दशहरा इवेंट में रणबीर कपूर की जुबान फिसली और बवाल मच गया। इस बीच आलिया भट्ट को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। आखिर वायरल पोस्ट में ऐसा क्या था, जिसने सबका ध्यान खींचा?
रणबीर कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म रामायण को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन कोलकाता में एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान हुई उनकी एक गलती सोशल मीडिया पर विवाद की वजह बन गई। अभिनेता इस मामले में सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांग चुके हैं। अब इस विवाद के बीच उनकी पत्नी और एक्ट्रेस आलिया भट्ट को लेकर एक नई चर्चा शुरू हो गई है। ऑनलाइन रिपोर्ट्स के मुताबिक, आलिया ने रणबीर के समर्थन में शेयर की गई एक फैन पोस्ट को लाइक किया है।
आलिया भट्ट ने रणबीर कपूर के सपोर्ट में क्या किया?
ऑनलाइन सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, आलिया भट्ट ने रणबीर कपूर के एक फैन पेज की इंस्टाग्राम स्टोरी को लाइक किया। दावा किया जा रहा है कि इस पोस्ट में एक्टर का बचाव करते हुए लोगों से अपील की गई थी कि वे उनकी गलती पर रिएक्शन देने से पहले उस समय की परिस्थितियों को भी समझें। हालांकि, आलिया ने वास्तव में उस स्टोरी को लाइक किया या नहीं, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल पोस्ट में क्या दावा किया गया?
रिपोर्ट्स के अनुसार, पोस्ट में रणबीर को ट्रोल करने वाले लोगों से सहानुभूति दिखाने और उनकी परिस्थितियों को समझने की अपील की गई थी। इसमें कहा गया था कि किसी की गलती पर लगातार माफी मांगने का दबाव बनाने के बजाय उस पर पड़ने वाले भावनात्मक दबाव को भी समझना चाहिए। इस कथित पोस्ट को आलिया का लाइक मिलना अब चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी पोस्ट को शेयर करते हुए एक X अकाउंट से लिखा गया है,
आलिया भट्ट ने अभी-अभी यह स्टोरी देखी। खबरों के मुताबिक, रणबीर कपूर हत्या की धमकी के बावजूद कोलकाता के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। भाषण के दौरान एक पल के लिए उनकी जुबान लड़खड़ाई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जाने लगा और आखिरकार उन्हें माफी मांगनी पड़ी। वह सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बावजूद खुले मंच पर खड़े होकर कार्यक्रम में शामिल हुए थे। ऐसे हालात में अगर बोलते वक्त उनसे कोई शब्द गलत निकल गया, तो क्या इसके लिए उन्हें दोषी ठहराया जा सकता है? आलोचना करना अलग बात है, लेकिन सभी को संवेदनशीलता और सहानुभूति भी रखनी चाहिए।
रणबीर कपूर के 'रामायण' इवेंट में क्या हुआ था?
रणबीर कपूर कोलकाता में अपनी अपकमिंग फिल्म रामायण के प्रमोशनल इवेंट के दौरान उनकी जुबान फिसल गई थी और उन्होंने कहा था,
दशहरा हमें बहुत खूबसूरत बात याद दिलाता है कि चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में अंत सच्चाई और अच्छाई की ही होगी।
इसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। हालांकि, बाद में एक्टर ने सार्वजनिक रूप से अपनी गलती के लिए माफी मांगी। लेकिन माफी के बावजूद ऑनलाइन बहस थमी नहीं है और इस मामले को लेकर लोग लगातार रिएक्शंस सामने आ रहे हैं।
रणबीर कपूर ने माफ़ी मांगते हुए क्या कहा?
बुधवार को चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान रणबीर कपूर ने विवाद पर बात की और अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा,
मैं कल हुई घटना के लिए माफी मांगने का यह मौका लेना चाहता हूं। मैं दशहरा कार्यक्रम में मौजूद था और उस दौरान मेरी जुबान फिसल गई थी। मैं कहना यह चाहता था कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में जीत अच्छाई और सच्चाई की ही होती है।
अपनी सफाई में रणबीर ने अपनी फिल्म रॉकस्टार और संगीतकार ए.आर. रहमान के साथ अपने जुड़ाव का भी मजेदार अंदाज में जिक्र किया। फिल्म के गाने की एक पंक्ति दोहराते हुए उन्होंने कहा,
जो भी कहना चाहूं, बर्बाद करें अल्फाज मेरे।’चेन्नई में इस कार्यक्रम में रणबीर के साथ उनकी फिल्म रामायण की को-स्टार साई पल्लवी भी मौजूद थीं।







