‘रामायणम्’ (Ramayana) से यश का रावण के रूप में पहला ऑफिशियल पोस्टर रिलीज हो गया है। सोने का मुकुट, भारी गहने और तीखी नजरों वाले इस लुक ने फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। रणबीर कपूर और साई पल्लवी के बाद अब मेकर्स ने यश का रावण के रूप में पहला ऑफिशियल पोस्टर जारी किया है। पोस्टर में यश का लुक काफी भव्य और इंप्रेसिव नजर आ रहा है।

रावण के लुक में यश का दमदार अंदाज

पोस्टर में यश को सोने और कीमती रत्नों से सजे मुकुट में देखा जा सकता है। उनके गले में भारी हार और हाथों में सोने के कंगन नजर आ रहे हैं। सबसे ज्यादा ध्यान उनकी तीखी नजरें खींचती हैं, जो उनके रावण वाले किरदार को एक अलग प्रभाव देती हैं। मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए रावण को ‘तीनों लोकों का शासक’ बताया है। यश के इस लुक को फिल्म के प्रमोशन में एक अहम झलक के तौर पर देखा जा रहा है।

फैंस को पसंद आ रहा है यश का रावण वाला लुक

फैंस को यश का रावण वाला लुक बहुत पसंद आ रहा है। एक फैंस ने लिखा,' सुपरस्टार यश।' एक ने लिखा,'रॉकी स्टार यश।' वहीं, एक ने लिखा, सुपरस्टार यश, कोई उनके औरा को मैच नहीं कर सकता है।' इसके साथ ही लोग पोस्टर पर खूब हार्ट इमोजी और फायर शेयर कर रहे हैं।

View post on Instagram
 

रणबीर-साई के बाद सामने आया यश का पोस्टर

इससे पहले ‘रामायण’ (Ramayana) से रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे का पोस्टर सामने आया था। इसमें रणबीर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई दिए थे। फिल्म में रणबीर कपूर और साई पल्लवी के साथ यश, सनी देओल और रवि दुबे अहम भूमिकाओं में हैं। सनी देओल फिल्म में हनुमान, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा अरुण गोविल दशरथ, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, काजल अग्रवाल मंदोदरी और लारा दत्ता कैकेयी की भूमिका निभा रही हैं।

दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायणम्’

‘रामायणम्’ (Ramayana) का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और इसे नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म को दो पार्ट में रिलीज किया जाएगा। पहला पार्ट दिवाली 2026 के मौके पर और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में रिलीज होने की जानकारी दी गई है। फिल्म को दुनियाभर में IMAX फॉर्मेट में भी रिलीज किया जाएगा।

यश का वर्क प्रोफाइल

यश साउथ सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेताओं में शामिल हैं। उन्हें ‘केजीएफ: चैप्टर 1’ (KGF: Chapter 1) और ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ (KGF: Chapter 2) से देशभर में बड़ी पहचान मिली। रॉकी भाई के किरदार ने उन्हें पैन-इंडिया स्टार के तौर पर स्थापित किया। अब ‘रामायण’ (Ramayana) में उनका रावण का किरदार उनके करियर की एक अलग तरह की भूमिका है।