‘राइज एंड फॉल 2’ में शहजाद पूनावाला और प्रियंका चाहर चौधरी के बीच तीखी बहस हुई। ‘गोल्ड डिगर’ कहे जाने पर प्रियंका इमोशनल हो गईं। उन्होंने भी जोरदार पलटवार किया।
Rise and Fall 2 Update: वीरेंद्र सहवाग के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में पहले ही हफ्ते से विवाद शुरू हो गया है। शो में शहजाद पूनावाला की कई कंटेस्टेंट्स के साथ बहस और लड़ाई देखने को मिल रही है। सिवेत तोमर के साथ हाथापाई के बाद अब शहजाद पूनावाला की टीवी एक्ट्रेस प्रियंका चाहर चौधरी के साथ भी तीखी बहस हो गई। शहजाद के लगातार तानों से परेशान होकर प्रियंका ने शो में कैमरों के सामने उन्हें धमकी दे दी। इसके बाद देखते ही देखते दोनों के बीच जमकर जुबानी जंग शुरू हो गई।
प्रियंका ने शहजाद को कहा ‘मैनचाइल्ड’
बहस के दौरान प्रियंका चाहर चौधरी काफी परेशान और गुस्से में नजर आईं। उन्होंने शहजाद को ‘मैनचाइल्ड’ कह दिया। इसके जवाब में शहजाद ने भी प्रियंका पर पलटवार करते हुए उन्हें ‘गोल्ड डिगर’ कह दिया। शहजाद ने प्रियंका पर तंज कसते हुए कहा, “गोल्ड डिगर सुना है? गोल्ड डिगर तो बहुत कॉमन है। आज भी प्रियंका जी विक्टिम कार्ड खेलने का तमाशा करेंगी।”
‘गोल्ड डिगर’ कहे जाने पर इमोशनल हुईं प्रियंका
शहजाद पूनावाला के इस कमेंट के बाद प्रियंका बेहद इमोशनल हो गईं। उनकी आंखों में आंसू आ गए। रोते हुए प्रियंका ने कहा, “यह यहां से भी पिटकर जाएगा, मुझे गोल्ड डिगर कह रहा है...1 मिनट तक के लिए नहीं सो पाई इसकी वजह से। मेरे परिवार को पालने वाली मैं हूं।” प्रियंका ने आगे गुस्से में कहा, “तमाचा यहां खाएगा...और तालियां बाहर बजेंगी।” प्रियंका की इन बातों पर शहजाद भी काफी भड़क गए। उन्होंने अपना माइक उतार दिया और कहा कि वह इस तरह की बातें बर्दाश्त नहीं कर सकते।
सिवेत तोमर से भी हुई थी शहजाद की हाथापाई
प्रियंका के साथ विवाद से पहले शहजाद पूनावाला की सिवेत तोमर के साथ भी हाथापाई हो चुकी है। बताया गया कि सिवेत ने शहजाद को इतनी जोर से धक्का दिया था कि वह जमीन पर गिर पड़े थे। इस हाथापाई के दौरान शहजाद के कपड़े तक फट गए थे। इस घटना के बाद से भी शो में शहजाद पूनावाला चर्चा में बने हुए हैं।
स्वरा भास्कर से भी हुई जुबानी जंग
शहजाद पूनावाला की शो में सिर्फ सिवेत और प्रियंका से ही भिड़ंत नहीं हुई है। स्वरा भास्कर के साथ भी उनकी जुबानी जंग देखने को मिल रही है। अब प्रियंका चाहर चौधरी के साथ हुए विवाद ने शो का माहौल और गर्म कर दिया है। ‘राइज एंड फॉल 2’ के पहले ही हफ्ते में इतने विवाद और झगड़े देखने को मिल चुके हैं कि आने वाले एपिसोड में भी दर्शकों को ऐसे और टकराव देखने को मिल सकते हैं।


