'रामायणम् : पार्ट 1' के ट्रेलर का इंतजार खत्म होने वाला है। मेकर्स ने फिल्म के ट्रेलर रिलीज की नई तारीख और टाइम का ऐलान कर दर्शकों का एक्साइटमेंट बढ़ा दिया है।
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी साल की सबसे चर्चित माइथोलॉजिकल फिल्म 'रामायणम् : पार्ट 1' का ट्रेलर आखिरकार नई रिलीज डेट के साथ सामने आने जा रहा है। पहले 24 जुलाई को सोशल मीडिया पर रिलीज होने वाला ट्रेलर अचानक टाल दिया गया था, जिससे फैंस निराश हो गए थे। अब निर्माता नमित मल्होत्रा ने आधिकारिक घोषणा करते हुए फिल्म के ट्रेलर रिलीज की नई तारीख और समय का ऐलान कर दिया है। दर्शक लगातार ट्रेलर रिलीज की मांग कर रहे थे। ऐसे में जब इसका इसकी रिलीज की तारीख और समय आ गया तो उनका एक्साइटमेंट चरम पर है।
कब और कितने बजे आएगा 'रामायणम्' का ट्रेलर?
प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने इंस्टाग्राम पर ऐलान करते हुए लिखा, "शुभ ब्रह्म मुहूर्त में हम 'रामायणम्' के ट्रेलर के साथ एक नई शुरुआत का स्वागत करते हैं। 30 जुलाई 2026, गुरुवार सुबह 4:15 बजे (IST) दुनियाभर में ट्रेलर रिलीज होगा।" उन्होंने पोस्ट के साथ सिर्फ 'ॐ' इमोजी भी शेयर किया।
यह भी पढ़ें :'सीता ऐसी नहीं होती...' 'रामायणम्' में साई पल्लवी की कास्टिंग पर क्या बोलीं OG सीता दीपिका चिखलिया?
रामायणम् ट्रेलर पहले क्यों टाला गया था?
'रामायणम्' का ट्रेलर पहले 24 जुलाई को रिलीज होना था। हालांकि, सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में इसकी विशेष स्क्रीनिंग के बाद मेकर्स ने वैश्विक लॉन्च को कुछ समय के लिए टाल दिया। नमित मल्होत्रा ने कहा था, "आज हमारी 'रामायणम्' के लिए बेहद खास दिन है। दुनिया तक रामायणम् को पहुंचाने का मेरा सपना अब सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी के जरिए सच हो गया है। इसी वजह से अब हम ट्रेलर को वैश्विक स्तर पर बाद की तारीख में लॉन्च करेंगे।"
रिलीज से पहले लीक हो चुका ट्रेलर?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 'रामायणम्' का ट्रेलर कथित तौर पर दो बार लीक हुआ। इसके बाद फैंस लगातार मेकर्स से आधिकारिक ट्रेलर जल्द रिलीज करने की मांग कर रहे थे। अब नई तारीख सामने आने से दर्शकों का इंतजार खत्म होने वाला है।फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत सिंह, कुणाल कपूर, काजल अग्रवाल और शीबा चड्ढा भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें : 4000 करोड़ की 'रामायणम्' में दिखेंगी ये 7 खूबसूरत एक्ट्रेस, तस्वीरों में जानें किसका क्या रोल?
'रामायणम् : पार्ट 1' कब रिलीज होगी?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म दो पार्ट्स में रिलीज होगी। पहला पार्ट दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि 'रामायण: पार्ट 2' को दिवाली 2027 पर रिलीज करने का प्लान है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दोनों पार्ट्स का निर्माण लगभग 4000 करोड़ रुपए में हुआ है।
