अपकमिंग फिल्म ‘रामायणम् ’ से रणबीर कपूर और साई पल्लवी का नया लुक सामने आते ही फैंस का उत्साह बढ़ गया है। अब फिल्म के पहले गाने को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है।
रणबीर कपूर और साई पल्लवी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायणम् ’ को लेकर मेकर्स ने गणेश चतुर्थी के मौके पर फैंस को खास सरप्राइज दिया है। फिल्म से राम और सीता के किरदार में दोनों सितारों का नया मोशन पोस्टर जारी किया गया, जिसमें उनकी जोड़ी बेहद शांत और खूबसूरत अंदाज में नजर आ रही है। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने दोनों की जमकर तारीफ शुरू कर दी। खास बात यह है कि इस विजुअल के साथ फिल्म के म्यूजिकल सफर की भी शुरुआत हो गई है, जिसके बाद अब दर्शकों की नजर पहले गाने पर टिक गई है।
'रामायणम्' का नया पोस्टर क्यों हो रहा वायरल?
गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर ‘रामायणम् ’ के मेकर्स ने रणबीर कपूर और साई पल्लवी को राम और सीता के रूप में दिखाते हुए नया मोशन पोस्टर शेयर किया। इसमें नदी किनारे दोनों साथ बैठे दिखाई देते हैं। दोनों ने भगवा रंग के परिधान पहने हैं। दृश्य में राम बेहद प्यार से सीता के बाल ठीक करते नजर आते हैं, जबकि सीता हल्की मुस्कान के साथ बैठी हैं। पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा, “सिया राम के शाश्वत बंधन का जश्न।”
रणबीर कपूर और साई पल्लवी की जोड़ी पर फैंस का रिएक्शन
पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, “पोस्टर ही इतना दिव्य है, फिल्म का इंतजार और भी बढ़ गया।” दूसरे ने लिखा, “ये बहुत ही शानदार है।” साई पल्लवी की तारीफ करते हुए एक फैन ने कहा, “साई पल्लवी सीता के लिए बिल्कुल सही पसंद हैं। वह बेहद दिव्य लग रही हैं!” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “यही परफेक्ट कास्टिंग जैसी दिखती है।” एक फैन ने साई पल्लवी की नैचुरल खूबसूरती की तारीफ करते हुए लिखा, “साई पल्लवी की प्राकृतिक गरिमा नकली खूबसूरती से कहीं बेहतर है। सीता के लिए बिल्कुल सही सिलेक्शन!”
'रामायणम्' का पहला गाना जय जय राम कब आएगा?
पोस्टर के बाद अब ‘रामायणम् ’ के पहले गाने ‘जय जय राम’ का इंतजार है। इस गाने को एआर रहमान ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। गाने को श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है। मेकर्स पहले ही बता चुके थे कि गणेश चतुर्थी से फिल्म की म्यूजिकल जर्नी शुरू होगी और सिया राम पोस्टर के बाद पहला म्यूजिकल ऑफरिंग पेश किया जाएगा।
मेकर्स ने पोस्टर के साथ लिखा था, “हर शुभ शुरुआत एक आह्वान के साथ होती है। इस गणेश चतुर्थी, ‘रामायणम् ’ की संगीत यात्रा हमारे सिया राम पोस्टर के अनावरण के साथ सुबह 7:30 बजे शुरू होगी। इसके तुरंत बाद हमारी पहली संगीतमय प्रस्तुति ‘जय जय राम’ होगी। संगीत: एआर रहमान, बोल: डॉ. कुमार विश्वास, गायक: श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह।” इसके साथ कैप्शन में लिखा गया, “गणपति बप्पा के आशीर्वाद के साथ, हम कल ‘रामायणम् ’ की संगीत यात्रा शुरू करते हैं।”
रामायणम् की रिलीज डेट और स्टारकास्ट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायणम् ’ को नमित मल्होत्रा और यश प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश मुख्य भूमिकाओं में हैं। ‘रामायणम् : पार्ट 1’ की दुनियाभर में थिएट्रिकल रिलीज 6 नवंबर को तय है, जबकि भारत में फिल्म 8 नवंबर, यानी दिवाली के मौके पर रिलीज होगी। इसका दूसरा भाग 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। फिल्म के दोनों पार्ट्स का बजट लगभग 4000 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।
