Tamanna Bhatia Reacts On Annu Kapoor Dudhiya Badan Comment: तमन्ना भाटिया ने अन्नू कपूर के पुराने कमेंट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह ऐसी बातों पर ध्यान नहीं देतीं। एक्ट्रेस ने बताया कि उनका फोकस सिर्फ अपने काम और एक्टिंग पर है।

बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने आखिरकार अन्नू कपूर के उस पुराने कमेंट पर अपनी बात रखी है, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था। पिछले साल एक पॉडकास्ट में अन्नू कपूर ने तमन्ना की खूबसूरती और रंगत को लेकर कमेंट किया था। उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना भी हुई थी। अब एक इवेंट में तमन्ना से इस बारे में सवाल पूछा गया। एक्ट्रेस ने साफ किया कि वह ऐसी बातों को तवज्जो नहीं देतीं और अपने काम पर ध्यान केंद्रित रखती हैं। साथ ही उन्होंने अपने करियर और आने वाली फिल्म को लेकर भी चर्चा की।

अन्नू कपूर के कमेंट पर तमन्ना भाटिया ने क्या कहा?

एनडीटीवी प्रॉफिट इग्नाइट में तमन्ना भाटिया से पूछा गया कि क्या अन्नू कपूर के कमेंट से उन्हें फर्क पड़ा? उनसे यह भी सवाल हुआ कि क्या उनकी फिल्में चुनने का तरीका दर्शकों के बीच उनकी पुरानी छवि बदलने की कोशिश है। इस पर तमन्ना ने कहा, “मुझे लगता है कि एक रचनात्मक व्यक्ति के तौर पर हमारा सबसे जरूरी काम सुनना है। और जब हम सुनते हैं, तो हम किन बातों को अपने पास रखते हैं और किन्हें नजरअंदाज करते हैं, यह समझना बहुत जरूरी है। और क्योंकि आप भी एक महिला हैं, आप समझ सकती हैं कि अगर हम ऐसी बातों को महत्व देना शुरू कर दें, तो शायद हम जिंदगी में आगे नहीं बढ़ पाएंगे।”

तमन्ना ने आगे कहा, “इसलिए मैं इन चीजों को देखती तक नहीं हूं। मैं अपने काम पर ध्यान देती हूं। मैं इस बात पर ध्यान देती हूं कि मैं क्या बनाना चाहती हूं। मैं अपने एक्टिंग करियर पर ध्यान देती हूं। और सच कहूं तो, मेरे हिसाब से मैं अपने काम को एक सेवा की तरह करना चाहती हूं। और मैं ऐसा ही करती हूं। शायद इसी वजह से मेरा काम लोगों तक पहुंचता है, क्योंकि कहीं न कहीं इसकी शुरुआत एक सही जगह से होती है।”

अन्नू कपूर ने तमन्ना भाटिया के बारे में क्या कहा था?

पिछले साल अन्नू कपूर शुभंकर मिश्रा के यूट्यूब चैनल पर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान 'आज की रात' गाने की क्लिप का जिक्र हुआ और होस्ट ने कहा कि वह तमन्ना को पसंद करते हैं। इस पर अन्नू कपूर ने टिप्पणी की, “माशाअल्लाह, क्या दूधिया बदन है।” उन्होंने आगे कहा, “बहन, अपने गाने से, अपने शरीर से, अपने दूधिया चेहरे से हमारे बच्चों को सुलाती हैं... बहुत अच्छी बात है। देश के ऊपर कृपा होगी अगर हमारे देश के बच्चे अच्छी और स्वस्थ नींद सोएं। अगर और भी कुछ इच्छा है, तो भगवान उनको समर्थ करें कि उनकी इच्छा पूरी हो। यह मेरा आशीर्वाद है।” इस टिप्पणी के बाद अन्नू कपूर को आलोचना का सामना करना पड़ा था और उनके शब्दों को कई लोगों ने महिला-विरोधी बताया था।

तमन्ना भाटिया की अगली फिल्म कौन-सी है?

तमन्ना हाल ही में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ फिल्म ‘व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में नजर आई थीं। अब वह बालाजी मोशन पिक्चर्स की फिल्म ‘रागिनी एमएमएस 3’ में दिखाई देंगी। फिल्म में जुनैद खान भी अहम भूमिका में हैं और इसकी रिलीज 2027 में तय की गई है।