नाना पाटेकर के निधन की खबर सुन शाहरुख खान ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और पुराना किस्सा शेयर किया। पहली मुलाकात में नाना ने शाहरुख से ऐसा क्या कहा था, जो आज भी उनके दिल में बसा है?

नाना पाटेकर के निधन ने हिंदी सिनेमा के कई सितारों को भीतर तक झकझोर दिया है। इस बीच शाहरुख खान ने दिवंगत एक्टर को याद करते हुए एक ऐसा किस्सा शेयर किया, जो उनकी पहली मुलाकात से जुड़ा है। यह सिर्फ दो कलाकारों की मुलाकात नहीं थी, बल्कि उस रिश्ते की शुरुआत थी, जिसमें नाना ने कभी लाड़-प्यार से ज्यादा सच बोलने को तवज्जो दी। शाहरुख ने बताया कि नाना का प्यार जताने का अंदाज भी बेहद अलग था और उनके साथ बिताए कई पल आज उनकी यादों का हिस्सा हैं। अपने भावुक संदेश में किंग खान ने नाना की एक खास सीख भी याद की, जो उनके मुताबिक हमेशा उनके साथ रहेगी।

शाहरुख खान की नाना पाटेकर से पहली मुलाकात कैसी रही?

शाहरुख खान ने बताया कि जब वह पहली बार नाना पाटेकर से मिले थे, तो उनके सामने खड़े होने की झिझक में वह अपने बालों से खेलने लगे। नाना ने उनका हाथ हटा दिया और तुरंत एक लाइन कह दी। शाहरुख के मुताबिक, वह बात आज भी उनके जेहन में जस की तस मौजूद है। उन्होंने लिखा,

जब मैं पहली बार उनसे मिला, तो उन्हें देखकर रोमांच और झिझक के कारण मैं अपने बालों से खेलने लगा। उन्होंने मेरा हाथ झटक दिया और कहा, ‘हीरो की तरह बाल मत बना... तू एक्टर है!'

यह भी पढ़ें : Nana Patekar Net Worth: परिवार के लिए कितनी दौलत छोड़ गए नाना पाटेकर, जानिए कितनी थी पहली कमाई?

नाना पाटेकर की कौन सी बात शाहरुख को सबसे ज्यादा याद रही?

शाहरुख ने कहा कि नाना लोगों की चापलूसी करने वालों में से नहीं थे। वह सामने वाले को वही बताते थे, जो उसे सुनना जरूरी होता था। उन्होंने नाना को सीधा, रूखा, ईमानदार और बेहद खूबसूरत मुस्कान वाला इंसान बताया। वे लिखते हैं,

वह आपकी खुशामद नहीं करते थे। वह आपको वह नहीं बताते थे, जो आप सुनना चाहते थे। वह आपको वही बताते थे, जो आपको सुनना जरूरी था। वह नाना थे—सीधे, रूखे, ईमानदार और सबसे खूबसूरत मुस्कान वाले इंसान।

नाना का प्यार जताने का अंदाज कैसा था?

शाहरुख ने नाना के प्यार जताने के अनोखे अंदाज को भी याद किया। उनके मुताबिक, नाना पहले डांटते थे और कई बार ऐसा लगता था कि वह नाराज हैं, लेकिन उनकी डांट के बीच ही उनका अपनापन महसूस होने लगता था। उन्होंने लिखा,

वह हमेशा प्यार जताने का एक अजीब तरीका रखते थे। पहले आप पर चिल्लाते थे और फिर तीसरी या चौथी गाली के बीच आपको एहसास होता था कि आपको गले लगाया जा रहा है। वह मुझसे प्यार करते थे और मैं भी उनसे उतना ही प्यार करता था।

शाहरुख खान ने नाना को सिर्फ एक्टर नहीं, क्या माना?

शाहरुख ने नाना को अपना मेंटॉर, शिक्षक, आलोचक और दोस्त बताया। उन्होंने लिखा कि नाना कैरम के खेल में भी उन्हें और आसपास के सभी लोगों को बार-बार हराते थे और अपनी जीत का भरपूर मजा लेते थे। बकौल SRK,

वह मेरे मेंटॉर, शिक्षक, आलोचक और दोस्त थे। वह कैरम के खेल में मुझे और अपने आसपास के हर व्यक्ति को बार-बार हराते थे और अपनी जीत का पूरा आनंद लेते थे।

यह भी पढ़ें : नाना पाटेकर के आखिरी 3 घंटे: दोस्त को मैसेज से 45 मिनट के CPR तक, कैसे कुछ घंटों में सब बदल गया?

शाहरुख खान ने नाना के लिए आखिरी बार क्या कहा?

शाहरुख ने लिखा कि नाना की तीव्रता, हंसी, पागलपन और प्यार हमेशा उनके साथ रहेगा। उन्होंने अफसोस जताया कि काश दोनों के पास एक और बातचीत, एक और बहस, एक और कप चाय और कैरम का एक और खेल खेलने का वक्त होता। लिखते हैं,

नाना, आपकी इंटेंसिटी, आपकी हंसी, आपका पागलपन और आपका प्यार हमेशा हमारे साथ रहेगा। बस मेरी इच्छा है कि हमारे पास कुछ और बातचीत करने, एक और बहस करने, एक और कप चाय पीने और कैरम का एक और खेल खेलने का वक्त होता।” उन्होंने आगे कहा कि नाना की कमी सिर्फ सिनेमा ही नहीं, बल्कि दुनिया और हर भारतीय के दिल में महसूस होगी। अंत में उनकी सबसे खास सीख दोहराते हुए शाहरुख ने लिखा, “हीरो बनने के चक्कर में एक्टर मत खोना।

View post on Instagram
 

शाहरुख ने नाना की आत्मा की शांति की कामना करते हुए उन्हें अपना “हीरो एक्टर” बताया और उनके कैरम चैंपियन होने का भी जिक्र किया।