51 साल से गैलेक्सी अपार्टमेंट में रह रहे सलमान खान और उनका परिवार जल्द नए सी-फेसिंग बंगले में शिफ्ट हो सकता है। रिपोर्ट्स में इसके पीछे की वजह भी सामने आई है।
मुंबई के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट को सलमान खान की पहचान माना जाता है। पिछले पांच दशकों से यही घर खान परिवार का स्थायी पता रहा है। लेकिन अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सलमान खान और उनका परिवार जल्द ही इस प्रतिष्ठित पते को अलविदा कह सकते हैं। बताया जा रहा है कि परिवार बांद्रा के चिम्बई इलाके में एक नया छह मंजिला सी-फेसिंग बंगला बनवा रहा है। इस प्रोजेक्ट को हाल ही में महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) से मंजूरी मिली है। हालांकि, अब तक सलमान खान या उनके परिवार की ओर से इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

51 साल बाद बदल सकता है सलमान खान का पता!
रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 1974 से गैलेक्सी अपार्टमेंट की पहली मंजिल सलमान खान के पिता और मशहूर लेखक सलीम खान के परिवार का घर रही है। परिवार के ज्यादातर सदस्य अब अलग-अलग घरों में रहते हैं, लेकिन सलमान खान आज भी अपने माता-पिता के साथ यहीं रहते हैं। अब खबर है कि पूरा परिवार जल्द नए बंगले में शिफ्ट हो सकता है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) ने 16 जून को बांद्रा के चिम्बई इलाके में नए आवासीय भवन के निर्माण को मंजूरी दी है। यह जमीन गैलेक्सी अपार्टमेंट से कुछ ही दूरी पर स्थित है और इसे साल 2011 में सलमान खान की मां सलमा खान (सुशीला चरक) ने खरीदा था।
यह भी पढ़ें : बॉलीवुड में सलमान खान के कितने दुश्मन? पंगा लेने के बाद कई का करियर हुआ तबाह
क्या सुरक्षा कारणों से लिया सलमान खान ने यह फैसला?
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से मिली लगातार धमकियों के बाद परिवार ने ज्यादा सुरक्षित घर बनाने का फैसला किया। साल 2024 में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग की घटना के बाद सलमान खान की मशहूर बालकनी को भी सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया था। नए बंगले में आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था होने की बात कही जा रही है।
कैसा होगा सलमान खान का नया घर?
जानकारी के मुताबिक, पहले इस जमीन पर दो मंजिला पुराना बंगला था, जिसे जर्जर हालत के कारण गिरा दिया गया। अब यहां ग्राउंड प्लस स्टिल्ट प्लस छह मंजिला रिहायशी इमारत बनाई जाएगी। यह निर्माण डेवलपमेंट कंट्रोल एंड प्रमोशनल रेगुलेशन 2034 के तहत होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्रोजेक्ट का निर्माण सच डेवलपर्स करेंगे। लगभग 1014.11 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इस प्रोजेक्ट के लिए बीएमसी अक्टूबर 2025 में प्रारंभिक मंजूरी (IOD) भी जारी कर चुकी है।
यह भी पढ़ें : सलमान खान पर फूटा 'काला हिरण' के डायरेक्टर का गुस्सा, बोले- वो मेरा करियर नहीं बिगाड़ सकते
खान परिवार का वादा- पेड़ों को नहीं होगा नुकसान
परिवार की ओर से कथित तौर पर आश्वासन दिया गया है कि निर्माण के दौरान किसी भी पेड़ को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा परियोजना स्थल और रिक्रिएशन एरिया में स्थानीय प्रजाति के नए पेड़ भी लगाए जाएंगे। फिलहाल सलमान खान और उनके परिवार की ओर से नए बंगले या गैलेक्सी अपार्टमेंट छोड़ने की खबर पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसलिए इन रिपोर्ट्स की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है। वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान अपनी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की शूटिंग पूरी कर चुके हैं। फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान अभी नहीं हुआ है। इसके अलावा वह इन दिनों नयनतारा के साथ फिल्म SVC 63 की शूटिंग में व्यस्त हैं।
