- Home
- Entertainment
- ‘सत्यानाश ही कर दिया’, 'धुरंधर पर भड़के बॉलीवुड दिग्गज, अजय देवगन की 'चौहान' पर भी उठाया सवाल
‘सत्यानाश ही कर दिया’, 'धुरंधर पर भड़के बॉलीवुड दिग्गज, अजय देवगन की 'चौहान' पर भी उठाया सवाल
गीतकार समीर अंजान ने ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी में पुराने गाने इस्तेमाल किए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने रीक्रिएशन में ओरिजिनल राइटर्स की अनदेखी और गानों को कहानी से अलग सीक्वेंस में लगाने पर नाराजगी जताई।

'धुरंधर' के गानों पर भड़के समीर अंजान
वेटरन गीतकार समीर अंजान ने निर्देशक आदित्य धर की ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी में पुराने गानों के इस्तेमाल पर कड़ी नाराजगी जताई है। कोमल नाहटा के शो ‘गेम चेंजर्स’ में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पुराने गानों को रीक्रिएट करना अपने आप में गलत नहीं है, क्योंकि इससे क्लासिक म्यूजिक नई पीढ़ी तक पहुंचता है। लेकिन समस्या तब शुरू होती है, जब पुराने गाने के मूल रचनाकारों को ही नजरअंदाज कर दिया जाता है।

ओरिजिनल राइटर को इग्नोर करना गलत: समीर
समीर अंजान ने कहा कि किसी रचना को दोबारा इस्तेमाल करने के साथ उसके मूल क्रिएटर के प्रति नैतिक जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। उन्होंने अपने गाने ‘दिलबर’ के रीक्रिएशन का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे यह गाना जेन जी तक दोबारा पहुंचा, लेकिन नए वर्जन में ओरिजिनल गीतकार की अनदेखी उन्हें खली। उनका कहना था, “अगर आप किसी चीज को बेहतर बना सकते हैं तो जरूर बनाइए, लेकिन ओरिजिनल को खराब करने के लिए उसके साथ खिलवाड़ मत कीजिए।”
'धुरंधर ने तो सत्यानाश कर दिया'
समीर ने ‘धुरंधर’ में पुराने गानों को एक्शन सीक्वेंस के बैकग्राउंड में इस्तेमाल करने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “फिल्मों जैसे ‘धुरंधर’ ने तो हालात और खराब कर दिए हैं। सत्यानाश कर दिया।” उन्होंने खास तौर पर ‘चौहान’ के ट्रेलर का जिक्र करते हुए कहा कि एक एक्शन सीक्वेंस में ‘जुम्मा चुम्मा’ बजाया गया है। समीर के मुताबिक, जब गोलियां चल रही हों और उसी दौरान पुराने गाने का इस्तेमाल किया जाए तो उसके मूल भाव और संदर्भ का क्या होता है?
'कहां है गाना?' पर उठाया बड़ा सवाल
‘जुम्मा चुम्मा’ को लेकर समीर ने अपनी नाराजगी साफ शब्दों में जाहिर की। उन्होंने कहा, “उन्होंने मेरा गाना रीक्रिएट किया, जबकि वहां गोलियां चल रही हैं। गाना कहां है?” साथ ही उन्होंने यह भी माना कि वह इंडस्ट्री के मालिक नहीं हैं कि किसी को रोक सकें। लेकिन उन्हें डर है कि अगर यही सिलसिला चलता रहा तो पुराने गानों की पहचान और उनकी साहित्यिक अहमियत धीरे-धीरे खत्म हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि आखिरकार सब कुछ बिगाड़ने के बाद इस्तेमाल करने के लिए कुछ बचेगा ही नहीं।
समीर ने उठाए बॉलीवुड के बदलते म्यूजिक कल्चर पर सवाल
समीर अंजान ने बॉलीवुड के बदलते म्यूजिक कल्चर पर भी निराशा जाहिर की। उन्होंने खास तौर पर आदित्य चोपड़ा और करण जौहर से जुड़े बड़े प्रोडक्शन बैनर्स का जिक्र किया। उनके मुताबिक, एक दौर में इन बैनर्स की फिल्मों में संगीत को खास महत्व दिया जाता था, लेकिन अब चीजें बदल गई हैं और वह समझ नहीं पा रहे कि आखिर बदलाव क्यों आया। उन्होंने यह तर्क भी खारिज किया कि उम्रदराज गीतकार नई पीढ़ी की पसंद या आज की संवेदनशीलता को नहीं समझ सकते।
कौन हैं समीर अंजान?
समीर अंजान हिंदी सिनेमा के चर्चित गीतकारों में शामिल हैं। दिग्गज गीतकार अंजान के बेटे समीर ने 1980 के दशक में करियर शुरू किया और ‘आशिकी’, ‘दिल’, ‘दीवाना’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाई। उनके लोकप्रिय गानों में ‘नजर के सामने’, ‘तेरी उम्मीद तेरा इंतजार’ और ‘कुछ कुछ होता है’ जैसे गीत शामिल हैं।
धुरंधर का बॉक्स ऑफिस रहा बड़ा
रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी में सारा अर्जुन, संजय दत्त, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल भी नजर आए। आदित्य धर निर्देशित फ्रेंचाइजी के कई पुराने गानों के रीक्रिएशन लोकप्रिय हुए हैं और दोनों फिल्मों ने मिलकर कथित तौर पर 3000 करोड़ रुपए से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।