रसिका दुग्गल ने ‘मिर्जापुर’ में बीना त्रिपाठी को रोल निभाया है। अदाकारा ने इस सीरीज का सबसे दर्दनाक सीन को याद किया। उन्होंने बताया कि बीना को बेबस देखकर वह टूट गई थीं और कैसे किरदार हर बार अपनी ताकत वापस हासिल करता है।
'मिर्जापुर' में बीना त्रिपाठी का रोल भला किसे याद नहीं होगा। एक ऐसी औरत जो बाहर से शांत और रहस्यमयी दिखती है, लेकिन अंदर उसके भीतर सत्ता, डर और बदले की एक अलग कहानी चलती है। रसिका दुग्गल ने इस किरदार को सिर्फ निभाया नहीं, बल्कि उसकी खामोशी और मजबूती को पर्दे पर बेहद प्रभावी तरीके से उतारा। अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज के बीच एक बार फिर बीना के सबसे दर्दनाक चैप्टर को लेकर रसिका ने खुलकर बात की है।
बीना को बेबस देखकर टूट गई थीं रसिका
‘मिर्जापुर’ के पहले सीजन के अंत में बीना त्रिपाठी के साथ उसके ससुर सत्यानंद त्रिपाठी यानी ‘बाऊजी’ ने बंदूक की नोक पर रेप किया। यह सीन पूरी सीरीज के सबसे परेशान करने वाले सीन में से एक है। वहीं, रसिका एक इंटरव्यू में बताती हैं, उनके लिए भी यह सीन निभाना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि बीना को हमेशा आत्मविश्वासी और सिचुएशन पर कंट्रोल रखने वाली महिला के तौर पर देखा गया है। ऐसे में उसी किरदार को अचानक पूरी तरह बेबस स्थिति में देखना उनके लिए बेहद भावुक अनुभव था। उन्होंने कहा कि बीना को उस हालत में देखकर वह अंदर से ‘शैटर्ड’ महसूस कर रही थीं।
असली ताकत यहीं से सामने आई
दिलचस्प बात यह है कि बीना की कहानी सिर्फ उसके साथ हुई हिंसा तक सीमित नहीं रहती। रसिका को किरदार की सबसे खास बात यही लगती है कि जब भी बीना से उसकी ताकत या फैसले लेने की आजादी छीनने की कोशिश होती है, वह किसी न किसी तरह वापसी करती है। पहले सीजन में बेबसी झेलने वाली बीना दूसरे सीजन में बाऊजी के खिलाफ खड़ी होती है और उसकी हत्या कर देती है। इस तरह कहानी उसके दर्द को सिर्फ दुख के रूप में नहीं छोड़ती, बल्कि उसे बदले और अपनी जिंदगी पर दोबारा कंट्रोल हासिल करने की दिशा में ले जाती है।
रसिका ने पितृसत्ता पर भी उठाया सवाल
रसिका दुग्गल ने बीना की कहानी को सिर्फ एक काल्पनिक किरदार की समस्या नहीं माना। उन्होंने इसे उस सामाजिक व्यवस्था से जोड़ा, जहां किसी महिला का अपने जीवन और फैसलों पर अधिकार पुरुषवादी सोच को असहज कर सकता है। उनके मुताबिक, जब कोई महिला अपनी जगह और अपनी ताकत पर अधिकार जताती है, तो उसे कमजोर करने या उसकी एजेंसी छीनने की कोशिश की जाती है। यही बात बीना के किरदार में भी दिखाई देती है।
और पढ़ें: Mirzapur The Movie Advance Booking: 'मिर्जापुर द मूवी' का धमाका, एडवांस में बिके इतने टिकट
बीना को निभाना सिर्फ डायलॉग बोलना नहीं था
रसिका के अनुसार बीना का किरदार निभाने के दौरान उन्होंने हाव-भाव और बॉडी लैंग्वेज पर बहुत काम करना पड़ा। असली चुनौती वहीं थी। रसिका ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार बीना के बारे में सुना था, तब उनके दिमाग में एक ऐसी महिला की छवि बनी थी, जिसके कमरे में प्रवेश करते ही लोगों का ध्यान उसकी तरफ चला जाए। बता दें कि 'मिर्जापुर द मूवी' 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुका है।
इसे भी पढ़ें: Mirzapur The Movie Review: बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ का भौकाल या हाल बेहाल? पढ़ें रिव्यू
