‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर ने अरुण गोविल को आइकॉनिक राम बताया। उन्होंने कहा कि यह भूमिका उनके लिए सिर्फ एक फिल्मी रोल नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है।

रणबीर कपूर जल्द ही ‘रामायणम्’ (Ramayana) में भगवान राम के किरदार में नजर आने वाले हैं। मूवी में उनका लुक कैसा है, वो भी टीजर के जरिए सामने आ चुका है। इस भूमिका को लेकर एक्टर ने अपनी सोच शेयर की है। रणबीर ने अरुण गोविल को ‘आइकॉनिक राम’ बताते हुए कहा कि उनके लिए इस किरदार को निभाना सिर्फ एक फिल्म का हिस्सा नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है।

अरुण गोविल को रणबीर ने बताया आइकॉनिक राम

फिल्म के मेकर्स की ओर से जारी किए गए बिहाइंड द सीन्स वीडियो में रणबीर ने अरुण गोविल के साथ काम करने और उनसे मिली सीख का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अरुण गोविल उनके लिए आइकॉनिक भगवान राम हैं। बता दें कि अरुण गोविल ने रामानंद सागर की चर्चित टीवी सीरीज ‘रामायण’ (Ramayan) में भगवान राम की भूमिका निभाई थी। उनका यह किरदार दर्शकों के बीच लंबे समय से याद किया जाता है। नई फिल्म में वह भगवान राम के पिता राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं।

भगवान राम का किरदार रणबीर के लिए सिर्फ एक रोल नहीं

रणबीर ने वीडियो में बताया कि भगवान राम की सबसे बड़ी ताकत उनके मुताबिक धनुष-बाण नहीं, बल्कि क्षमा करने की क्षमता थी। उन्होंने इस भूमिका को अपने लिए एक सामान्य फिल्मी किरदार से अलग बताया। एक्टर ने यह भी कहा कि उनकी कोशिश सिर्फ किरदार के लायक बनने की नहीं, बल्कि उस आस्था के लायक बनने की है, जो लोग रामायण की कहानी से जोड़कर देखते हैं।

अरुण गोविल ने भी रणबीर की तारीफ की

अरुण गोविल ने BTS वीडियो में रणबीर के बारे में बात करते हुए कहा कि जिस तरह से उन्होंने भगवान राम की कल्पना की थी, उसमें उन्हें रणबीर की कुछ खूबियां दिखाई देती हैं। उन्होंने रणबीर के व्यवहार का भी जिक्र किया और बताया कि अभिनेता सेट पर उनके पैर छूते थे। गोविल के मुताबिक, आज के युवा कलाकारों में रणबीर उन्हें भगवान राम की भूमिका के लिए सबसे करीब नजर आते हैं। हालांकि, इससे पहले गोविल यह भी कह चुके हैं कि वह रणबीर के राम के रूप में अभिनय का आकलन फिल्म देखने के बाद ही करना चाहेंगे। उन्होंने रणबीर को अच्छा अभिनेता और अच्छा इंसान बताया था।

और पढ़ें: Ramayana Release Date में बड़ा ट्विस्ट, अब दिवाली पर नहीं, इतने दिन पहले ही आ जाएगी फिल्म!

YouTube video player

नितेश तिवारी ने क्यों चुना रणबीर को?

निर्देशक नितेश तिवारी ने भी फिल्म के BTS वीडियो में रणबीर की कास्टिंग पर अपनी बात रखी। उनके मुताबिक, भगवान राम जैसे किरदार के लिए किसी अभिनेता का चयन आसान नहीं है और फिल्म की टीम को रणबीर में इस भूमिका के लिए जरूरी खूबियां नजर आईं। ‘रामायणम्’ (Ramayana) में रणबीर के साथ साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है।

और पढ़ें: ‘रामायण’ में यश बने रावण, भारी गहने और शाही मुकुट में दिखा दमदार अवतार