Ramayana Box Office Report: 'रामायणम्' ने दिवाली पर बॉक्स ऑफिस के सारे समीकरण बदल दिए हैं। रणबीर कपूर की फिल्म ने पांचवें दिन ऐसी रफ्तार पकड़ी कि एक दिन में ही 100 करोड़ के करीब की कमाई दे डाली।
रणबीर कपूर की 'रामायणम्' बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपना दबदबा बनाए हुए है। दिवाली के मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और इसका असर कमाई पर भी साफ दिखाई दे रहा है। शुरुआती चार दिनों में दुनियाभर में 500 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार करने की खबरों के बीच फिल्म ने पांचवें दिन तूफानी रफ़्तार पकड़ी। खास बात यह है कि त्योहार से पहले बड़ी फिल्मों की कमाई घटने की पुरानी धारणा को भी इस फिल्म ने चुनौती दी है। अब इसकी नजरें साल की बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड पर हैं।
पांचवें दिन 'रामायणम्' ने कितनी हुई कमाई?
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, पांचवें दिन 'रामायणम्' ने रात 8 बजे तक 83.75 करोड़ रुपए का नेट कारोबार किया है। फिल्म की यह कमाई देशभर में 20,130 शोज से आई है। इसमें हिंदी संस्करण का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिसने 17,246 शो से 70.32 करोड़ रुपए कमाए। कन्नड़ से 6.26 करोड़, तेलुगु से 4.22 करोड़ और तमिल से 2.95 करोड़ रुपए आए। ये आंकड़े शुरुआती हैं, दिन का अंतिम कारोबार अभी सामने आना बाकी है।
यह भी पढ़ें : 'रामायणम्' ने एक घंटे में टिकट बिक्री में बनाया नया रिकॉर्ड, 'धुरंधर 2'-'पुष्पा 2' को पछाड़ बनी नं. 1
'रामायणम्' का टोटल कलेक्शन कितना हुआ
5 दिन में ' 'रामायणम्' का भारत में नेट कलेक्शन 322.60 करोड़ रुपए पहुंच गया है। जबकि ग्रॉस कलेक्शन के मामले में फिल्म 384.02 करोड़ रुपए के आंकड़े पर खड़ी है। बात वर्ल्डवाइड कलेक्शन की करें तो 4 दिन में यह 507.20 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी थी। अभी पांचवें दिन का ओवरसीज का आंकड़ा आना बाकी है। माना जा रहा है कि यह आने के बाद फिल्म 700 करोड़ रुपए के ग्रॉस कलेक्शन के करीब खड़ी होगी।
'रामायणम्' का डे-वाइज कलेक्शन कैसा रहा?
फिल्म ने पहले दिन यानी गुरुवार को 64.85 करोड़ रुपए की नेट कमाई की। दूसरे दिन शुक्रवार को कारोबार 48.05 करोड़ रुपए रहा। तीसरे दिन शनिवार को कमाई बढ़कर 69.80 करोड़ रुपए पहुंच गई, जबकि रविवार को फिल्म ने 56.15 करोड़ रुपए कमाए। इस तरह शुरुआती चार दिनों में फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 238.85 करोड़ रुपए रहा था।
यह भी पढ़ें : Ramayana Advance Booking Day 5: 'रामायण' का महाधमाका, 5वें दिन तोड़ डाले सभी रिकॉर्ड!
Ramayana Cast: फिल्म में कौन-कौन निभा रहा है अहम किरदार?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा और यश ने किया है। रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण और साई पल्लवी सीता की भूमिका में हैं। रवि दुबे लक्ष्मण, अरुण गोविल राजा दशरथ, इंदिरा कृष्णन कौशल्या, लारा दत्ता कैकेयी, शीबा चड्ढा मंथरा, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और काजल अग्रवाल मंदोदरी के किरदार में नजर आती हैं।












