Renu Dhariwal Running Business Worth Rs Crores: 'रामायण' में शूर्पणखा का यादगार किरदार निभाने वाली रेणु धारीवाल को भला कौन भूल सकता है। कहने को उन्होंने सिर्फ 4 एपिसोड में काम किया था लेकिन ये सीरियल उनके करियर का टर्निंग पॉइंस रहा।

रामानंद सागर की 'रामायण' टेलीविजन के इतिहास के सबसे लोकप्रिय टीवी सीरियल में गिनी जाती है। साल 1987 में शुरू हुए इस शो ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि इसके कलाकारों को भी घर-घर में पहचान दिलाई। भगवान राम, सीता और लक्ष्मण जैसे किरदारों के अलावा कई छोटे रोल निभाने वाले कलाकार भी लोगों के जेहन में हमेशा के लिए बस गए। इन्हीं में एक नाम है रेणु धारीवाल, जिन्होंने रावण की बहन सूर्पणखा का किरदार निभाया था। दिलचस्प बात यह है कि रेणु धारीवाल शो के 78 एपिसोड में से केवल चार एपिसोड में नजर आई थीं, लेकिन उनका अभिनय इतना प्रभावशाली रहा कि लोग उन्हें लंबे समय तक उसी किरदार के नाम से पहचानते रहे।

गोविंदा के साथ रेणु ने ली एक्टिंग की ट्रेनिंग

रेणु धारीवाल ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि उनका परिवार काफी पारंपरिक पंजाबी परिवार था, जहां बेटियों के अभिनय की दुनिया में जाने को अच्छा नहीं माना जाता था। हालांकि, उनकी मां बंगाली थीं और उन्होंने रेणु के सपनों का पूरा साथ दिया। रेणु बिना अपने पिता को असली वजह बताए मुंबई पहुंच गईं और मशहूर एक्टिंग ट्रेनर रोशन तनेजा के संस्थान में एक्टिंग सीखनी शुरू की। इसी संस्थान में अभिनेता गोविंदा भी उनके साथ अभिनय की ट्रेनिंग ले रहे थे। बाद में उन्होंने थिएटर में काम करना शुरू किया।

और पढ़ें - SRK-सलमान खान या आमिर खान, तीनों में किसकी हाइट ज्यादा? क्या बता पाएंगे आप

ऐसे मिला 'रामायण' सीरियल

थिएटर के दौरान रेणु एक नाटक में मां का किरदार निभा रही थीं। वहीं पर उनकी मुलाकात रामानंद सागर से हुई। जब सागर को पता चला कि मंच पर उम्रदराज महिला का रोल निभाने वाली कलाकार वास्तव में काफी युवा हैं, तो वह उनके अभिनय से बेहद प्रभावित हुए। इसके बाद उन्होंने रेणु को सूर्पणखा के किरदार के लिए ऑडिशन देने का मौका दिया और आखिरकार यही रोल उनके करियर का सबसे यादगार किरदार बन गया।

YouTube video player

'रामायण' ने बदल दी जिंदगी

'रामायण' के प्रसारण के बाद रेणु धारीवाल की लोकप्रियता अचानक बढ़ गई। उन्होंने बताया था कि पहले लोग उन्हें सिर्फ थिएटर आर्टिस्ट के रूप में जानते थे, लेकिन टीवी पर सूर्पणखा बनने के बाद लोग उन्हें सड़क, बस और सार्वजनिक जगहों पर पहचानने लगे। उन्होंने करीब दो महीने तक उमरगांव में शो की शूटिंग की थी। इस किरदार के लिए उन्हें 30 हजार रुपये की फीस मिली थी, लेकिन उनके मुताबिक असली कमाई वह पहचान थी, जिसने आगे उनके लिए नए रास्ते खोल दिए।

और पढ़ें - 36 की उम्र में 26 वाला फिगर, Krishtal Dsouza ने फ्लॉन्ट किया बोल्ड लुक, वायरल हुआ नया फोटोशूट

एक्टिंग के बाद की पॉलीटिक्स में एंट्री

'रामायण' के बाद रेणु को कई नए प्रोजेक्ट्स मिले। उन्होंने बी.आर. चोपड़ा की टीवी सीरीज 'चुन्नी', पंजाबी फिल्म 'मरही दा दीवा' और हेमा मालिनी के निर्देशन में बनी फिल्म 'दिल आशना है' में अभिनय किया। इस फिल्म में उन्होंने शाहरुख खान की बहन का किरदार निभाया था। कुछ समय बाद रेणु धारीवाल ने अभिनय से दूरी बना ली और राजनीति में सक्रिय हो गईं। वह मुंबई प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व उपाध्यक्ष भी रहीं। हालांकि बाद में उन्होंने राजनीति से भी दूरी बना ली।

आज क्या कर रही हैं रेणु धारीवाल?

शादी के बाद रेणु धारीवाल, रेणु खानोलकर के नाम से जानी जाती हैं। फिलहाल वह अपने पति के रियल एस्टेट बिजनेस में उनके साथ काम करती हैं। इसके साथ ही वह महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए काम करने वाले 2 गैर-सरकारी संगठनों (NGO) का संचालन भी कर रही हैं। भले ही रेणु धारीवाल ने सालों पहले अभिनय की दुनिया को अलविदा कह दिया हो, लेकिन 'रामायण' की सूर्पणखा के रूप में निभाया गया उनका किरदार आज भी दर्शकों की यादों में जिंदा है।