16 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की 30 साल की उम्र में मौत हो गई। पुलिस कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही है।

Who is Nidhi Tiwari: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत की खबर से उनके फैंस और परिचितों में शोक की लहर है। 30 साल की निधि के Facebook और Instagram पर कुल करीब 16 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। Facebook पर उन्हें लगभग 9.28 लाख और Instagram पर करीब 7.12 लाख लोग फॉलो करते थे। इतनी बड़ी सोशल मीडिया फॉलोइंग के चलते निधि विंध्य क्षेत्र की चर्चित सोशल मीडिया हस्तियों में शामिल हो गई थीं। उनकी पोस्ट पर अक्सर हजारों रिएक्शन आते थे, जबकि उनके वीडियो लाखों लोगों तक पहुंचते थे।

कौन थीं निधि तिवारी, कैसे हुई मौत?

  • निधि तिवारी मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से ताल्लुक रखती थीं। शनिवार को भूसा मोड़ स्थित घर पर उनका शव लटका मिला।
  • निधि तिवारी के परिजनों के मुताबिक, बीते शनिवार को घटना से कुछ देर पहले निधि सोनू सिंह नाम के युवक से फोन पर बात कर रही थीं।
  • बातचीत के बाद उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया। थोड़ी देर बाद सोनू ने निधि की मां को फोन करके बताया कि वह फांसी लगाने को बोल रही है।
  • परिजन जब उसके कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर देखा तो निधि फंदे से झूल रही थीं।
  • इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
  • निधि तिवारी की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके सोशल मीडिया फॉलोअर्स के बीच शोक की लहर फैल गई।
  • जिन पोस्ट पर कभी फैंस उनकी खूबसूरती, आत्मविश्वास और उपलब्धियों की तारीफ करते थे, उन्हीं सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अब लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

एक्टिंग और फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाना चाहती थीं निधि

  • स्थानीय लोगों के अनुसार, निधि तिवारी एक्टिंग और फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाना चाहती थीं।
  • वह मॉडलिंग, इवेंट्स और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में सक्रिय थीं। निधि सोशल मीडिया के जरिए अपनी पब्लिक प्रोफाइल मजबूत करने और अपने करियर के सपनों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही थीं।
  • उनकी सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स थे और उनके वीडियो भी बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचते थे।
  • 2024 में ‘मिस प्रिटी इंडिया’ का खिताब जीतने के बाद उनके मॉडलिंग और एक्टिंग करियर को लेकर भी उम्मीदें बढ़ी थीं।

कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल गतिविधियों की जांच

  • अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल गतिविधियों और अन्य संबंधित सबूतों की जांच की जा रही है।
  • पुलिस निधि की मौत से पहले की परिस्थितियों को समझने के लिए उनसे जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
  • मोरवा पुलिस स्टेशन के इंचार्ज डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस निधि के परिवार, परिचितों और मामले से जुड़े अन्य लोगों से जानकारी इकट्ठा कर रही है।
  • पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत से जुड़े कारणों और परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए हेल्पलाइन

अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक संकट से गुजर रहा है या खुद को नुकसान पहुंचाने के बारे में सोच रहा है, तो अकेले न रहें। किसी भरोसेमंद व्यक्ति या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत संपर्क करें।

वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ: 9999666555

ईमेल: help@vandrevalafoundation.com

TISS iCall: 022-25521111

समय: सोमवार से शनिवार, सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक। जरूरत होने पर अपने नजदीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ या स्थानीय आपातकालीन सेवा से भी संपर्क करें।