Salman Khan Maatrubhumi Release Update: सलमान खान की 'मातृभूमि' की रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट! फिल्म के लिए 15 अगस्त या 26 जनवरी की छुट्टी पर दांव नहीं खेलेंगे भाईजान। आखिर क्या है इसकी वजह?
सलमान खान की अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' रिलीज से पहले चर्चा में है। फिल्म को अभी सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिलनी बाकी है, लेकिन इसी बीच इसकी रिलीज रणनीति को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान फिल्म को 15 अगस्त या 26 जनवरी जैसे बड़े राष्ट्रीय अवकाश पर रिलीज करने की प्लानिंग नहीं बना रहे हैं। आमतौर पर इन तारीखों को देशभक्ति से जुड़ी फिल्मों के लिए बॉक्स ऑफिस का बड़ा मौका माना जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सलमान ने इस खास रणनीति से अलग रास्ता क्यों चुना है?
सलमान खान की 'मातृभूमि' 15 अगस्त या 26 जनवरी को क्यों नहीं होगी रिलीज?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद भी सलमान खान किसी राष्ट्रीय अवकाश पर रिलीज करने के लिए एक्साइटेड नहीं हैं। इंडस्ट्री से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि एक्टर को भरोसा है कि फिल्म की कहानी इतनी दमदार है कि वह किसी भी दिन दर्शकों में देशभक्ति का जज्बा जगा सकती है। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से लिखा है,
'मातृभूमि' को 15 अगस्त या 26 जनवरी को रिलीज किया जा सकता था, क्योंकि ये इसके लिए आदर्श मौके होते। लेकिन सलमान खान का मानना है कि देशभक्ति सिर्फ किसी एक खास दिन मनाने की चीज नहीं है।
सलमान खान ने देशभक्ति को लेकर क्या कहा?
रिपोर्ट के अनुसार, सलमान का मानना है कि देश के प्रति प्यार हर दिन महसूस किया जाना चाहिए, न कि सिर्फ राष्ट्रीय पर्वों पर। सूत्र ने उनके विचार साझा करते हुए कहा,
अपने देश के लिए प्यार हर दिन महसूस किया जाना चाहिए, उसे जाहिर करना चाहिए और उसका जश्न मनाना चाहिए। हमारे लिए फिल्म जिस भी दिन रिलीज होगी, वह देशभक्ति का दिन होगा। जिस तरह आप अपनी मां से सिर्फ मदर्स डे पर प्यार नहीं करते, उसी तरह अपने देश से प्यार को स्वतंत्रता दिवस या गणतंत्र दिवस तक सीमित नहीं रख सकते। सच्चा प्यार, चाहे मां के लिए हो या मातृभूमि के लिए, प्रतीकात्मक इशारों से कहीं बढ़कर होता है। यह ऐसी भावना है, जिसे आप हर दिन अपने दिल में लेकर चलते हैं।
इस सोच के चलते फिल्म के निर्माता 15 अगस्त की रिलीज विंडो को भी निशाना नहीं बना रहे हैं। हालांकि, फिल्म की अंतिम रिलीज तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
क्या 'मातृभूमि' सिर्फ युद्ध पर आधारित फिल्म है?
फिल्म को लेकर एक और दिलचस्प जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, मातृभूमि का मकसद केवल युद्ध की कहानी दिखाना नहीं है। युद्ध इसकी पृष्ठभूमि में जरूर रहेगा, लेकिन फिल्म का मुख्य फोकस पारिवारिक रिश्तों, संबंधों की नाजुकता और दोस्ती के विकास पर होगा। यानी फिल्म में देशभक्ति और युद्ध के साथ मानवीय रिश्तों को भी अहमियत दी जाएगी। इससे इसकी कहानी को सिर्फ एक पारंपरिक वॉर ड्रामा के बजाय भावनात्मक पहलुओं से जोड़कर पेश किए जाने की उम्मीद है।
'मातृभूमि' को सेंसर बोर्ड से कब मिलेगी मंजूरी?
फिलहाल मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की मंजूरी का इंतजार कर रही है। इससे पहले फिल्म की मंजूरी और संभावित रिलीज तारीख को लेकर कई रिपोर्ट्स सामने आई थीं। हालांकि, अभी तक सेंसर सर्टिफिकेट और रिलीज डेट पर अंतिम आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।







