Ramayana Yash Ravana Look: ‘रामायणम्’ में रावण बनने के लिए यश ने 30 किलो से ज्यादा भारी पोशाक पहनी। कॉस्ट्यूम डिजाइनर ने उनके मुकुट और मुश्किलों से जुड़े दिलचस्प खुलासे किए।
नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायणम्’ में यश का रावण अवतार पहले से ही चर्चा में है, लेकिन इस भव्य लुक को तैयार करने के पीछे की मेहनत का अंदाजा शायद ही किसी को हो। फिल्म की कॉस्ट्यूम डिजाइनर सानिया सरदारिया ने खुलासा किया है कि रावण के कई परिधानों का वजन 16 से 20 किलो तक था। कुछ खास पोशाकें तो 30 किलो से भी ज्यादा भारी थीं। इतना ही नहीं, यश के मुकुट का वजन भी 1.8 किलो था। डिजाइनर ने बताया कि इन भारी पोशाकों में शूटिंग करना अभिनेता के लिए कितना चुनौतीपूर्ण था।
'रामायणम्' में रावण की पोशाक का वजन कितना था?
इंडिया टुडे से बातचीत में कॉस्ट्यूम डिजाइनर सानिया सरदारिया ने बताया कि रावण के ज्यादातर परिधानों का वजन गहनों समेत करीब 16 से 20 किलो रहता था। हालांकि, लंका से जुड़े रावण के लुक, उसकी शादी और शूर्पणखा की शादी वाले दृश्यों के लिए तैयार की गई पोशाकें कहीं ज्यादा भारी थीं। उनके मुताबिक, इन खास परिधानों का वजन लगभग 30 से 33 किलो तक था।
यह भी पढ़ें : पहले सोमवार की सबसे कमाऊ फिल्म बनी 'रामायणम्', 'धुरंधर 2' से 'पुष्पा 2' तक सबको बड़े अंतर से पछाड़ा
यश के मुकुट को हल्का करना क्यों मुश्किल हुआ?
सानिया ने बताया कि रावण के लुक में सबसे मुश्किल हिस्सा उसका मुकुट तैयार करना था। सिर पर थोड़ा-सा अतिरिक्त वजन भी कलाकार के लिए परेशानी पैदा कर सकता है। डिजाइन टीम ने पहले कई 3डी नमूने तैयार किए और डिजाइन तय होने के बाद मुकुट को हल्का करने पर काम किया। इसके बावजूद उसका वजन 1.8 किलो से कम नहीं किया जा सका। सानिया के मुताबिक, यह वजन भी काफी महसूस होता था, हालांकि यश के चेहरे के भावों में इसकी परेशानी नजर नहीं आती थी।
भारी पोशाक में शूटिंग के दौरान क्या करते थे यश?
सानिया ने बताया कि भारी पोशाकों और गहनों की वजह से यश के लिए हिलना-डुलना भी आसान नहीं था। लंबे समय तक इन्हें पहनकर शूटिंग करना थकाने वाला अनुभव था। हालांकि, अभिनेता ने इस चुनौती को सहजता से लिया और सेट पर अपने मजाकिया अंदाज से माहौल हल्का रखते थे। डिजाइनर के मुताबिक, यश को जल्द समझ आ गया था कि यह अनुभव कितना थकाऊ होगा। वह अपनी पोशाक के नुकीले हिस्सों को लेकर टीम के साथ मजाक भी करते थे।
यह भी पढ़ें : 'मुझे भी समझ नहीं आया', 'रामायणम्' में सीता के तलवार वाले सीन पर फिल्म की एक्ट्रेस ने कही बड़ी बात!
फिल्म में कौन-कौन निभा रहा है अहम किरदार?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर भगवान राम, सई पल्लवी सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में हैं। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा कर रहे हैं। इसके संगीत की जिम्मेदारी एआर रहमान और हंस जिमर ने संभाली है। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 पर रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग 2028 में आने की उम्मीद है।












