क्या बिना सलमान खान के बनेगी 'तेरे नाम 2'? क्या 'रंगीला' को मिलेगा नया हीरो-हीरोइन? 'तनु वेड्स मनु' फ्रेंचाइजी में लौटेंगे आर. माधवन और कंगना रनौत? और आखिर क्या है Eros का 9 फिल्मों वाला मायथोलॉजी यूनिवर्स? एक ऐलान ने बॉलीवुड में मचा दी हलचल।
इंडियन एंटरटेनमेंट वर्ल्ड में एक बड़ा ऐलान हुआ है। Eros Innovation ने अपनी नई कंटेंट रणनीति का खुलासा करते हुए तीन बड़े प्रोजेक्ट्स—Eros Brahmand, Eros Universe और Eros Remastered का ऐलान किया है। इसके साथ यह भी साफ कर दिया गया है कि 6 पॉपुलर और सुपरहिट फिल्मों को सीक्वल के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। खास बात यह है कि इनमें एक फिल्म सलमान खान की है तो एक आमिर खान की। बाकी 4 फ़िल्में भी वो हैं, जिन्हें दर्शकों ने ना केवल पसंद किया है, बल्कि सराहा भी है। यहां पढ़ें पूरी डिटेल.…

इरोज यूनिवर्स में लौटेंगी सुपरहिट फिल्मों की दुनिया
इरोज यूनिवर्स के तहत छह पॉपुलर फिल्मों को नए फ्रेंचाइजी मॉडल में आगे बढ़ाने का प्लान बनाया गया है। इनमें तनु वेड्स मनु – द नेक्स्ट चैप्टर, फोबिया, इंग्लिश विंग्लिश, देसी बॉयज, रंगीला और तेरे नाम शामिल हैं। इन प्रोजेक्ट्स में नई कहानियां और नए किरदार देखने को मिल सकते हैं। ऐलान के बाद सबसे ज्यादा चर्चा 'तेरे नाम' के नए चैप्टर को लेकर हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म मूल कहानी की सीधी अगली कड़ी नहीं, बल्कि एक नए नज़रिए के साथ बनाई जा सकती है। ऐसे में सलमान खान के प्रतिष्ठित किरदार राधे की वापसी को लेकर फिलहाल कोई पुष्टि नहीं है। 2003 में रिलीज हुई 'तेरे नाम' को सलमान खान के करियर की सबसे दमदार परफॉर्मेंस में गिना जाता है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों का भरपूर प्यार मिला था।
'रंगीला' को मिलेगा नया अवतार
1995 में रिलीज हुई 'रंगीला' ने भारतीय सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई थी। फिल्म के संगीत, कहानी और उर्मिला मातोंडकर के अभिनय को खूब सराहा गया था। अब इस फिल्म की दुनिया को नए किरदारों और नई कहानी के साथ आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इस वजह से आमिर खान और उर्मिला मातोंडकर के लौटने की संभावना फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
'तनु वेड्स मनु' फ्रेंचाइजी पर भी बड़ा अपडेट
सबसे ज्यादा एक्साइटमेंट तनु वेड्स मनु - नेक्स्ट चैप्टर' को लेकर दिखाई दे रही है। फ्रेंचाइजी की पिछली दोनों फिल्मों में कंगना रनौत और आर. माधवन मुख्य भूमिकाओं में थे। नई फिल्म का डायरेक्शन मिताक्षरा कुमार करेंगी। यह प्रोजेक्ट 2026 में फ्लोर पर लाने की तैयारी में है। हालांकि, कंगना और माधवन की वापसी पर अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।
'इंग्लिश विंग्लिश', 'देसी बॉयज', 'फोबिया' को भी मिलेगा विस्तार
इरोज की योजना सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है। कंपनी इन लोकप्रिय टाइटल को फिल्म, एनीमेशन, माइक्रोड्रामा और कैरेक्टर आधारित कंटेंट के रूप में भी विकसित करना चाहती है। 'इंग्लिश विंग्लिश' दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की यादगार फिल्मों में शामिल है, जबकि 'देसी बॉयज' में अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम नजर आए थे। वहीं 'फोबिया' में राधिका आप्टे ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
इरोज ब्रह्मांड: पौराणिक कथाओं पर बनेगा विशाल सिनेमैटिक यूनिवर्स
इरोज ने 'इरोज ब्रह्मांड' नाम से एक नए मायथोलॉजी आधारित सिनेमैटिक यूनिवर्स की भी घोषणा की है। इसमें कुल नौ मूल प्रोजेक्ट्स शामिल होंगे। इनमें 'नंदी : वॉर ऑफ़ कैलाशा', 'द्वारका गेटवे टू द यूनिवर्स', 'विमान वॉर्स', 'महाभारत 5000 AD', 'यक्षिणीज', 'ब्रह्मरक्षक', 'गरुडा', 'कुंभायन्ना' और 'मनसा देवी' शामिल हैं। कंपनी का दावा है कि ये सभी कहानियां भारतीय पौराणिक कथाओं और लोककथाओं से प्रेरित होंगी और आपस में जुड़ी हुई दुनिया का हिस्सा बनेंगी।
इरोस रीमास्टर्ड के जरिए लौटेंगी क्लासिक फिल्में
तीसरी पहल इरोस रीमास्टर्ड (Eros Remastered) है, जिसके तहत क्लासिक फिल्मों को आधुनिक तकनीक के साथ नए दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य पुरानी लोकप्रिय फिल्मों को नई पीढ़ी के सामने फिर से पेश करना है। इरोज इनोवेशन के फाउंडर और चेयरमैन किशोर लुल्ला ने कहा, "हम एक ही मंच पर पौराणिक कथाओं से प्रेरित नई कहानियां, दर्शकों की पसंदीदा फिल्म फ्रेंचाइजी और क्लासिक सिनेमा को साथ ला रहे हैं। हमारा उद्देश्य ऐसी कहानियां तैयार करना है जो अलग-अलग पीढ़ियों और विभिन्न माध्यमों के दर्शकों को जोड़ सकें।"
