Ramayana Behind The Scenes Ajinkya Deo 2 Hours Makeup Beard Wig: अजींक्य देव ने बताया कि ‘रामायण’ की शूटिंग शुरू होने के दौरान उनका मेकअप और कॉस्ट्यूम प्रोसेस काफी लंबा हुआ करता था। गुरु विश्वामित्र का लुक तैयार करने में शुरुआत में लगभग दो घंटे लग जाते थे।
नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की स्टारकास्ट में दिग्गज अभिनेता अजींक्य देव भी शामिल हैं, जो गुरु विश्वामित्र का किरदार निभा रहे हैं। हाल ही में एक एक्सक्लूसिव बातचीत में अभिनेता ने बताया कि इस किरदार के लुक को तैयार करने में शुरुआत में उन्हें करीब दो घंटे लगते थे।
गुरु विश्वामित्र बनने में लगते थे दो घंटे
अजींक्य देव ने बताया कि ‘रामायण’ की शूटिंग शुरू होने के दौरान उनका मेकअप और कॉस्ट्यूम प्रोसेस काफी लंबा हुआ करता था। दाढ़ी, मेकअप और विग के साथ गुरु विश्वामित्र का लुक तैयार करने में शुरुआत में लगभग दो घंटे लग जाते थे। अभिनेता ने इस पूरे अनुभव को काफी खास और चुनौतीपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, शुरुआत में पूरी दाढ़ी लगाने के बाद लुक तो शानदार लगता था, लेकिन शूटिंग के दौरान खाने-पीने में काफी परेशानी होती थी। खासकर लंच टाइम में दिक्कत ज्यादा होती थी, क्योंकि दाढ़ी हटाकर दोबारा लगाने में फिर करीब दो घंटे लग जाते थे।
और पढ़ें - मुगल-ए-आजम के लिए रिजेक्ट हो गए थे दिलीप कुमार, ये एक्टर था सलीम के लिए 1st चॉइस, लेकिन फिर...
मेकअप आर्टिस्ट ने निकाला अनोखा तरीका
अजींक्य देव ने बताया कि उनकी मेकअप आर्टिस्ट एक ब्रिटिश महिला थीं, जिन्होंने इस समस्या का बेहद दिलचस्प समाधान निकाला। उन्होंने दाढ़ी को तीन हिस्सों में काट दिया, ताकि अभिनेता जरूरत पड़ने पर एक हिस्सा हटाकर आराम से खाना खा सकें। इस बदलाव से शूटिंग के दौरान अजींक्य के लिए काफी आसानी हो गई। अभिनेता ने इस पूरे अनुभव को यादगार बताते हुए कहा कि ‘रामायण’ के निर्माण के दौरान उन्होंने कई ऐसी चीजों का अनुभव किया, जिन्हें वह कभी नहीं भूल सकते।
गुरु विश्वामित्र के लिए अजींक्य देव ने किया काफी मेहनत
अजींक्य देव ने यह भी बताया कि गुरु विश्वामित्र के किरदार के लिए उन्होंने अपने शरीर पर भी काफी मेहनत की। उनका मानना है कि फिल्म में उनका लुक उस तरह का दिखाई देता है, जैसा वह गुरु विश्वामित्र को लेकर कल्पना करते थे। अभिनेता ने कहा कि ‘रामायण’ की मेकिंग उनके लिए एक बेहद शानदार अनुभव रहा। किरदार के लुक से लेकर बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन तक, उन्होंने इस भूमिका को पर्दे पर प्रभावी बनाने के लिए पूरी मेहनत की।
रणबीर कपूर को लेकर अजींक्य ने कही बड़ी बात
इंटरव्यू के दौरान अजींक्य देव ने रणबीर कपूर के भगवान राम के किरदार की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि रणबीर से बेहतर कोई और अभिनेता इस भूमिका के लिए हो सकता था। उनके मुताबिक, रणबीर इस किरदार के लिए बिल्कुल सही लगे और फिल्म का अंतिम रूप देखने के बाद उनके अंदर एक खास तरह की पवित्रता महसूस होती है।
यश के रावण को बताया बिल्कुल अलग
अजींक्य देव ने यश के रावण के किरदार को लेकर भी अपनी राय साझा की। उन्होंने बताया कि यश ने रावण को एक अलग अंदाज में पेश किया है। अभिनेता के मुताबिक, यश के एक्सप्रेशन और स्क्रीन प्रेजेंस में एक ऐसा प्रभाव नजर आया, जिसमें रावण एक तरफ आकर्षक और प्रभावशाली लगता है, लेकिन उसके दिमाग में खतरनाक सोच छिपी हुई है।
दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज किए जाने की योजना है। फिल्म के पहले पार्ट में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के साथ कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का पहला भाग 8 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग अगले साल दिवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म के भव्य सेट, स्टारकास्ट, विजुअल्स और पौराणिक कहानी को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है। ऐसे में गुरु विश्वामित्र के रूप में अजींक्य देव का किरदार भी फिल्म में कितना प्रभाव छोड़ता है, यह देखने के लिए दर्शकों को रिलीज का इंतजार है।
