फिल्मों और टीवी शोज में नजर आ चुका एक सपोर्टिंग एक्टर असल में हत्या का दोषी निकला। 12 साल पहले पैरोल तोड़कर फरार हुआ यह आरोपी फिल्मों में काम करता रहा और सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहा। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कई बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर कर चुका है।

फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। कई फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी शोज में नजर आ चुका सपोर्टिंग एक्टर हेमंत उर्फ नागिंदास परशोत्तमदास मोदी वैष्णव असल में हत्या का दोषी निकला। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 53 साल के आरोपी को 12 साल बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वह 2014 में पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार हो गया था। हैरानी की बात यह है कि फरारी के दौरान उसने अपना नाम बदल लिया और फिल्म इंडस्ट्री में लगातार काम करता रहा। आरोपी आमिर खान, रणवीर सिंह, अमिताभ बच्चन और सनी देओल जैसे सितारों की फिल्मों में भी नजर आ चुका है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

12 साल से फरार था आरोपी

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने बुधवार को हेमंत उर्फ नागिंदास परशोत्तमदास मोदी वैष्णव को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, वह 2005 में अहमदाबाद के नरोडा इलाके में हुए हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। उस पर IPC की धारा 302, 324, 147, 148, 149 और 120(B) समेत BP एक्ट की धारा 135(1) के तहत मामला दर्ज था। 2014 में पैरोल मिलने के बाद वह फरार हो गया था।

पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच को बुधवार को सूचना मिली थी कि आरोपी अहमदाबाद आया हुआ है। इसके बाद पुलिस ने घीकांटा मेट्रो स्टेशन के पास उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक़, क्राइम ब्रांच अधिकारी ने बताया, “कल अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने हेमंत नागिंदास मोदी नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया, जो पैरोल तोड़ने के बाद 12 साल से फरार चल रहा था। वह हत्या के मामले में दोषी था और 2014 तक जेल में रहा। इसके बाद वह फरार हो गया। इस दौरान आरोपी फिल्म इंडस्ट्री में अलग-अलग भूमिकाएं निभाता रहा और सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव था। उसकी कई वेब सीरीज भी रिलीज हुईं।” पुलिस ने आरोपी को बाकी सजा पूरी करने के लिए मेहसाणा जेल भेज दिया है।

फरारी के दौरान फिल्मों और वेब सीरीज में करता रहा काम

पुलिस के मुताबिक, फरारी के दौरान आरोपी ने अपना नाम बदल लिया था और फिल्म इंडस्ट्री में सपोर्टिंग एक्टर के तौर पर काम करने लगा। वह हिंदी, गुजराती और दूसरी भाषाओं की फिल्मों, वेब सीरीज, टीवी शोज और नाटकों में एक्टिव रहा। पुलिस ने कहा कि फरारी के दौरान भी उसने काफी एक्टिव और दिखाई देने वाला करियर बनाए रखा। हेमंत कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा रह चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने आमिर खान, कैटरीना कैफ और अमिताभ बच्चन की ‘ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तां’, रणवीर सिंह की ‘जयेशभाई जोरदार’, सारा अली खान और आदित्य रॉय कपूर की ‘मेट्रो इन दिनों’ और मोहनलाल-पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर ‘L2 Empuraan’ में काम किया है। उसकी अपकमिंग फिल्मों में सनी देओल और प्रीति जिंटा की ‘लाहौर 1947’ भी शामिल है। इसके अलावा वह ‘वागले की दुनिया’ और ‘मेरे साईं’ जैसे टीवी शोज में भी नजर आ चुका है।