'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' ने भारत में छठे दिन भी शानदार पकड़ बनाए रखी। फिल्म ने भारत में 300 करोड़ रुपए से ज्यादा कमाए, जबकि वर्ल्डवाइड आंकड़ा 10 हजार करोड़ के करीब है।

मार्वल की सुपरहीरो फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' इंडियन बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत बनी हुई है। वीकडे में सामान्य गिरावट के बावजूद फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही। ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के छठे दिन भी फिल्म ने शानदार कमाई दर्ज की और नेट 300 करोड़ रुपए के क्लब में शामिल हो गई। अंग्रेजी के साथ हिंदी डब वर्जन भी अच्छी कमाई कर रहे हैं। देशभर में 16 हजार से ज्यादा शोज़ के साथ फिल्म की ऑक्यूपेंसी भी मजबूत रही, जिससे साफ है कि यह अब तक की सबसे बड़ी हॉलीवुड रिलीज़ में शामिल होने की ओर बढ़ रही है। वहीं दुनियाभर में यह 10 हजार करोड़ के आंकड़े के करीब पहुंच गई है।

'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' ने छठे दिन कितनी कमाई की?

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' ने रिलीज के छठे दिन यानी पहले मंगलवार को लगभग 21.50 करोड़ रुपए की कमाई की है। यह 5वें दिन (सोमवार) के मुकाबले 9.7% फीसदी है। लेकिन वीक डे के नजरिये से देखें तो शानदार प्रदर्शन है। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 303.25 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है, जबकि भारत ग्रॉस कलेक्शन 362.61 करोड़ रुपए हो गया है।

'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' के किस वर्जन ने कितनी कमाई की?

वर्जनभारत में 6ठे दिन की नेट कमाईभारत में अब तक की कुल नेट कमाई
इंग्लिश11.50 करोड़ रुपए165.85 करोड़ रुपए
हिंदी8 करोड़ रुपए108 करोड़ रुपए
तमिल1.20 करोड़ रुपए15.70 करोड़ रुपए
तेलुगु75 लाख रुपए13.05 करोड़ रुपए
कन्नड़2 लाख रुपए27 38 लाख रुपए
मलयालम3 लाख रुपए38 लाख रुपए
कुल कलेक्शन21.50 करोड़ रुपए303.25 करोड़ रुपए

वर्ल्डवाइड कितना हुआ 'स्पाइडर-मैन : ब्रैंड न्यू डे' का कलेक्शन?

सोनी पिक्चर्स ने घोषणा की है कि टॉम हॉलैंड, ज़ेंडाया और सैडी सिंक स्टारर 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' ने रिलीज़ के सिर्फ छह दिनों में दुनियाभर में 1.05 अरब डॉलर (लगभग 9985 करोड़ रुपए) से ज्यादा की कमाई कर ली है। इसके साथ ही यह उपलब्धि हासिल करने वाली इतिहास की दूसरी सबसे तेज़ फिल्म बन गई है। पहले स्थान पर अब भी 'एवेंजर्स: एंडगेम' है, जिसने शुरुआती वीकेंड में 1.2 अरब डॉलर का कारोबार किया था।