‘बिग बॉस 20’ में ऋति तिवारी ने पिता भोजपुरी सुपरस्टार और पॉलिटिशियन मनोज तिवारी की बेटी होने का दबाव और निजी जिंदगी के मुश्किल दौर पर खुलकर बात की, कई चौंकाने वाले खुलासे किए।

'बिग बॉस 20' के घर में भोजपुरी सुपरस्टार और बीजेपी नेता मनोज तिवारी की बेटी ऋति तिवारी ने अपनी जिंदगी के ऐसे पहलुओं पर बात की। उनकी बातों से उनके सामने आने वाली चुनौतियों का अंदाजा लगाया जा सकता है। मनोज तिवारी की बेटी होने के कारण उन्हें बचपन से ही अपने नाम के साथ एक अलग तरह का दबाव महसूस होता रहा है। शो में बातचीत के दौरान ऋति ने बताया कि पिता का नाम उनके लिए जहां एक खास पहचान है, वहीं इसी वजह से उन्हें कई गंभीर परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। उन्होंने अपनी निजी जिंदगी, माता-पिता के अलगाव और प्यार में मिले दर्द को लेकर भी बेबाकी से बात की।

मनोज तिवारी की बेटी होने का ऋति तिवारी पर कितना दबाव है?

मैरी कॉम से बातचीत में ऋति तिवारी ने कहा, “मेरे ऊपर हमेशा डबल प्रेशर रहा है। मैं जो भी बोलूंगी, ‘मनोज तिवारी की बेटी ने ये बोल दिया, वो ऐसी है।’” उनका कहना था कि उनकी कही बातों को अक्सर उनके पिता की राय से जोड़कर देखा जाता है। ऋति ने इसी बातचीत में गंभीर दावा करते हुए कहा, “मुझे जान से मारने की धमकियां हैं, रेप की धमकियां मिलती हैं, क्योंकि मैं उनकी बेटी हूं। लोग मेरी राय को ऐसे गिनते हैं कि ये उनका ही ओपिनियन होगा और उनके दम पर सब मुझे चढ़ाते हैं।”

माता-पिता के अलगाव का ऋति के रिश्तों पर क्या असर पड़ा?

कनिका मान से बातचीत में ऋति ने बताया कि माता-पिता के अलग होने और मां को अकेले जिंदगी संभालते देखने का उनके रिश्तों को लेकर सोच पर असर पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि अतीत में उनका सामना ऐसे पुरुषों से हुआ, जो रिश्ते में काफी कंट्रोलिंग थे। ऋति ऐसी स्थिति नहीं चाहतीं, जहां कोई उनकी जिंदगी पर जरूरत से ज्यादा नियंत्रण रखे। ऋति ने कहा, “मैं काम करना चाहती हूं, खुद कमाना चाहती हूं और अपनी पहचान बनाना चाहती हूं। लेकिन मैं किसी से प्यार कर चुकी हूं। मेरा सबसे अच्छा दोस्त और मैं 20 साल से एक-दूसरे को जानते हैं और मैं उससे प्यार करती थी। दुर्भाग्य से हाल ही में मेरा दिल टूट गया।”

ऋति तिवारी कौन हैं और क्या करती हैं?

ऋति सिंगर, सॉन्गराइटर, कंपोजर और प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने ‘बारिश’, ‘मानसिक संतुलन’, ‘झूठी बेबी’ और ‘घूम चुके’ जैसे गाने यूट्यूब और स्पॉटिफाई पर रिलीज किए हैं। सोशल मीडिया पर उनके 16.5 हजार फॉलोअर्स हैं। सलमान खान द्वारा होस्ट किए जा रहे शो में ऋति तिवारी के अलावा काजी तौकीर, आसिफ खान, कनिका मान, माही विज, आम्रपाली दुबे, अरिश्फा खान, अमन गांधी, युंग डीएसए, स्काउटओप और गुल्लू समेत कुल 16 प्रतियोगी ट्रॉफी के लिए मुकाबला कर रहे हैं। शो जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी पर उपलब्ध है।