Who Was Ramakant Dayama: कौन थे शाहरुख़ खान और अक्षय कुमार जैसे सुपरस्टार की फिल्मों में नज़र आए रमाकांत दायमा? रमाकांत दायमा का निधन किस उम्र में हुआ? रमाकांत दायमा का निधन कैसे हुआ? रमाकांत दायमा ने किन-किन फिल्मों में काम किया था?
फिल्म और टीवी एक्टर रामाकांत दायमा का निधन हो गया है। वे 85 साल के थे। रिपोर्ट्स की मानें तो 26 मई 2026 को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर ने मनोरंजन जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। कई फिल्मों और टीवी शोज में नजर आ चुके एक्टर के निधन की पुष्टि उनकी करीबी दोस्त और को-स्टार शुभांगी लटकर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की। शुभांगी ने एक्टर का एक पुराना वीडियो शेयर किया, जिसमें वह दोस्तों के साथ गाते, नाचते और खुश नजर आ रहे हैं। फिलहाल एक्टर की मौत की वजह सामने नहीं आई है।लेकिन कहा जा रहा है कि वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। इस खबर के बाद फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोग लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

शुभांगी लटकर ने लिखा- शब्दहीन हूं
शुभांगी लटकर ने पोस्ट में लिखा, “आज हमने एक बेहद खूबसूरत इंसान को खो दिया और मैं पूरी तरह शब्दहीन हूं। रामाकांत दायमा सिर्फ मेरे दोस्त नहीं थे, बल्कि ऐसे इंसान थे जिनका मैं बेहद सम्मान करती थी। वह जिंदगी से भरपूर, गर्मजोशी वाले और ऊर्जा से भरे हुए थे।हम दोनों के कई सपने अधूरे रह गए। सालों बाद मैं उनके साथ फिर काम करना चाहती थी। हमने साथ में एक खूबसूरत हिंदी नाटक करने का फैसला किया था। जब मैंने उनसे कहा तो उन्होंने मुस्कुराकर जवाब दिया था, ‘मुझे जल्दी ठीक हो लेने दो।’”
रामाकांत के निधन की खबर ने फैंस को किया भावुक
पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने दुख जताना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा, “यह खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। ओम शांति।” वहीं दूसरे ने कहा, “मैं पूरी तरह शॉक्ड हूं।” एक अन्य यूजर का कमेंट है, "बिल्कुल सही कहा शुभांगी मैम, यह बहुत बड़ी क्षति है। आपने सही कहा कि उन्हें जिंदगी को सही मायनों में जीना आता था। यह सचमुच बेहद खूबसूरत श्रद्धांजलि है। हम आपको और आपकी बच्चे जैसी मासूम ऊर्जा को हमेशा मिस करेंगे सर।”
इंडस्ट्री में खास पहचान छोड़ गए रामाकांत दायमा
रामाकांत दायमा को उनके अभिनय, ऊर्जा और मिलनसार स्वभाव के लिए याद किया जाता है। उन्होंने शाहरुख़ खान स्टारर 'चक दे इंडिया', अक्षय कुमार स्टारर 'राम सेतु', 'ब्रदर्स', करीना कपूर स्टारर 'क्रू' जैसी फिल्मों और 'द ट्रायल', 'स्कैम 1992 : द हर्षद मेहता स्टोरी' और 'फर्जी' जैसी वेब सीरीज में भी काम किया था।
