Sunita Ahuja Govinda divorce case: गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने उनके खिलाफ दायर तलाक का केस वापस ले लिया है। उनके मैनेजर ने इसकी पुष्टि की है। जानें क्या है पूरा मामला।
गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर लंबे समय से चल रहा तलाक का बज आखिरकार एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। सुनीता आहूजा ने अपने पति गोविंदा के खिलाफ दायर किया गया तलाक का केस वापस ले लिया है। इस खबर की पुष्टि गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने की है। इसके साथ ही दोनों के अलग होने की चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगता नजर आ रहा है।
फैमिली कोर्ट पहुंचकर वापस लिया केस
सुनीता आहूजा बुधवार को मुंबई की बांद्रा फैमिली कोर्ट पहुंची थीं। वह अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ कोर्ट के बाहर नजर आईं। उस वक्त पैपराजी ने जब उनसे कोर्ट आने की वजह पूछी तो सुनीता ने सीधे जवाब देने के बजाय मजाकिया अंदाज में कहा कि वह “बर्थडे मनाने आए हैं।” बाद में सामने आया कि वह गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक की याचिका वापस लेने के लिए कोर्ट पहुंची थीं। गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि सुनीता ने तलाक का केस वापस ले लिया है और अब दोनों के बीच अलगाव नहीं है। उन्होंने इसे परिवार के लिए अच्छी खबर बताया।
और पढ़ें - गोविंदा के अफेयर पर खेसारी लाल यादव का तंज, बोले- ‘इस उम्र में ये सब...’, देखें Video
‘शुगर डैडी’ वाले बयान से मचा था बवाल
तलाक की खबरों के बीच सुनीता आहूजा अपने बयानों को लेकर भी लगातार सुर्खियों में थीं। हाल ही में उन्होंने गोविंदा की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनकी तस्वीरों पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेता को ‘शुगर डैडी’ कह दिया था। उन्होंने गोविंदा पर बेवफाई से जुड़े आरोप भी लगाए थे, जिसके बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। सुनीता के इस बयान पर गोविंदा ने भी चुप्पी तोड़ी थी। अभिनेता ने एक वीडियो संदेश के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके काम में दखल दिया जा रहा है और ऐसी बातों से उनके करियर और कारोबार को नुकसान पहुंच सकता है।
गोविंदा ने भी दिया था पत्नी के बयानों पर जवाब
गोविंदा ने सुनीता के सार्वजनिक बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाषा को लेकर भी नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि परिवार से जुड़े लोगों के बारे में सार्वजनिक रूप से इस तरह की बातें करने से पहले सोचने की जरूरत है। अभिनेता ने यह भी कहा कि किसी के परिवार को इस तरह शर्मिंदा या बदनाम नहीं किया जाना चाहिए। हालांकि, अब सुनीता द्वारा तलाक का केस वापस लिए जाने के बाद इस पूरे विवाद ने एक अलग मोड़ ले लिया है।
और पढ़ें - सुनीता आहूजा बेटे यशवर्धन संग पहुंचीं फैमिली कोर्ट, तलाक पर पैपराजी को दिया ये जवाब
मैनेजर ने कहा- परिवार के मामले घर में ही रहने चाहिए
गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इस पूरे मामले के मीडिया में आने पर निराशा भी जाहिर की। उनके मुताबिक, पारिवारिक विवादों को घर के अंदर बैठकर सुलझाना बेहतर होता है और मामला कोर्ट तक पहुंचने के बाद पूरी दुनिया की नजर उस पर पड़ जाती है। उन्होंने कहा कि जब आज केस वापस लिया गया है तो सवाल यह भी उठता है कि इसे पहले दाखिल करने की जरूरत क्यों पड़ी। मैनेजर ने यह भी कहा कि इस समय गोविंदा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है और परिवार के सभी लोगों के लिए बेहतर यही है कि समझदारी से फैसला लिया जाए।
क्या अब साथ रहेंगे गोविंदा और सुनीता?
तलाक का केस वापस लेने से यह साफ है कि फिलहाल दोनों के बीच कानूनी अलगाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है। रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि दोनों पहले अपने मतभेद सुलझाने की कोशिश कर चुके हैं और सार्वजनिक तौर पर साथ नजर भी आए हैं। हालांकि, सुनीता और गोविंदा अपने रिश्ते को लेकर आगे क्या फैसला लेते हैं, इस पर दोनों की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल इतना जरूर कहा जा सकता है कि जिस रिश्ते को लेकर महीनों से तलाक की अटकलें लग रही थीं, उसमें अब एक बड़ा मोड़ आ गया है।
