Who is Ram Charan bodyguard Kevin Kunta: 'पेड्डी' की रिलीज से पहले राम चरण के साथ नजर आने वाला एक शख्स सोशल मीडिया पर छा गया है। आखिर कौन हैं केविन कुंटा? क्या वह सिर्फ बॉडीगार्ड हैं या प्रोफेशनल MMA फाइटर भी? राम चरण ने उन्हें लेकर ऐसा क्या मजाक किया कि इंटरव्यू वायरल हो गया? और उनकी कमाई को लेकर क्यों हो रही है चर्चा? जानिए पूरी कहानी।
राम चरण की मोस्ट अवैटेड फिल्म 'पेड्डी' रिलीज के करीब है, लेकिन इन दिनों एक्टर से ज्यादा उनके साथ हर जगह नजर आने वाले बॉडीगार्ड केविन कुंटा चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो के बाद फैंस के बीच यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि आखिर केविन हैं कौन। दिलचस्प बात यह है कि केविन सिर्फ एक बॉडीगार्ड नहीं, बल्कि एक प्रोफेशनल MMA फाइटर भी हैं। हाल ही में एक प्रमोशनल इंटरव्यू में राम चरण ने भी केविन को लेकर मजेदार रिएक्शन दिया, जिसके बाद उनकी पॉपुलैरिटी और बढ़ गई। आइए जानते हैं केविन कुंटा की पूरी कहानी...

राम चरण के बॉडीगार्ड पर क्यों टिकी सबकी नजर?
'पेड्डी' के प्रमोशन के दौरान राम चरण जहां भी नजर आए, उनके साथ एक लंबा-चौड़ा शख्स भी दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उनकी मौजूदगी और पर्सनैलिटी पर ध्यान दिया। देखते ही देखते केविन की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने लगे और लोग उनके बारे में जानकारी खोजने लगे।
राम चरण ने मजाक में कही यह बात
एक हिंदी प्रमोशनल इंटरव्यू में राम चरण ने हंसते हुए कहा, "आप लोगों ने उसे इतना फेमस बना दिया है कि अब मैं उसे बाहर जाने ही नहीं दे रहा हूं। कोई उसे चॉकलेट या बिस्किट देकर मेरे बारे में बात करवाने की कोशिश कर सकता है।" बाद में उन्होंने बताया, "जब भी हम बाहर जाते हैं, परिवार और बच्चे भी साथ होते हैं। वह पिछले चार साल से हमारे साथ काम कर रहा है।" राम चरण की यह मजेदार टिप्पणी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
कौन हैं केविन कुंटा?
केविन कुंटा अक्सर राम चरण के पब्लिक इवेंट्स में उनके साथ नजर आते हैं। इंस्टाग्राम प्रोफाइल के अनुसार वह पश्चिम अफ्रीका के गाम्बिया से हैं और इटली के फ्लोरेंस में रहते हैं। वह खुद को इंटरनेशनल प्रोफेशनल MMA फाइटर बताते हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 82 हजार फॉलोअर्स हैं और हाल के दिनों में उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है।
केविन कुंटा असली नाम और फाइटिंग करियर
रिपोर्ट्स के मुताबिक केविन का असली नाम अब्दू कादिर सोवे है। उनका जन्म 1998 में गाम्बिया में हुआ था। गाम्बिया रेसलिंग एसोसिएशन के अनुसार उन्हें 'मामा लामिन ऑफ बर्रा' के नाम से भी जाना जाता है। फ्लोरेंस, इटली से फाइट करने वाले केविन का आखिरी MMA मुकाबला नवंबर 2025 में हुआ था। उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार उनके नाम 4 जीत और 6 हार दर्ज हैं। वह यूरोप की मिडिलवेट कैटेगरी में रैंकिंग भी हासिल कर चुके हैं।
कितनी है राम चरण के बॉडीगार्ड केविन की कमाई?
सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चाएं भी चल रही हैं कि केविन बॉडीगार्ड के तौर पर प्रतिदिन 2 से 4 लाख रुपए तक कमाते हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल उनकी कमाई को लेकर कोई प्रमाणित जानकारी उपलब्ध नहीं है। राम चरण के साथ वायरल होने के बाद केविन को भारत में बड़ी पहचान मिली है। सोशल मीडिया पर फैंस उनके लुक और फिटनेस की जमकर तारीफ कर रहे हैं। केविन ने भी एक पोस्ट के जरिए भारतीय फैंस को प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद कहा।
राम चरण की 'पेड्डी' पर टिकी हैं सबकी निगाहें
वर्कफ्रंट की बात करें तो 'पेड्डी' का निर्देशन बुच्ची बाबू सना ने किया है। फिल्म में राम चरण के साथ शिव राजकुमार, जान्हवी कपूर, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी भी नजर आएंगे। स्पोर्ट्स ड्रामा शैली की यह फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसके पेड प्रीमियर 3 जून को होस्ट किए जाएंगे।
