दिशा सालियान केस में नाम चर्चा में आने के बाद सूरज पंचोली ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। एक्टर ने दिशा से कभी मिलने से इनकार किया और कहा कि वह किसी जांच से नहीं डरते और एजेंसियों के साथ सहयोग करेंगे।
दिशा सालियान की मौत से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में है। सीबीआई की ताजा जांच के बीच एक्टर सूरज पंचोली का नाम भी खबरों में आया है। अब एक्टर ने इस मामले पर अपनी बात खुलकर रखी है और कहा है कि उन्हें किसी बात का डर नहीं है। सूरज ने अपने बयान में कहा कि वह दिशा सालियान से कभी नहीं मिले। उन्होंने यह भी कहा कि वह शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे से भी कभी नहीं मिले हैं। एक्टर ने अपने नाम को इस मामले से जोड़ने को परेशान करने वाला बताया है।
'मेरे पास छिपाने को कुछ नहीं'
सूरज पंचोली का कहना है कि पिछले कई सालों से उनका नाम दिशा सालियान की मौत से जुड़े विवाद में लिया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि वह हर रिपोर्ट पर रिएक्शन नहीं देना चाहते थे, लेकिन लगातार उनका नाम सामने आने के बाद उन्होंने सार्वजनिक तौर पर अपना पक्ष रखने का फैसला किया। एक्टर ने यह भी कहा कि इस मामले में CBI और पुलिस उनसे पहले पूछताछ कर चुकी हैं और उनका बयान रिकॉर्ड किया गया था। उन्होंने कहा कि अगर जांच एजेंसियों को दोबारा उनसे किसी जानकारी की जरूरत होगी तो वह सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
'मुझे जान से मारने की मिल रही है धमकी'
24 सितंबर को सूरज पंचोली ने दिशा सालियान केस पर बोलने के लिए इंस्टाग्राम का सहारा लिया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'मैं यह बात एक बार फिर कह रहा हूं, मुझे इसे दोहराना पड़ रहा है क्योंकि साफ है कि जब मैं यह कहता हूं तो लोग इसे समझते नहीं हैं। मैं अपनी जिंदगी में कभी भी दिवंगत दिशा सालियान या आदित्य ठाकरे से नहीं मिला हूं। एक बार भी नहीं। न सीधे तौर पर, न ही किसी और तरह से। और फिर भी, ऑनलाइन बदसलूकी बंद नहीं हुई है। मुझे हर तरह के बुरे नामों से बुलाया गया है और जान से मारने की धमकियां भी मिली हैं। लोग मान बैठे हैं कि मैं जरूर डरा हुआ हूं। लेकिन मैं डरा हुआ नहीं हूं।'
'हेडलाइन या बहस सबूत नहीं'
सूरज ने लोगों से अपील की कि किसी मीडिया रिपोर्ट, टीवी बहस या सोशल मीडिया पोस्ट को अपने आप में सबूत न माना जाए। उनका कहना है कि किसी व्यक्ति के बारे में राय बनाने से पहले तथ्यों की जांच होनी चाहिए।
और पढ़ें:सुशांत सिंह राजपूत और दिशा सालियान केस में नया मोड़, बहन श्वेता ने सचिन वाजे से की ये मांग
दिशा सालियान केस में क्या है ताजा मामला?
दिशा सालियान, अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। जून 2020 में मुंबई के मालाड इलाके में एक इमारत से गिरने के बाद उनकी मौत हुई थी। उनकी मौत को लेकर समय-समय पर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं। सितंबर 2026 में बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद CBI ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू की।
