इस्तेमाल का असर शूटिंग पर भी पड़ता है और कलाकार काम करने की हालत में नहीं पहुंचते। इतना ही नहीं, नारायणी ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने जिज्ञासा के चलते एक समय ड्रग्स ट्राई किया था, लेकिन वह कभी इसकी आदी नहीं बनीं।
नारायणी शास्त्री बोलीं- इंडस्ट्री की पार्टियों में अब 'ड्रग्स का बजट' बनता है
सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में नारायणी शास्त्री ने दावा किया कि पहले एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की पार्टियों में शराब के लिए अलग बजट होता था, लेकिन अब कई जगह ड्रग्स के लिए भी अलग बजट रखा जाने लगा है। उन्होंने कहा, "पहले पार्टियों में शराब का बजट होता था। अब ड्रग्स का बजट होता है। जब मैंने यह देखा तो मैं हैरान रह गई।" उन्होंने कहा कि यही वजह थी कि धीरे-धीरे उन्होंने ऐसी पार्टियों से दूरी बनानी शुरू कर दी। उनके मुताबिक, जो महफिलें कभी सिर्फ मेल-मिलाप का जरिया थीं, अब उनका माहौल पूरी तरह बदल चुका है।
यह भी पढ़ें :'सीता ऐसी नहीं होती...' 'रामायणम्' में साई पल्लवी की कास्टिंग पर क्या बोलीं OG सीता दीपिका चिखलिया?
नारायणी शस्त्री ने किन ड्रग्स का लिया नाम और क्या लगाया आरोप?
इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने किन ड्रग्स का इस्तेमाल होते देखा है तो उन्होंने कोकीन (Cocaine) और एमडीएमए (MDMA) का नाम लिया। उनका दावा था कि छोटी पार्टियों में ऐसी गतिविधियां ज्यादा खुलकर होती हैं, जबकि बड़ी पार्टियों में इन्हें ज्यादा गोपनीय तरीके से अंजाम दिया जाता है। हालांकि, उन्होंने किसी एक्टर, प्रोडक्शन हाउस या इवेंट होस्ट का नाम नहीं लिया और कहा कि वह हर इंसान को पर्सनली से नहीं जानती थीं।
नारायणी शास्त्री का दावा- ड्रग्स की वजह से 4 घंटे तक रुकी शूटिंग?
नारायणी शास्त्री ने दावा किया कि ड्रग्स का कथित असर सिर्फ पार्टियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि कई बार शूटिंग भी प्रभावित होती है। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक कलाकार की हालत ऐसी थी कि वह "खड़ा होने की स्थिति में भी नहीं था।" उनके मुताबिक, उस कलाकार की वजह से शूटिंग करीब चार घंटे तक रुकी रही और पूरी यूनिट इंतजार करती रही। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में निर्माता भी मुश्किल में पड़ जाते हैं क्योंकि किसी लीड एक्टर को बीच में बदलना आसान नहीं होता।
यह भी पढ़ें : कौन हैं आमिर खान की एक्स भाभी ईवा ग्रोवर, जिन्हें पति ने कहा था- डायरेक्टर्स के साथ सोना पड़ेगा
क्या खुद भी ड्रग्स ट्राई कर चुकी हैं नारायणी शास्त्री?
इंटरव्यू के दौरान एक्ट्रेस ने अपने अतीत को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने जिज्ञासा के कारण एक बार कुछ अवैध नशीले पदार्थों को आजमाया था। उन्होंने कहा, "मैंने अलग-अलग चीजें सिर्फ एक बार इसलिए ट्राई की थीं कि उनका असर समझ सकूं। लेकिन यह कभी मेरी आदत नहीं बनी और न ही मुझे इसकी लत लगी।"
कौन हैं नारायणी शास्त्री?
48 साल की नारायणी शास्त्री पॉपुलर टीवी एक्ट्रेस और थिएटर आर्टिस्ट हैं। उन्होंने 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में अनुपम कपाड़िया, 'पिया का घर' में रिमझिम, 'नमक हराम' में स्वाति, 'रिश्तों का चक्रव्यूह' में सतरूपा और 'आपकी नज़रों ने समझा' में 'राजवी' जैसे रोल से पहचान बनाई है। पिछली बार वे 'नयनतारा' (2025-2026) सीरियल में दिखाई दी थीं।
