'बंटवारा 1947' में सनी देओल 16 साल बाद मुस्लिम किरदार में लौट रहे हैं। जानिए अब तक किन 6 फिल्मों में उन्होंने मुस्लिम रोल निभाया और उनका बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड कैसा रहा।
सनी देओल की नई फिल्म 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल सिकंदर मिर्ज़ा नाम का किरदार निभा रहे हैं। तकरीबन 16 साल बाद ऐसा मौका आया है, जब सनी पाजी मुस्लिम किरदार में लौटे हैं। अगर पूरे करियर की बात करें तो सनी देओल अब तक 6 बार मुस्लिम कैरेक्टर निभा चुके हैं। खास बात यह है कि इनमें से ज्यादातर फ़िल्में फ्लॉप साबित हुई हैं। अब यह तो वक्त ही बताएगा कि 'बंटवारा 1947' कैसी चलती है। इससे पहले जानिए उन फिल्मों के बारे में, जिनमें सनी देओल ने मुस्लिम किरदार निभाया है...
1.सोहनी महिवाल (1984)

उमेश मेहरा के निर्देशन में बनी हिस्टोरिकल रोमांस ड्रामा 'सोनी महिवाल' में सनी देओल ने मिर्ज़ा इज्ज़त बेग नाम का किरदार निभाया था। फिल्म के उनके उनके साथ पूनम ढिल्लन, जीनत अमान, तनुजा और प्राण जैसे कलाकार भी दिखे थे। फिल्म हिंदी के साथ-साथ रूसी भाषा में भी रिलीज हुई थी। भारत में यह फिल्म हिट थी, जबकि सोबियत यूनियन में यह ब्लॉकबस्टर रही थी।
2. सल्तनत (1986)

इस एपिक एक्शन एडवेंचर ड्रामा का डायरेक्शन मुकुल एस. आनंद ने किया था। फिल्म में धर्मेंद्र लीड रोल में थे और उनके साथ सनी देओल, श्रीदेवी, जूही चावला, करण कपूर, टॉम ऑल्टर, अमरीश पुरी, शक्ति कपूर और दलीप ताहिल जैसे कलाकार भी नज़र आए थे। फिल्म में सनी द्दोल ने जनरल खालिद (धर्मेंद्र) के बेटे सुल्तान पीरज़ादा का रोल किया था। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म फ्लॉप रही थी।
यह भी पढ़ें : सनी देओल ने बताया अपना पाकिस्तान कनेक्शन! सुनाई बंटवारे के दर्द की इमोशनल कहानी
3.इंसानियत (1994)

रमनजीत उर्फ़ टॉनी जुनेजा के डायरेक्शन में बनी इस एक्शन थ्रिलर फिल्म में अमिताभ बच्चन, सनी देओल, चंकी पांडे, जया प्रदा, रवीना टंडन, सोनम, नूतन, विनोद मेहरा, अनुपम खेर, प्रेम चोपड़ा और शफी ईमानदार जैसे कलाकारों ने काम किया था। फिल्म में सनी देओल ने करीम लाला नाम का रोल निभाया था। फिल्म बुक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी।
4. काफिला (2007)

इस एक्शन फिल्म का डायरेक्शन अमितोज मान ने किया था। सनी देओल फिल्म में कर्नल समीर अहमद खान के रोल में नज़र आए थे। उनके साथ अमितोज मान, सना नवाज़, सारा लॉरेन, सुदेश बैरी और सतवंत कौर जैसे कलाकार भी दिखाई दिए थे। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म डिजास्टर साबित हुई थी।
यह भी पढ़ें :'बंटवारा 1947' के 6 सबसे पावरफुल डायलॉग्स, थिएटर में हर लाइन पर बजेगी सीटी
5. खुदा कसम (2010)

यह एक्शन ड्रामा फिल्म डायरेक्टर के.सी बोकाड़िया ने बनाई थी। फिल्म में सनी देओल हुसैन नाम के किरदार में थे। उनके साथ तब्बू, आशीष विद्याथी, मुकेश ऋषि, गोविंद नामदेव, फरीदा जलाल, रजा मुराद, बीना और सदाशिव अमरापुरकर जैसे कलाकारों ने भी फिल्म में काम किया था। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म डिजास्टर साबित हुई थी।
6. बंटवारा 1947 (2026)

यह सनी देओल की अपकमिंग पीरियड ड्रामा फिल्म है, जिसमें वे सिकंदर मिर्ज़ा नाम का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में उनके साथ प्रिटी ज़िंटा, शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकारों ने भी काम किया है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी। अब देखना यह है कि बॉक्स ऑफिस पर यह हिट रहती है या नहीं।
