डायरेक्टर दीपक कुमार मिश्रा की फिल्म 'द वन’ ने वीकेंड के बाद मंडे टेस्ट पास कर लिया है। सिद्धार्थ-तमन्ना की फिल्म 40 करोड़ के बेहद करीब पहुंची, लेकिन पहला वीकडे क्या कहानी बदल देगा?
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट ने ओपनिंग वीकेंड के बाद अब बॉक्स ऑफिस पर अपना पहला बड़ा वीकडे टेस्ट शुरू कर दिया है। फिल्म ने पहले सोमवार को भी बढ़िया प्रदर्शन किया। हालांकि, कमाई में बड़ी गिरावट आई, लेकिन यह वीकडे को देखते हुए संतोषजनक रही। फिल्म अब 40 करोड़ के आंकड़े से ज्यादा दूर नहीं है। ऐसे में असली नजर इस बात पर है कि वीकेंड की रफ्तार के बाद आने वाले दिनों में अपनी पकड़ कितनी मजबूत रख पाती है।
पहला मंडे टेस्ट: ‘द वन’ की रफ्तार पर लगी नजर
'द वन' के लिए पहला सोमवार इसलिए अहम है क्योंकि फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में अच्छी पकड़ दिखाई थी। सोमवार को भारत में फिल्म ने 5.25 करोड़ रुपए की नेट कमाई की। यह तीसरे दिन के कलेक्शन (14.35 करोड़ रुपए) की तुलना में 63.4 फीसदी कम है। 4 दिन बाद भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 38.85 करोड़ रुपए हो गया है, जबकि इसने ग्रॉस 46.35 करोड़ रुपए कमा लिए हैं।
वर्ल्डवाइड कितना हुआ 'द वन' का कलेक्शन
सोमवार को 'द वन' की कमाई विदेशों में भी बुरी तरह गिरी। फिल्म ने चौथे दिन यहां से सिर्फ 50 लाख रुपए का कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका टोटल ओवरसीज कलेक्शन ग्रॉस 4 करोड़ रुपए पहुंच गया है। भारत का ग्रॉस कलेक्शन 38.85 करोड़ रुपए इसने शामिल करने के बाद फिल्म का दुनियाभर में कलेक्शन लगभग 50.35 करोड़ रुपए हो गया है।
'द वन' में कौन-कौन कलाकार?
द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया लीड रोल में हैं। फिल्म की कास्ट में सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी, अनुप सोनी, मनीष पॉल, अवतार गिल, मिलिंद गुणाजी, सुलभा आर्या, दुर्गेश कुमार, सुंदिप वेद और अक्षान सेहरावत भी शामिल हैं। फिल्म का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने किया है। इसका निर्माण बालाजी मोशन पिक्चर्स, TVF मोशन पिक्चर्स और 11:11 प्रोडक्शंस ने किया है।
